
बंगाल में अमेरिका जैसी सड़कें बनाने की तैयारी, गडकरी ने बताया अगले 5 साल का प्लान
पश्चिम बंगाल में सड़क से सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने राज्य में नए हाईवे, रिंग रोड और पुल बनाने को लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं। इन प्रोजेक्ट्स से किन शहरों को फायदा होगा और कितना कम होगा सफर का समय? जानिए पूरा प्लान।

In Short
- कोलकाता में ₹14,000 करोड़ की लागत से बनेगी 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड।
- सिलीगुड़ी-गुवाहाटी और सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग कॉरिडोर बनाने का ऐलान।
- वाराणसी से कोलकाता के बीच सफर का समय घटकर करीब पांच घंटे रह जाएगा।
पश्चिम बंगाल में आने वाले वर्षों में सड़क से सफर करना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है। केंद्र सरकार राज्य में नए हाईवे, एक्सप्रेसवे और पुल बनाने की तैयारी कर रही है। इससे न सिर्फ लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी, बल्कि कारोबार और रोजगार के अवसर भी बढ़ने की उम्मीद है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने इसे लेकर कई बड़े ऐलान किए हैं।
₹1 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट्स का ऐलान
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, नितिन गडकरी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के कोलाघाट में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कार्यक्रम में ₹1 लाख करोड़ के सड़क प्रोजेक्ट्स का ऐलान किया। उन्होंने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को भरोसा दिलाया कि राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के लिए पैसे की कमी नहीं होने दी जाएगी।
पांच साल में अमेरिका जैसी सड़कों का दावा
गडकरी ने बताया कि पश्चिम बंगाल में करीब ₹40,000 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पूरे हो चुके हैं, जबकि लगभग 450 किलोमीटर लंबी सड़कों से जुड़े ₹35,000 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि अगले पांच साल में बंगाल का रोड इंफ्रास्ट्रक्चर अमेरिका के स्तर का हो सकता है।

कोलकाता में बनेगी 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड
कोलकाता में ट्रैफिक जाम की समस्या कम करने के लिए ₹14,000 करोड़ की अनुमानित लागत से 250 किलोमीटर लंबी रिंग रोड बनाने का ऐलान किया गया है। इससे आसपास के शहरों से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। गडकरी ने अधिकारियों को कोलकाता के इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) तैयार करने को भी कहा है।
कोलकाता में नए पुल बनाने की तैयारी
गडकरी ने दिल्ली और मुंबई का उदाहरण देते हुए कोलकाता में भी अतिरिक्त पुल बनाने की इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि बेहतर रोड प्लानिंग से ट्रैफिक जाम के साथ प्रदूषण की समस्या को भी कम करने में मदद मिलेगी।
सिलीगुड़ी से गुवाहाटी तक बनेगा नया कॉरिडोर
गडकरी ने ₹26,000 करोड़ की अनुमानित लागत वाले चार लेन के सिलीगुड़ी-गुवाहाटी कॉरिडोर और ₹6,000 करोड़ के सिलीगुड़ी-दार्जिलिंग कॉरिडोर का भी ऐलान किया। इसके अलावा प्रमुख धार्मिक स्थल गंगासागर तक सड़क कनेक्टिविटी बेहतर बनाने का वादा किया।
सिर्फ पांच घंटे में वाराणसी से कोलकाता का सफर
वाराणसी-कोलकाता हाईवे की डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार हो चुकी है और इसे केंद्रीय कैबिनेट के पास भेज दिया गया है। हाईवे शुरू होने के बाद दोनों शहरों के बीच सफर का समय घटकर करीब पांच घंटे रह जाने की उम्मीद है।
बढ़ेंगे निवेश और रोजगार के अवसर
गडकरी ने कहा कि पानी, बिजली, परिवहन और संचार इंफ्रास्ट्रक्चर के चार प्रमुख आधार हैं। इनके मजबूत होने से उद्योग, व्यापार, खेती और ग्रामीण विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही निवेश और रोजगार बढ़ने से गरीबी कम करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने मांगा केंद्र का सहयोग
मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने राज्य में अतिरिक्त सड़क और पुल बनाने के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा। कार्यक्रम में ₹8,700 करोड़ से अधिक के प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया।


