scorecardresearch

ASEAN Summit 2026: पीएम मोदी के फिलीपींस दौरे से भारत को क्या फायदा? जानिए किन मुद्दों पर होगी चर्चा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से तीन दिन के फिलीपींस दौरे पर हैं। मनीला में होने वाली ASEAN और East Asia Summit में ट्रेड, समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र पर अहम चर्चा होगी। इस बीच Quad देशों की संभावित बैठक को लेकर भी अटकलें हैं। जानिए भारत के लिए यह दौरा क्यों खास है।

Advertisement

In Short

  • पीएम मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस दौरे पर, 17 नवंबर को दो बड़ी समिट में होंगे शामिल।
  • ASEAN के साथ ट्रेड एग्रीमेंट के रिव्यू और इंडो-पैसिफिक में समुद्री सुरक्षा पर रहेगा फोकस।
  • मनीला में Quad समिट की अटकलें तेज, लेकिन भारत सरकार ने अभी किसी बैठक की पुष्टि नहीं की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 से 18 नवंबर तक फिलीपींस के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान भारत और दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के बीच रिश्तों को और मजबूत करने पर फोकस रहेगा। ट्रेड, इन्वेस्टमेंट, समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में शांति जैसे कई अहम मुद्दों पर बातचीत होने वाली है। आइए जानते हैं कि इस दौरे में क्या-क्या खास रहने वाला है।

advertisement

17 नवंबर को दो बड़ी समिट में हिस्सा लेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 नवंबर को मनीला में 23वीं ASEAN-India Summit और 21वीं East Asia Summit में शामिल होंगे। फिलीपींस इस समय 11 सदस्यीय ASEAN संगठन का चेयर है और इन बैठकों की मेजबानी कर रहा है। मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित डिनर में भी शामिल होंगे। इसके अलावा कई नेताओं के साथ उनकी अलग-अलग द्विपक्षीय बैठकें होंगी।

ASEAN के साथ रिश्तों पर क्या बोले पीएम मोदी?

दौरे से पहले पीएम मोदी ने कहा कि ASEAN के साथ भारत के रिश्ते उसकी Act East Policy का अहम हिस्सा हैं। यह साझेदारी भारत के MAHASAGAR विजन के लिए भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि दोनों के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक संबंध हैं। अब ट्रेड, कनेक्टिविटी, टेक्नोलॉजी और समुद्री सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ रहा है। भारत इस साझेदारी को और आगे ले जाना चाहता है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक पर रहेगा फोकस

भारत इस समिट में इंडो-पैसिफिक क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा को मजबूत करने पर जोर देगा। East Asia Summit में भारत के अलावा चीन, जापान, अमेरिका, रूस और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश भी शामिल होते हैं। इस मंच पर क्षेत्रीय सुरक्षा, डिफेंस और आर्थिक मुद्दों पर चर्चा होती है। मोदी ने कहा कि यह बैठक शांति, स्थिरता और आपसी सहयोग बढ़ाने का मौका होगी।

ASEAN के साथ ट्रेड एग्रीमेंट पर क्या अपडेट?

विदेश मंत्रालय में सेक्रेटरी (ईस्ट) रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि बदलते वैश्विक हालात में भारत और ASEAN के बीच मजबूत रिश्ते जरूरी हैं। भारत चाहता है कि ASEAN-India Trade in Goods Agreement (AITIGA) का रिव्यू जल्द पूरा हो। इस पर बातचीत अभी जारी है। इसका मकसद दोनों पक्षों के बीच व्यापारिक सहयोग को मजबूत करना है।

क्या मनीला में होगी Quad देशों की बैठक?

मनीला में पीएम मोदी की अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और जापान की प्रधानमंत्री साने ताकाइची के साथ Quad समिट होने की अटकलें हैं। हालांकि, रुद्रेंद्र टंडन ने साफ किया कि सरकार के पास ऐसी किसी बैठक की जानकारी नहीं है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने पिछले महीने ASEAN समिट के दौरान अगली Quad बैठक होने की संभावना जताई थी।

advertisement

म्यांमार पर भारत का क्या रुख?

म्यांमार को लेकर भारत ने अपना पुराना रुख दोहराया है। रुद्रेंद्र टंडन ने कहा कि म्यांमार को अलग-थलग करना सही रास्ता नहीं है। ऐसा करने से दूसरे देशों को वहां अपना प्रभाव बढ़ाने का मौका मिल सकता है। भारत म्यांमार के साथ बातचीत जारी रखने की ASEAN की कोशिशों का समर्थन करता है।

भारतीय समुदाय से भी मिल सकते हैं पीएम मोदी

इस दौरे के दौरान पीएम मोदी फिलीपींस में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी मुलाकात कर सकते हैं। रुद्रेंद्र टंडन के मुताबिक, वहां भारतीय समुदाय की ओर से प्रधानमंत्री के साथ बातचीत की काफी मांग की गई है।