SIP, शेयर बाजार से लेकर पर्सनल फाइनेंस तक! इन्वेस्टर लर्निंग सेंटर में बिहार के निवेशकों को मिलेगा निवेश का ज्ञान
पटना में नया इन्वेस्टर लर्निंग सेंटर शुरू किया गया है, जहां लोगों को आसान भाषा में निवेश, SIP, म्यूचुअल फंड, बजट, रिटायरमेंट प्लानिंग और पर्सनल फाइनेंस की जानकारी दी जाएगी। इस पहल का उद्देश्य वित्तीय साक्षरता बढ़ाना और लोगों को सही निवेश निर्णय लेने के लिए जागरूक बनाना है।

आज के समय में सिर्फ कमाई करना ही काफी नहीं है, बल्कि उस पैसे को सही जगह निवेश करना भी उतना ही जरूरी हो गया है। शेयर बाजार, म्यूचुअल फंड और दूसरे निवेश विकल्प तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग अब भी निवेश से जुड़ी बुनियादी जानकारी से दूर हैं।
गलत फैसलों और निवेश से जुड़े धोखाधड़ी के मामलों को देखते हुए वित्तीय साक्षरता की जरूरत पहले से कहीं ज्यादा बढ़ गई है। इसी दिशा में बिहार की राजधानी पटना में एक नए इन्वेस्टर लर्निंग सेंटर की शुरुआत की गई है, जहां लोगों को आसान भाषा में निवेश और पर्सनल फाइनेंस की समझ दी जाएगी।
AMFI से जुड़ी कंपनी ने शुरू की पहल
इस सेंटर की शुरुआत AMFI में रजिस्टर्ड म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी SIDA Services ने की है। इसका उद्घाटन आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल म्यूचुअल फंड के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ निमेश शाह ने किया। इसके साथ ही कंपनी ने अपनी वित्तीय साक्षरता पहल 'पैसा की पाठशाला' का पायलट भी शुरू किया है। इसका उद्देश्य लोगों को निवेश, बचत और वित्तीय योजना से जुड़े विषय सरल और व्यवहारिक तरीके से समझाना है।
बातचीत के जरिए होगी निवेश की पढ़ाई
इस सेंटर में पारंपरिक क्लासरूम की बजाय बातचीत पर आधारित सत्र आयोजित किए जाएंगे। हर बैच में 15 से 20 लोग शामिल होंगे और प्रत्येक सत्र 45 से 75 मिनट का होगा। सत्र के अंत में सवाल-जवाब का दौर भी रखा जाएगा, ताकि प्रतिभागी अपनी शंकाओं का समाधान सीधे विशेषज्ञों से कर सकें।
इन विषयों पर मिलेगी जानकारी
लर्निंग सेंटर में महंगाई, एसआईपी, व्यवस्थित निवेश, बजट बनाना, कर्ज लेने में अनुशासन, रिटायरमेंट प्लानिंग, परिवार की वित्तीय योजना, वसीयत और संपत्ति की योजना जैसे विषयों पर जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम को उम्र के बजाय जीवन के अलग-अलग पड़ाव के हिसाब से तैयार किया गया है। युवाओं, नौकरीपेशा लोगों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए उनकी जरूरत के अनुसार अलग-अलग सेशन होंगे।
SIDA Services के फाउंडर संजीव दयाल ने कहा कि निवेशक शिक्षा लोगों तक वहीं पहुंचनी चाहिए, जहां वे अपने वित्तीय फैसले लेते हैं। उनका कहना है कि इस पहल का उद्देश्य ऐसा माहौल बनाना है, जहां लोग बिना किसी झिझक के सवाल पूछ सकें और सही जानकारी के आधार पर अपने भविष्य की बेहतर वित्तीय योजना बना सकें।

