
रतन टाटा के भाई जिमी टाटा ने नोएल टाटा से रखी अलग राय, ट्रस्ट के कामकाज पर भी उठाए सवाल
टाटा ग्रुप में चल रही खींचतान के बीच रतन टाटा के छोटे भाई जिमी टाटा ने बड़ा कदम उठाया है। सालों से विवादों से दूर रहने वाले जिमी के एक फैसले ने परिवार के अंदर नई हलचल पैदा कर दी है। आखिर उन्होंने किसका साथ दिया और इससे क्या बदल सकता है?

In Short
- रतन टाटा के छोटे भाई जिमी टाटा ने एन चंद्रशेखरन को तीसरा कार्यकाल देने का समर्थन किया।
- टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग पर जिमी टाटा और नोएल टाटा की राय अलग-अलग है।
- जिमी टाटा ने टाटा ट्रस्ट्स के गवर्नेंस पर सवाल उठाए और बोर्ड में परिवार का सिर्फ एक सदस्य रखने का सुझाव दिया।
टाटा ग्रुप के अंदर लीडरशिप और कंपनी की लिस्टिंग को लेकर चल रही खींचतान अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है। लंबे समय से इन विवादों से दूर रहने वाले रतन टाटा के छोटे भाई जिमी नवल टाटा अब चर्चा में हैं। उनके रुख ने टाटा परिवार और ग्रुप के भविष्य को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आइए जानते हैं कि पूरा मामला क्या है और जिमी टाटा की राय इतनी अहम क्यों मानी जा रही है।
चंद्रशेखरन के समर्थन में आए जिमी टाटा
द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, 85 साल के जिमी टाटा ने टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन को तीसरा कार्यकाल देने का समर्थन किया है। इसके साथ ही उन्होंने टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग का भी समर्थन किया है। उनका यह रुख उनके सौतेले भाई नोएल टाटा से बिल्कुल अलग है। नोएल टाटा चंद्रशेखरन के अगले कार्यकाल और कंपनी की लिस्टिंग, दोनों का विरोध कर रहे हैं।
ट्रस्टी के जरिए सामने आई राय
रिपोर्ट के मुताबिक, जिमी टाटा ने एक साथी ट्रस्टी के साथ बातचीत में अपनी राय रखी थी, जिसका लिखित रिकॉर्ड मौजूद है। बाद में उस ट्रस्टी ने बोर्ड के दूसरे सदस्यों को इसकी जानकारी दी। जिमी टाटा 1989 से सर रतन टाटा ट्रस्ट (SRTT) के परमानेंट ट्रस्टी हैं।
टाटा ट्रस्ट्स के कामकाज पर उठाए सवाल
जिमी टाटा ने 2024 में रतन टाटा के निधन के बाद टाटा ट्रस्ट्स के गवर्नेंस स्टैंडर्ड में गिरावट पर नाराजगी जताई है। उनका मानना है कि ट्रस्ट को परिवार के हितों के बजाय समाज की भलाई और देश के विकास पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि ट्रस्ट के बोर्ड में टाटा परिवार का सिर्फ एक सदस्य होना चाहिए

टाटा संस में कितनी है हिस्सेदारी?
जिमी टाटा, नोएल टाटा के बाद टाटा संस के दूसरे सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरहोल्डर हैं। उनके पास कंपनी के 3,262 शेयर हैं, जो 0.81% हिस्सेदारी के बराबर हैं। इनकी अनुमानित कीमत ₹7,000 करोड़ से ₹10,000 करोड़ है। SRTT के पास टाटा संस की 23.56% हिस्सेदारी है, जबकि सभी टाटा ट्रस्ट्स मिलकर करीब 66% हिस्सेदारी रखते हैं।
कौन हैं जिमी नवल टाटा?
जिमी टाटा, नवल टाटा और उनकी पहली पत्नी सूनी कमिसारिएट के बेटे हैं। वहीं नोएल टाटा, नवल टाटा और उनकी दूसरी पत्नी सिमोन डुनोयर के बेटे हैं। जिमी आमतौर पर मीटिंग में शामिल होने के बजाय चिट्ठियों के जरिए अपनी बात रखते हैं। 2016 में उन्होंने ट्रस्टियों और बोर्ड सदस्यों को लिखी सैकड़ों चिट्ठियों की फाइल The Times of India को दी थी।
पुणे में रहते हैं जिमी टाटा
जिमी टाटा पहले मुंबई के कोलाबा में रहते थे, लेकिन अब पुणे में रहते हैं। उन्हें आखिरी बार 2024 में रतन टाटा के अंतिम संस्कार में सार्वजनिक रूप से देखा गया था। रतन टाटा की वसीयत में उन्हें परिवार के जुहू स्थित बंगले में हिस्सा मिला था। वह ट्रस्ट की मीटिंग में कम शामिल होते हैं, लेकिन अंदरूनी मामलों की जानकारी रखते हैं। वह दो अन्य चैरिटेबल संस्थाओं के भी ट्रस्टी हैं।
टाटा संस की लिस्टिंग क्यों अहम?
RBI के नियमों के मुताबिक, अपर-लेयर NBFC को इस कैटेगरी में आने के तीन साल के अंदर शेयर बाजार में लिस्ट होना होता है। टाटा संस इसी कैटेगरी में है। RBI पहले ही कंपनी का कोर इन्वेस्टमेंट कंपनी रजिस्ट्रेशन सरेंडर करने का आवेदन खारिज कर चुका है। ऐसे में जिमी टाटा का लिस्टिंग को समर्थन देना काफी अहम माना जा रहा है।

