
LIC की इन 3 योजनाओं से तैयार हो सकता है ₹30 लाख का फंड! बच्चों के भविष्य के लिए ऐसे करें प्लानिंग
बच्चों की पढ़ाई और भविष्य की बड़ी जरूरतों के लिए लाखों रुपये का फंड तैयार करना चाहते हैं? LIC की तीन खास योजनाएं आपकी प्लानिंग में मदद कर सकती हैं। इनमें निवेश और पैसा मिलने के नियम अलग हैं। जानिए किस योजना में कितना पैसा जमा करना होगा और कब मिलेगा फायदा।

In Short
- LIC अमृतबाल योजना में हर 1,000 रुपये के बेसिक सम अश्योर्ड पर सालाना 80 रुपये का गारंटीड एडिशन मिलता है।
- LIC जीवन तरुण योजना में बच्चे की 20 से 24 साल की उम्र के बीच हर साल रकम लेने का विकल्प मिलता है।
- LIC न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक प्लान में 18, 20 और 22 साल की उम्र पर 20-20% रकम मिलती है।
हर माता-पिता चाहते हैं कि उनके बच्चों का भविष्य आर्थिक रूप से सुरक्षित रहे। खासकर पढ़ाई और दूसरी बड़ी जरूरतों के लिए उनके पास पर्याप्त पैसा हो। अगर आपका बच्चा अभी छोटा है और आप चाहते हैं कि 18 से 25 साल की उम्र तक उसके लिए 30 से 40 लाख रुपये का फंड तैयार हो जाए, तो समय रहते बचत शुरू करना जरूरी है। LIC की तीन योजनाएं अमृतबाल, जीवन तरुण और न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक प्लान इस लक्ष्य को पूरा करने में मदद कर सकती हैं। आइए जानते हैं कि इन योजनाओं में क्या खास है और पैसा कब मिलता है।
LIC अमृतबाल: हर साल मिलेगा गारंटीड एडिशन
LIC का अमृतबाल प्लान उन माता-पिता के लिए एक विकल्प है, जो बच्चों के भविष्य के लिए लंबे समय तक बचत करना चाहते हैं। इस योजना में हर 1,000 रुपये के बेसिक सम अश्योर्ड पर पॉलिसी के हर पूरे साल के लिए 80 रुपये का गारंटीड एडिशन मिलता है।
इस योजना में 30 दिन से लेकर 13 साल तक के बच्चे के लिए पॉलिसी ली जा सकती है। इसकी मैच्योरिटी बच्चे की उम्र 18 से 25 साल के बीच रखी जा सकती है।
दिए गए उदाहरण के मुताबिक, अगर हर महीने 15,000 रुपये की बचत की जाए, तो मैच्योरिटी पर करीब 23 लाख रुपये मिल सकते हैं। वहीं, हर महीने 20,000 रुपये की बचत करने पर यह रकम करीब 30 लाख रुपये हो सकती है।
LIC जीवन तरुण: पढ़ाई के खर्चों के लिए मिलेगी रकम
LIC की जीवन तरुण योजना उन परिवारों के लिए है, जो बच्चों की पढ़ाई और दूसरी जरूरतों के लिए समय-समय पर पैसा चाहते हैं।
इस योजना में बच्चे की उम्र 20 से 24 साल के बीच होने पर हर साल कुछ रकम लेने का विकल्प मिलता है। माता-पिता अपनी जरूरत के हिसाब से चार भुगतान विकल्पों में से चुनाव कर सकते हैं।
अगर आप इस योजना में हर महीने 5,000 रुपये जमा करते हैं, तो सालाना निवेश 60,000 रुपये होगा। इस हिसाब से 18 साल तक कुल 10.80 लाख रुपये जमा होंगे।

LIC न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक: तीन बार मिलेगा 20-20% पैसा
LIC का न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक प्लान उन माता-पिता के लिए है, जो बच्चों को अलग-अलग उम्र में आर्थिक मदद देना चाहते हैं।
इस योजना में बच्चे के 18 साल का होने पर बेसिक सम अश्योर्ड का 20% मिलता है। इसके बाद 20 और 22 साल की उम्र में भी 20-20% रकम दी जाती है।
इस तरह कुल 60% रकम तीन किस्तों में मिल जाती है। बची हुई 40% रकम बच्चे के 25 साल का होने पर मिलती है। इस पॉलिसी में बोनस का प्रावधान भी है।
कौन सी योजना आपके लिए सही?
तीनों योजनाओं में पैसा मिलने का तरीका अलग है। अमृतबाल में गारंटीड एडिशन का फायदा मिलता है, जीवन तरुण में 20 से 24 साल की उम्र के बीच भुगतान का विकल्प है, जबकि न्यू चिल्ड्रन्स मनी बैक में अलग-अलग उम्र पर रकम मिलती है। ऐसे में माता-पिता बच्चों की भविष्य की जरूरतों के हिसाब से योजना चुन सकते हैं।

