इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बढ़ती बिक्री भी नहीं घटा पाएगी तेल की मांग! रिपोर्ट में खुलासा
भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, लेकिन पेट्रोल-डीजल की डिमांड घटने के बजाय बढ़ने वाली है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट में तेल की खपत को लेकर बड़ा अनुमान सामने आया है। आखिर EV बूम के बावजूद ऐसा क्यों होगा और कब बदलेगी तस्वीर? जानिए पूरी रिपोर्ट।

In Short
- भारत में पेट्रोल-डीजल की डिमांड 2034 तक बढ़ने का अनुमान, रोजाना 25 लाख बैरल से ज्यादा हो सकती है खपत।
- EV की बिक्री 24 लाख के पार पहुंचने के बावजूद 2030 के इलेक्ट्रिफिकेशन टारगेट से पीछे भारत।
- EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए 2040 तक करीब 29 अरब डॉलर के निवेश की जरूरत।
भारत में इलेक्ट्रिक गाड़ियों यानी EV की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, लेकिन इसके बावजूद पेट्रोल और डीजल की जरूरत जल्द कम होने वाली नहीं है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले कई सालों तक देश में तेल की खपत बढ़ती रहेगी। आखिर EV की बढ़ती डिमांड के बावजूद ऐसा क्यों होगा, पेट्रोल-डीजल की खपत कब घटनी शुरू होगी और इसके पीछे क्या वजह है? आइए समझते हैं।
2034 तक बढ़ती रहेगी पेट्रोल-डीजल की डिमांड
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में सड़क परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल और डीजल की डिमांड 2034 तक बढ़ती रहेगी। ब्लूमबर्गNEF की India Electric Vehicle Outlook 2026 रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि अगले आठ साल में रोड ट्रांसपोर्ट के लिए फ्यूल की खपत अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच जाएगी।
इस दौरान भारत में रोजाना 25 लाख बैरल से ज्यादा फ्यूल की खपत होने का अनुमान है। हालांकि, इसके बाद पेट्रोल-डीजल की डिमांड धीरे-धीरे कम होने लगेगी।
EV बढ़ने के बावजूद क्यों नहीं घट रही तेल की खपत?
भारत में हर साल सड़कों पर गाड़ियों की संख्या बढ़ रही है। खासकर ट्रक और दूसरे कमर्शियल व्हीकल्स में पेट्रोल-डीजल का इस्तेमाल ज्यादा होता है।
माल ढुलाई और दूसरे कारोबारी कामों में इन गाड़ियों का इस्तेमाल बढ़ने से फ्यूल की डिमांड बनी रहेगी। यही वजह है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री बढ़ने के बावजूद फिलहाल तेल की खपत कम होने की उम्मीद नहीं है।
कब से कम होने लगेगी पेट्रोल-डीजल की जरूरत?
रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले सालों में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स, थ्री-व्हीलर्स और पैसेंजर कारों की संख्या तेजी से बढ़ेगी।एक समय ऐसा आएगा जब इन इलेक्ट्रिक गाड़ियों की वजह से पेट्रोल-डीजल की बचत, कमर्शियल गाड़ियों में बढ़ती फ्यूल खपत से ज्यादा हो जाएगी। इसके बाद देश में सड़क परिवहन के लिए तेल की कुल डिमांड घटने लगेगी।
EV की बिक्री 24 लाख पार, फिर भी टारगेट दूर
भारत में पिछले साल 24 लाख से ज्यादा इलेक्ट्रिक गाड़ियां बिकी थीं। हालांकि, इतनी बिक्री के बावजूद देश अपने 2030 के EV टारगेट से पीछे चल रहा है।ब्लूमबर्गNEF के अनुमान के मुताबिक, थ्री-व्हीलर्स को छोड़कर कोई भी दूसरा व्हीकल सेगमेंट 2030 तक इलेक्ट्रिफिकेशन टारगेट हासिल करने की राह पर नहीं है।
चार्जिंग स्टेशन पर खर्च होंगे 29 अरब डॉलर
इलेक्ट्रिक गाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए देश में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार करना होगा।
ब्लूमबर्गNEF के मुताबिक, भारत में 2040 तक EV चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए करीब 29 अरब डॉलर के निवेश की जरूरत होगी। इससे साफ है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री बढ़ाने के साथ चार्जिंग सुविधाओं को बेहतर बनाना भी जरूरी है।
दुनिया में तेल की डिमांड पर क्या होगा असर?
इस साल की Global Carbon Budget रिपोर्ट के मुताबिक, दुनिया में कार्बन एमिशन यानी उत्सर्जन अब एक दशक पहले के मुकाबले काफी धीमी रफ्तार से बढ़ रहा है, लेकिन अभी अपने सबसे ऊंचे स्तर पर नहीं पहुंचा है।
दुनिया के सालाना कार्बन एमिशन में चीन की हिस्सेदारी करीब एक-तिहाई है और इस साल वहां उत्सर्जन घटने की संभावना है।
दूसरी तरफ भारत में तेल की खपत अगले आठ साल तक बढ़ने का अनुमान है। ऐसे में भारत की बढ़ती जरूरत दुनिया में तेल की डिमांड को लंबे समय तक बनाए रखने में अहम भूमिका निभा सकती है।
