
Google Gemini 4 Hydrogen लॉन्च! पहले से 2.5 गुना तेज AI, अब चुटकियों में होंगे मुश्किल काम
गूगल ने अपना नया AI मॉडल Gemini 4 Hydrogen पेश कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा तेजी से काम कर सकता है। लेकिन इसकी असली खासियत क्या है और फ्री यूजर्स इसका फायदा कैसे उठा सकेंगे? जानिए इसकी पूरी डिटेल।

In Short
- गूगल ने लॉन्च किया Gemini 4 Hydrogen, पुराने मॉडल से 2.5 गुना तेज होने का दावा।
- कोडिंग, रिसर्च, डेटा एनालिसिस और PDF समेत कई तरह की फाइलों पर कर सकेगा काम।
- Gemini ऐप और Google Search पर मिलेगा एक्सेस, फ्री और पेड यूजर्स के लिए अलग व्यवस्था।
गूगल ने अपने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI मॉडल की रेंज में नया Gemini 4 Hydrogen लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह नया मॉडल पहले के मुकाबले ज्यादा तेजी से काम कर सकता है। इसकी मदद से कोडिंग, रिसर्च और डेटा एनालिसिस जैसे कई मुश्किल काम आसानी से पूरे किए जा सकेंगे। खास बात यह है कि गूगल इसे Gemini ऐप और Google Search पर भी उपलब्ध करा रहा है। ऐसे में सवाल है कि नया AI मॉडल कितना तेज है और क्या फ्री यूजर्स भी इसका इस्तेमाल कर पाएंगे?
क्या है Gemini 4 Hydrogen और कैसे करेगा काम?
गूगल ने Gemini 4 Hydrogen को खास तौर पर रोजमर्रा के काम तेजी से पूरे करने के लिए तैयार किया है। यह मॉडल यूजर्स के निर्देशों को समझकर अलग-अलग टूल्स की मदद से कई स्टेप वाले काम कर सकता है।
कंपनी के Gemini 4 लाइनअप में Carbon और Argon मॉडल भी शामिल हैं, जिन्हें गहरी रिसर्च और लंबे टास्क के लिए तैयार किया गया है। वहीं Hydrogen का मुख्य फोकस कम समय में काम पूरा करना है।
पुराने मॉडल से कितना तेज है Gemini 4 Hydrogen?
गूगल के मुताबिक, Gemini 4 Hydrogen डिफॉल्ट हाई-थिंकिंग सेटिंग पर Gemini 3.8 Flash के मुकाबले 2.5 गुना तेज है।
Terminal-Bench 4.1 टेस्ट में नए मॉडल ने 57% स्कोर हासिल किया, जबकि Gemini 3.8 Flash का स्कोर 18.2% रहा। यह टेस्ट AI मॉडल की टर्मिनल से जुड़े काम पूरे करने की क्षमता को जांचता है।
इसमें Low, Medium, High और Extra High जैसे चार थिंकिंग लेवल दिए गए हैं। इनमें High डिफॉल्ट सेटिंग है।

कोडिंग से लेकर वीडियो तक, क्या-क्या कर सकेगा नया AI?
Gemini 4 Hydrogen की मदद से यूजर्स कोडिंग, डिबगिंग, रिसर्च और डेटा एनालिसिस जैसे काम कर सकेंगे। यह PDF, स्प्रेडशीट, चार्ट, ऑडियो और रिकॉर्डेड वीडियो जैसी अलग-अलग फाइलों पर भी काम कर सकता है।
गूगल ने अपने Antigravity प्लेटफॉर्म में मल्टी-मॉडल वर्कफ्लो भी पेश किया है। इसका Orchestrator जरूरत के हिसाब से Carbon और Hydrogen जैसे मॉडल चुन सकता है। कंपनी के टेस्ट में इस सिस्टम ने 24% कम कोटा इस्तेमाल किया और औसतन 19% तेजी से काम पूरा किया।
फ्री यूजर्स को कैसे मिलेगा Gemini 4 Hydrogen का एक्सेस?
गूगल Gemini 4 Hydrogen को दुनियाभर में Gemini ऐप और Google Search पर उपलब्ध करा रहा है। फ्री यूजर्स को यह ऑटोमैटिक मॉडल सिलेक्शन के जरिए मिलेगा। यानी गूगल जरूरत के हिसाब से इस मॉडल का इस्तेमाल करेगा। वहीं पेड यूजर्स मॉडल सिलेक्टर से इसे खुद चुन सकेंगे।
डेवलपर्स Google AI Studio और Gemini API के जरिए इसका इस्तेमाल कर सकते हैं। API की कीमत प्रति 10 लाख इनपुट टोकन 1.50 डॉलर और आउटपुट टोकन 7.50 डॉलर रखी गई है। यह कीमत मॉडल की 10 लाख टोकन की कॉन्टेक्स्ट विंडो में समान रहेगी।
इसके अलावा योग्य Google AI Pro और Ultra सब्सक्राइबर्स को Antigravity में भी इसका एक्सेस मिलेगा। कंपनी का कहना है कि नए मॉडल में गलत या अनचाहे एक्शन रोकने के लिए सुरक्षा उपाय भी बेहतर किए गए हैं।

