scorecardresearch

Weather Update: बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम! 15 नवंबर तक डिप्रेशन का खतरा

Weather Update: देश के कई राज्यों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम आने वाले दिनों में और ताकतवर हो सकता है. IMD ने भारी बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक को लेकर चेतावनी दी है. जानिए किन राज्यों में मौसम बिगड़ने वाला है.

Advertisement

In Short

  • बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया, 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदलने की संभावना.
  • अंडमान-निकोबार में 13 से 16 नवंबर तक भारी बारिश और 50 KM प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं का अलर्ट.
  • जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बारिश का अनुमान, तेज हवाओं की रफ्तार 60 KM प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

देश के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम बदलने वाला है. कहीं भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा है, तो कहीं गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 13 से 19 नवंबर के बीच अलग-अलग राज्यों के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है. आइए जानते हैं कि बंगाल की खाड़ी से लेकर पहाड़ी राज्यों और पूर्वोत्तर भारत तक मौसम का क्या हाल रहने वाला है.

advertisement

बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया

IMD के मुताबिक, 13 नवंबर 2026 को सुबह 5:30 बजे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में लो प्रेशर एरिया बन गया है. यह सिस्टम मध्य अंडमान सागर के ऊपर बने अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से तैयार हुआ है. इसका प्रभाव वायुमंडल के मिडिल ट्रोपोस्फेरिक लेवल तक है. यह उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ेगा और 14 नवंबर तक वेल मार्क्ड लो प्रेशर एरिया, जबकि 15 नवंबर तक डिप्रेशन में बदल सकता है.

अंडमान-निकोबार में भारी बारिश का अलर्ट

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 13 से 19 नवंबर तक कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है. 13 से 16 नवंबर के बीच कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान बिजली चमकने और गरज के साथ 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. हवा के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में बदलेगा मौसम

कश्मीर के ऊपर सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दौर जारी रह सकता है. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में 13 नवंबर को कई जगह बारिश होगी. 14 और 15 नवंबर को कुछ इलाकों में बारिश संभव है. 13 और 14 नवंबर को गरज-चमक के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

प्रतीकात्मक तस्वीर

हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब और राजस्थान का हाल

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 13 से 15 नवंबर तक कुछ जगह बारिश होने का अनुमान है. हिमाचल में 13 और 14 नवंबर को बिजली चमकने और गरज के साथ बारिश हो सकती है. पंजाब में 13 नवंबर को कुछ जगह बारिश संभव है. पश्चिमी राजस्थान में 14 और 15 नवंबर को बारिश हो सकती है. यहां 14 नवंबर को हवाओं की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.

पूर्वोत्तर राज्यों में कब होगी बारिश?

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 15 से 17 नवंबर तक कुछ इलाकों में बारिश का अनुमान है. वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 16 से 19 नवंबर तक बारिश हो सकती है. सिक्किम और आसपास के इलाकों में भी अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है.

advertisement

दक्षिण और पश्चिम भारत में कैसा रहेगा मौसम?

IMD के मुताबिक, इस सप्ताह पश्चिम, मध्य और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मौसम में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है. हालांकि, दक्षिण-पूर्व अरब सागर और दक्षिण लक्षद्वीप के आसपास तथा मन्नार की खाड़ी में अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन मौजूद है.

पिछले 24 घंटे में कहां कितनी बारिश हुई?

13 नवंबर सुबह 5:30 बजे तक पिछले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और अंडमान-निकोबार के ज्यादातर इलाकों में बारिश दर्ज हुई. असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, केरल-माहे, तटीय आंध्र प्रदेश-यानम और तमिलनाडु, पुडुचेरी-कराईकल के कई इलाकों में भी बारिश हुई. कुपवाड़ा में 3 सेंटीमीटर, जबकि पहलगाम, श्रीनगर और पोर्ट ब्लेयर में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई.

IMD ने किन खतरों से किया सावधान?

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि भारी बारिश और तेज हवाओं से छोटे पेड़ उखड़ सकते हैं और बागवानी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है. कमजोर इमारतों और कच्चे घरों को आंशिक नुकसान, सड़क और रेल यातायात में परेशानी, निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड और विजिबिलिटी कम होने का खतरा भी बना रह सकता है.

advertisement