'समझौता मत तोड़ना'... रूस-यूक्रेन को ट्रंप की चेतावनी! एनर्जी सीजफायर पर जेलेंस्की ने दिया चौंकाने वाला जवाब
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अचानक बड़ा ऐलान कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि दोनों देश ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं। लेकिन यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की प्रतिक्रिया ने इस समझौते पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इसी बीच रूस और अमेरिका के बीच डीजल सप्लाई को लेकर भी बड़ी खबर सामने आई है।

In Short
- ट्रंप ने रूस-यूक्रेन के बीच तत्काल एनर्जी सीजफायर का दावा किया।
- जेलेंस्की बोले- समझौते की जानकारी नहीं थी, रूस सहमत हुआ तो यूक्रेन भी तैयार।
- रूस से लाखों टन डीजल सप्लाई का भी ट्रंप ने ऐलान किया।
रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बड़ा ऐलान किया है। रविवार को उन्होंने दावा किया कि दोनों देश तत्काल प्रभाव से 'एनर्जी सीजफायर' यानी ऊर्जा ठिकानों पर हमले रोकने के लिए सहमत हो गए हैं। हालांकि, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उन्हें इस समझौते की पहले से जानकारी नहीं थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगर रूस हमले रोकता है, तो यूक्रेन भी ऐसा करेगा।
ट्रंप ने कहा- समझौता मत तोड़ना
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा कि रूस और यूक्रेन के बीच एनर्जी सीजफायर तुरंत लागू हो गया है और दोनों पक्ष सहमत हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, 'इसे मत तोड़ना।'
हालांकि, अमेरिकी न्यूज वेबसाइट Axios से जेलेंस्की ने कहा कि ट्रंप की घोषणा उनके लिए नई जानकारी थी। बाद में उन्होंने कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, फिनलैंड के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर स्टब और नाटो प्रमुख मार्क रुटे से बातचीत की। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन तनाव कम करने के प्रयासों का समर्थन करता है, लेकिन अमेरिका से समझौते की विस्तृत जानकारी मिलने का इंतजार है।
रूस की तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने को तैयार यूक्रेन
इससे पहले रविवार को जेलेंस्की ने कहा था कि अगर रूस यूक्रेन के ऊर्जा ठिकानों पर हमले बंद करता है, तो यूक्रेन भी रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोक देगा।
ट्रंप और जेलेंस्की के बीच हाल में तनाव भी बढ़ा था। शनिवार को ट्रंप ने यूक्रेन को रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोकने की चेतावनी दी थी। उन्होंने यूक्रेन में नया राष्ट्रपति चुनने की बात भी कही थी। वहीं, जेलेंस्की ने अमेरिका और रूस के डीजल समझौते को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए तोहफा बताया था।
रूस से अमेरिका को मिलेगी लाखों टन डीजल की सप्लाई
शनिवार को ट्रंप ने बताया था कि पुतिन से बातचीत के बाद रूस तत्काल 3 लाख टन से ज्यादा डीजल अमेरिकी और वैश्विक बाजार में उपलब्ध कराएगा। नवंबर में 5 लाख टन और उसके बाद 10 लाख टन अतिरिक्त डीजल की सप्लाई होगी।
ट्रंप के मुताबिक, रूस आगे चलकर 30 लाख टन और डीजल दे सकता है। उन्होंने दावा किया कि इससे दुनियाभर में डीजल की कीमतें तेजी से घटेंगी। हालांकि, एनर्जी सीजफायर की अंतिम शर्तों और रूस की आधिकारिक सहमति को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।

