scorecardresearch

कैब जल्दी दिलाने के नाम पर ग्राहकों से वसूल रहा था एक्स्ट्रा पैसा! Ola पर लगा ₹10 लाख का जुर्माना

कैब बुक करते समय आपने भी कभी जल्दी राइड मिलने के लिए अतिरिक्त पैसे देने का विकल्प देखा है? Ola के इसी फीचर पर अब उपभोक्ता नियामक ने सख्त रुख अपनाया है। कंपनी की इस व्यवस्था को लेकर क्या गड़बड़ी मिली और इसका असर दूसरी कैब कंपनियों पर कैसे पड़ सकता है, जानिए पूरी खबर।

Advertisement

In Short

  • CCPA ने Ola पर ग्राहकों से राइड शुरू होने से पहले अतिरिक्त पैसे मांगने के मामले में ₹10 लाख का जुर्माना लगाया
  • Ola ने 'टिप' फीचर का नाम बदलकर 'ऐड-ऑन' किया, लेकिन प्राधिकरण को इसकी कार्यप्रणाली में बदलाव नहीं मिला
  • Rapido पर भी ₹10 लाख की पेनल्टी लगाई गई, जबकि Uber और Namma Yatri के खिलाफ जांच जारी है

ऑनलाइन कैब बुक करने वाले ग्राहकों से राइड शुरू होने से पहले ही एक्स्ट्रा पैसे मांगना Ola को भारी पड़ गया है. केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण (CCPA) ने कैब सर्विस देने वाली कंपनी Ola पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. कंपनी पर आरोप है कि वह ग्राहकों को जल्दी कैब मिलने का संकेत देकर उनसे अतिरिक्त भुगतान करने के लिए कह रही थी. CCPA ने इस तरीके को ग्राहकों को गुमराह करने वाला माना है.

advertisement

Ola पर क्यों लगा ₹10 लाख का जुर्माना?

न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, CCPA ने Ola का संचालन करने वाली कंपनी ANI Technologies Pvt Ltd पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई है. मामला कंपनी के ऐप पर मौजूद 'टिप' और 'ऐड-ऑन' फीचर से जुड़ा है.

दरअसल, जब कोई ग्राहक Ola ऐप पर कैब बुक करता था और ऐप ड्राइवर की तलाश कर रहा होता था, तब उसे एक्स्ट्रा पैसे देने का विकल्प दिखाया जाता था. इस फीचर से ग्राहकों को ऐसा संकेत मिलता था कि अतिरिक्त पैसे देने पर उन्हें जल्दी कैब मिल सकती है.

CCPA ने इसे ग्राहकों को गुमराह करने वाला तरीका माना है. प्राधिकरण के मुताबिक, इस तरह की प्रैक्टिस निष्पक्ष व्यापार नियमों के खिलाफ है.

नाम बदला, लेकिन तरीका वही रहा

जांच के दौरान सामने आया कि Ola ने पहले इस फीचर को 'टिप' नाम दिया था. बाद में कंपनी ने इसका नाम बदलकर 'ऐड-ऑन' कर दिया.

हालांकि, CCPA के मुताबिक, सिर्फ नाम बदलने से ग्राहकों से अतिरिक्त पैसे मांगने का तरीका नहीं बदला. प्राधिकरण ने पाया कि फीचर पहले की तरह ही काम कर रहा था.

इसके बाद CCPA की चीफ कमिश्नर निधि खरे और कमिश्नर अनुपम मिश्रा ने कंपनी के खिलाफ आदेश जारी किया. प्राधिकरण ने Ola को इस प्रैक्टिस को तुरंत बंद करने का निर्देश दिया है.

प्रतीकात्मक तस्वीर

क्या होता है डार्क पैटर्न?

CCPA ने Ola के इस फीचर को 'डार्क पैटर्न' की कैटेगरी में रखा है. डार्क पैटर्न का मतलब ऐप या वेबसाइट पर ऐसे डिजाइन या विकल्पों से है, जिनके जरिए ग्राहकों को ऐसे फैसले लेने के लिए प्रेरित किया जाता है, जो वे सामान्य तौर पर नहीं लेना चाहते.

उदाहरण के लिए, किसी सर्विस में छिपे हुए चार्ज जोड़ना या सब्सक्रिप्शन कैंसिल करने की प्रक्रिया मुश्किल बनाना भी डार्क पैटर्न के उदाहरण हैं.

Rapido पर भी जुर्माना, Uber की जांच जारी

CCPA की कार्रवाई सिर्फ Ola तक सीमित नहीं है. प्राधिकरण ने इसी तरह की प्रैक्टिस को लेकर दूसरे कैब एग्रीगेटर प्लेटफॉर्म के खिलाफ भी स्वतः संज्ञान लिया है.

advertisement

इससे पहले CCPA ने Rapido का संचालन करने वाली Roppen Transportation Services Pvt Ltd पर भी 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था.

वहीं, Uber और Namma Yatri के खिलाफ इसी मामले में जांच अभी जारी है.