scorecardresearch

Tata Steel की मेगा डील! APL Apollo में 52.6% तक हिस्सेदारी खरीदने की तैयारी, जानिए क्या है पूरा प्लान

टाटा स्टील ने अपने कारोबार को नई दिशा देने के लिए APL Apollo के साथ बड़ी डील की है। कंपनी ₹28,000 करोड़ में अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड कारोबार बेचेगी। इसके साथ ही APL Apollo में हिस्सेदारी खरीदने के लिए ₹32,266 करोड़ तक खर्च करने की योजना है। जानिए इस पूरी डील में किसे क्या मिलेगा और आगे क्या बदलेगा।

Advertisement
Tata Steel ने APL Apollo के साथ ₹28,000 करोड़ की बड़ी डील की है। (Image: tatasteel.com)
Tata Steel ने APL Apollo के साथ ₹28,000 करोड़ की बड़ी डील की है। (Image: tatasteel.com)

In Short

  • ₹28,000 करोड़ की डील: Tata Steel अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड कारोबार APL Apollo को बेचेगी।
  • 52.6% तक हिस्सेदारी: प्रमोटर्स से 26.6% शेयर खरीदने के साथ अतिरिक्त 26% हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर आएगा।
  • 2035 का मेगा प्लान: संयुक्त कारोबार की सालाना उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 1.55 करोड़ टन करने का लक्ष्य है।

देश की बड़ी स्टील कंपनियों में शामिल टाटा स्टील (Tata Steel) ने APL Apollo Tubes के साथ एक बड़ी कारोबारी डील का ऐलान किया है। इस समझौते के तहत टाटा स्टील अपना स्टील ट्यूब और कलर कोटेड स्टील का कारोबार APL Apollo को बेचेगी। इसके बदले कंपनी APL Apollo में बड़ी हिस्सेदारी खरीदेगी। दोनों कंपनियों का लक्ष्य मिलकर स्टील ट्यूब और कलर कोटेड प्रोडक्ट्स का बड़ा कारोबार तैयार करना है। साल 2035 तक इसकी उत्पादन क्षमता 1.55 करोड़ टन सालाना करने की योजना है।

advertisement

₹28,000 करोड़ में कारोबार बेचेगी Tata Steel

समझौते के मुताबिक, टाटा स्टील अपना स्टील ट्यूब कारोबार और पूरी तरह मालिकाना हक वाली कंपनी Tata Steel Colors Pvt. Ltd. को APL Apollo को बेचेगी। इस सौदे की कुल कीमत ₹28,000 करोड़ तय की गई है।

इसमें टाटा स्टील का 17 लाख टन सालाना क्षमता वाला स्टील ट्यूब कारोबार और 8 लाख टन क्षमता वाला कलर कोटेड स्टील कारोबार शामिल है।

APL Apollo शुरुआत में कर्ज और दूसरे वित्तीय साधनों की मदद से इस खरीदारी के लिए रकम जुटाएगी। बाद में कंपनी लंबी अवधि की पूंजी के जरिए कर्ज का बोझ कम करने की योजना बना रही है।

APL Apollo में कितनी हिस्सेदारी खरीदेगी Tata Steel?

टाटा स्टील APL Apollo के प्रमोटर्स की पूरी 26.6% हिस्सेदारी खरीदेगी। इसके लिए कंपनी ₹2,100 प्रति शेयर के हिसाब से ₹15,510 करोड़ खर्च करेगी।

इसके अलावा टाटा स्टील 26% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीदने के लिए ओपन ऑफर भी लाएगी। ओपन ऑफर की कीमत ₹2,301.40 प्रति शेयर रखी गई है और इसकी कुल वैल्यू ₹16,756 करोड़ होगी।

अगर ओपन ऑफर पूरी तरह सफल रहता है, तो टाटा स्टील की हिस्सेदारी बढ़कर 52.6% हो सकती है। हालांकि, पूरी डील के लिए नियामकीय मंजूरी जरूरी होगी। कंपनी को वित्त वर्ष 2027 के भीतर लेनदेन पूरा होने की उम्मीद है।

2035 तक 1.55 करोड़ टन उत्पादन का लक्ष्य

डील पूरी होने के बाद संयुक्त कारोबार की सालाना उत्पादन क्षमता 75 लाख टन होगी। कंपनी इसे धीरे-धीरे बढ़ाकर 2035 तक 1.55 करोड़ टन करना चाहती है।

इसमें करीब 90 लाख टन स्टील ट्यूब और 65 लाख टन कलर कोटेड प्रोडक्ट्स की क्षमता शामिल होगी।

इसके लिए SG Tech Engineering के साथ भी समझौता किया गया है। कंपनी अगले 24 महीनों में 10 लाख टन की शुरुआती क्षमता तैयार करने की योजना बना रही है।

कंपनी के CEO ने क्या कहा?

टाटा स्टील के CEO और MD टी. वी. नरेंद्रन ने कहा कि यह समझौता कंपनी के कारोबार को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे उत्पादन क्षमता का बेहतर इस्तेमाल होगा, लागत घटाने में मदद मिलेगी और ग्राहकों तक कंपनी की पहुंच बढ़ेगी।

advertisement

वहीं, CFO कौशिक चटर्जी के मुताबिक, इस साझेदारी से टाटा स्टील को ज्यादा मुनाफे वाले स्टील प्रोडक्ट्स के कारोबार में तेजी से विस्तार करने का मौका मिलेगा।