
एलन मस्क की तारीफ के साथ सुनील मित्तल का बयान! भारत में Starlink के लिए क्यों मुश्किल है राह
एलन मस्क की स्टारलिंक को लेकर सुनील भारती मित्तल ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने मस्क की टेक्नोलॉजी की तारीफ तो की, लेकिन भारत में सैटेलाइट इंटरनेट के भविष्य पर कई सवाल भी उठाए. आखिर भारत में स्टारलिंक के लिए मुकाबला इतना मुश्किल क्यों हो सकता है? जानिए पूरी कहानी.

In Short
- सुनील भारती मित्तल ने एलन मस्क की तारीफ की, लेकिन सैटेलाइट इंटरनेट की सीमाएं भी बताईं.
- भारत में प्रति यूजर औसत कमाई सिर्फ 3 डॉलर, जबकि अमेरिका और यूरोप जैसे बाजारों में 50-60 डॉलर.
- मित्तल का दावा, सैटेलाइट इंटरनेट के लाइसेंस की कतार में एलन मस्क से पांच साल पहले से इंतजार कर रहे हैं.
भारत में सैटेलाइट इंटरनेट को लेकर बड़ी कंपनियों के बीच मुकाबले की चर्चा तेज है. एलन मस्क की स्टारलिंक भी इस बाजार में उतरने की तैयारी कर रही है. इसी बीच भारती ग्रुप के फाउंडर सुनील भारती मित्तल ने मस्क की टेक्नोलॉजी की तारीफ करते हुए कुछ बड़ी चुनौतियां गिनाई हैं. आइए समझते हैं कि मित्तल ने ऐसा क्यों कहा.
एलन मस्क की तारीफ में क्या बोले मित्तल?
इकोनॉमिक टाइम्स को दिए इंटरव्यू में सुनील भारती मित्तल ने कहा कि एलन मस्क सैटेलाइट कनेक्टिविटी की सीमाओं को लगातार आगे बढ़ा रहे हैं. आज जितनी इंटरनेट कैपेसिटी तैयार हो रही है, पहले उसकी कल्पना भी मुश्किल थी. इसके लिए मस्क को क्रेडिट मिलना चाहिए.
हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि सैटेलाइट इंटरनेट जमीन पर मौजूद मोबाइल और फाइबर नेटवर्क की जगह नहीं ले सकता. यह सिर्फ उनकी मदद करने वाली सर्विस बन सकता है.
फाइबर और मोबाइल नेटवर्क से मुकाबला क्यों मुश्किल?
मित्तल के मुताबिक, सैटेलाइट इंटरनेट पर एक GB डेटा देने की लागत कभी इतनी कम नहीं होगी कि वह फाइबर या जमीन पर लगे मोबाइल टावरों से मुकाबला कर सके.

उन्होंने कहा कि एलन मस्क भी अपनी एडवांस टेक्नोलॉजी के बावजूद लोकल स्पेक्ट्रम इस्तेमाल कर रहे हैं और जमीन पर नेटवर्क तैयार कर रहे हैं. यानी सैटेलाइट और मोबाइल नेटवर्क को मिलाकर ही बेहतर कनेक्टिविटी दी जा सकती है.
अमेरिका में मौका, लेकिन भारत में चुनौती क्यों?
मित्तल ने बताया कि अमेरिका, यूरोप और जापान जैसे बाजारों में सैटेलाइट इंटरनेट के लिए अच्छे मौके हैं. वहां ARPU यानी हर यूजर से होने वाली औसत कमाई 50 से 60 डॉलर है.ऐसे में किसी घर या मोबाइल ग्राहक को 50 डॉलर में कनेक्टिविटी देना आर्थिक रूप से संभव हो सकता है.
लेकिन भारत में ARPU करीब 3 डॉलर है. मित्तल ने सवाल उठाया कि जब सैटेलाइट इंटरनेट को ज्यादा कमाई वाले ग्राहकों की जरूरत है, तो कोई कंपनी इतने सस्ते बाजार में मुकाबला क्यों करना चाहेगी?
भारत में पहले से मजबूत नेटवर्क
मित्तल के मुताबिक, भारत की एक बड़ी खासियत यह है कि जहां आबादी रहती है, वहां मोबाइल नेटवर्क की पहुंच है. अमेरिका के मुकाबले भारत में आबादी वाले इलाकों में नेटवर्क कवरेज की समस्या काफी कम है.
उन्होंने कहा कि सिर्फ 3 डॉलर के ARPU पर पूरे देश को कवर करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है. उनका मानना है कि सैटेलाइट कंपनियां भारत में लोकल टेलीकॉम ऑपरेटर्स के साथ मिलकर काम कर सकती हैं.
लाइसेंस को लेकर मस्क से आगे होने का दावा
मित्तल ने पहले कहा था कि सैटेलाइट इंटरनेट के लाइसेंस मिलने में देरी सिर्फ एलन मस्क की कंपनी को नहीं हो रही है.
उनके मुताबिक, उन्होंने पांच साल पहले आवेदन किया था. उनका ग्राउंड नेटवर्क तीन साल से तैयार है और सैटेलाइट पांच साल से भारत के ऊपर मौजूद हैं. इसके बावजूद मंजूरी नहीं मिली है.
मित्तल ने कहा था कि वह मंजूरी की कतार में मस्क से काफी आगे हैं और उन्हें खुशी होगी अगर उनकी कंपनी को मस्क से कुछ दिन पहले ही अनुमति मिल जाए.

