Gold Silver Price Today: सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट! एक्सपर्ट ने बताया आगे कहां तक जा सकते हैं भाव
12 अक्टूबर को घरेलू बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में दोनों कीमती धातुओं के भाव बढ़े हैं। इस उतार-चढ़ाव के बीच एक्सपर्ट ने सोने और चांदी में आगे तेजी की संभावना जताई है। जानें आने वाले दिनों में कीमतें कहां तक पहुंच सकती हैं।

अगर आप सोने या चांदी में निवेश करने का प्लान कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। 12 अक्टूबर को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने-चांदी की कीमतों में अलग-अलग रुख देखने को मिल रही है। MCX पर दोनों मेटल का वायदा भाव गिरावट के साथ खुला, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इनकी कीमतें बढ़ीं हैं।
सुबह 9:30 बजे तक MCX पर गोल्ड फ्यूचर्स 0.40% गिरकर ₹1,50,889 प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था वहीं, सिल्वर फ्यूचर्स 0.09% की गिरावट के साथ ₹2,25,550 प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था। दूसरी ओर, अंतरराष्ट्रीय बाजार में गोल्ड फ्यूचर्स 0.27% बढ़कर 4,227 डॉलर प्रति औंस और सिल्वर फ्यूचर्स 0.41% चढ़कर 61 डॉलर प्रति औंस पर पहुंचा।
सोने-चांदी का आगे क्या रहेगा रुख?
Kedia Advisory के सीनियर रिसर्च हेड अमित गुप्ता ने सोने और चांदी के लिए कुछ अहम स्तर बताए हैं। उनके आउटलुक के मुताबिक, घरेलू बाजार में सोना ₹1,52,500 प्रति 10 ग्राम और चांदी ₹2,28,000 प्रति किलोग्राम तक पहुंच सकती है।
एक्सपर्ट अमित गुप्ता के आउटलुक के मुताबिक, “अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,190 डॉलर प्रति औंस के ऊपर बना रहता है, तो इसमें मजबूती जारी रह सकती है। सोने का अगला लक्ष्य 4,220 डॉलर है। घरेलू बाजार में MCX गोल्ड ₹1,52,500 प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। चांदी के लिए 60 डॉलर प्रति औंस अहम सपोर्ट है, जबकि 61.80 डॉलर अगला ऊपरी स्तर है। MCX सिल्वर ₹2,28,000 प्रति किलोग्राम की ओर बढ़ सकती है।”
कच्चे तेल की कीमतें, डॉलर की चाल, रुपये में बदलाव और दुनिया में बढ़ता तनाव सोने-चांदी के भाव पर असर डाल सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में निवेशकों की नजर इस बात पर रहेगी कि सोना और चांदी इन अहम स्तरों को पार कर पाते हैं या नहीं।

