scorecardresearch

भारत में लग्जरी घरों का बढ़ा क्रेज! अगले 6 साल में 126% बढ़ सकते हैं ये खास हाउसिंग प्रोजेक्ट

भारत में घर खरीदने वालों की पसंद तेजी से बदल रही है। अब लोग सिर्फ लोकेशन नहीं, बल्कि लग्जरी सुविधाओं और बेहतर लाइफस्टाइल पर भी ध्यान दे रहे हैं। फेस्टिव सीजन में महंगे घरों की मांग चर्चा में है। आखिर करोड़ों रुपये के मकानों की तरफ क्यों बढ़ रहा खरीदारों का रुझान?

Advertisement

In Short

  • भारत में अगले 6 साल में ब्रांडेड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स की संख्या 126% बढ़ने का अनुमान।
  • जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 3 से 6 करोड़ रुपये वाले घरों की बिक्री में 19% से ज्यादा बढ़ोतरी।
  • घर खरीदने वाले अब लोकेशन के साथ बेहतर सुविधाओं, प्राइवेसी और निर्माण की क्वालिटी को दे रहे प्राथमिकता।

भारत में महंगे और लग्जरी घरों की मांग तेजी से बढ़ रही है। अब घर खरीदने वाले लोग सिर्फ अच्छी लोकेशन या बड़े फ्लैट पर ध्यान नहीं दे रहे, बल्कि बेहतर सुविधाएं, प्राइवेसी, शानदार डिजाइन और निर्माण की क्वालिटी को भी अहमियत दे रहे हैं। लोगों की बढ़ती कमाई और बदलती लाइफस्टाइल के चलते देश का लग्जरी हाउसिंग मार्केट तेजी से बदल रहा है। फेस्टिव सीजन में रियल एस्टेट कंपनियां भी इस बढ़ती मांग का फायदा उठाने के लिए नए प्रीमियम प्रोजेक्ट लॉन्च कर रही हैं।

advertisement

भारत में 126% बढ़ सकते हैं ब्रांडेड हाउसिंग प्रोजेक्ट

Savills की Branded Residences Asia Pacific 2026 Report के मुताबिक, भारत एशिया-पैसिफिक के उन टॉप 10 बाजारों में शामिल है, जहां ब्रांडेड रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट्स की अच्छी मांग है। रिपोर्ट के अनुसार, अगले छह साल में भारत में ऐसे प्रोजेक्ट्स की संख्या 126% बढ़ सकती है।

इसकी बड़ी वजह देश में बढ़ती संपत्ति, महानगरों की बढ़ती आबादी और अंतरराष्ट्रीय ब्रांड से जुड़े लग्जरी घरों की मांग है।

2 करोड़ से महंगे घरों का बढ़ा क्रेज

Savills India के सीनियर डायरेक्टर, रिसर्च एंड कंसल्टिंग, सौरभ भूटानी के मुताबिक, घर खरीदने वाले अब ज्यादा जगह, बेहतर सुविधाएं और ऊंचे रहन-सहन के स्तर को प्राथमिकता दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि 2026 की तीसरी तिमाही में देश के टियर-1 शहरों में लॉन्च हुए नए घरों में 35% से ज्यादा की कीमत 2 करोड़ रुपये या उससे अधिक थी। यह हिस्सेदारी 2025 की समान तिमाही के लगभग बराबर रही।

3 से 6 करोड़ रुपये वाले घरों की बिक्री में उछाल

Emaar India के CEO कल्याण चक्रवर्ती के मुताबिक, इस फेस्टिव सीजन में घरों की मांग स्थिर बनी हुई है। खास बात यह है कि खरीदार अब किसी ऑफर को देखकर तुरंत फैसला नहीं लेते, बल्कि पहले प्रोजेक्ट की पूरी जानकारी जुटाते हैं।

Knight Frank के आंकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि जनवरी से सितंबर 2026 के बीच 3 करोड़ से 6 करोड़ रुपये वाले घरों की बिक्री में 19% से ज्यादा बढ़ोतरी हुई। यह सबसे तेजी से बढ़ने वाला सेगमेंट रहा।

उनके मुताबिक, NCR में बेहतर होते इंफ्रास्ट्रक्चर और कर्ज की स्थिर लागत से आने वाली तिमाहियों में भी प्रीमियम घरों की मांग बनी रह सकती है।

फेस्टिव ऑफर नहीं, घर की असली वैल्यू ज्यादा जरूरी

Multigen के फाउंडर और CEO विवेक सिंघल का कहना है कि फेस्टिव सीजन में लोग अचानक घर खरीदने का फैसला नहीं करते। बल्कि पहले से चल रही खरीदारी की योजना को इस दौरान अंतिम रूप देते हैं।

उनके मुताबिक, खरीदार अब बेहतर कनेक्टिविटी, लोकेशन, प्रोजेक्ट की क्वालिटी और भविष्य में घर की वैल्यू पर ज्यादा ध्यान दे रहे हैं। फेस्टिव ऑफर और आसान पेमेंट प्लान घर को आकर्षक जरूर बनाते हैं, लेकिन खरीदारी का असली आधार प्रॉपर्टी की वैल्यू ही है।

advertisement