इस FMCG शेयर में हलचल! H1FY27 में कंपनी का मुनाफा 90% बढ़ा, EBITDA हुआ दोगुना - डिटेल्स
शेयर बाजार में सोमवार को Shreeji Global FMCG का शेयर निवेशकों के रडार पर है। कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में शानदार नतीजे पेश किए हैं। इस दौरान मुनाफा सालाना आधार पर 51% बढ़ा है। चेक करें डिटेल्स

NIFTY SME EMERGE पर लिस्ट श्रीजी ग्लोबल एफएमसीजी लिमिटेड (Shreeji Global FMCG Limited) का शेयर सोमवार को निवेशकों के रडार पर है। कंपनी ने अपने लेटेस्ट एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि उसने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर 2026) में शानदार प्रदर्शन किया है।
कंपनी ने बताया कि इस दौरान कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 43.9% बढ़कर 423.95 करोड़ रुपये पहुंच गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में यह 294.56 करोड़ रुपये थी।
हालांकि, पिछली छमाही के 475.20 करोड़ रुपये के मुकाबले कुल आय में 10.8% की गिरावट आई है। कंपनी का EBITDA पिछली छमाही के 12.26 करोड़ रुपये से 105.9% बढ़कर 25.24 करोड़ रुपये हो गया। सालाना आधार पर भी इसमें 58.5% की बढ़ोतरी हुई, जबकि एक साल पहले यह 15.93 करोड़ रुपये था।
EBITDA मार्जिन बढ़कर 5.98% पहुंच गया, जो पिछली छमाही में 2.59% और पिछले साल की समान अवधि में 5.43% था। यानी मार्जिन में छमाही आधार पर 339 बेसिस पॉइंट और सालाना आधार पर 56 बेसिस पॉइंट का सुधार हुआ। वहीं, कंपनी का शुद्ध मुनाफा पिछली छमाही के 8.81 करोड़ रुपये से 90.3% बढ़कर 16.77 करोड़ रुपये पहुंच गया।
सालाना आधार पर मुनाफा 11.11 करोड़ रुपये से 51% बढ़ा है। कंपनी का नेट प्रॉफिट मार्जिन भी पिछली छमाही के 1.85% से बढ़कर 3.96% हो गया, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 3.77% था।
कंपनी के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर जितेंद्र कक्कड़ ने कंपनी के प्रदर्शन पर कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में कंपनी ने मजबूत नतीजे दर्ज किए हैं। इसकी मुख्य वजह रेवेन्यू में बढ़ोतरी, बेहतर मुनाफा और कारोबार चलाने की लागत में कमी रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी का नेट प्रॉफिट 16.77 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के मुनाफे का करीब 84% है। इस दौरान कुल आय सालाना आधार पर 44% बढ़ी, जबकि EBITDA में 59% और नेट प्रॉफिट में 51% की बढ़ोतरी हुई।
Shreeji Global FMCG Share Price
कंपनी का शेयर एनएसई पर 0.86% या 2.05 रुपये चढ़कर 240 रुपये पर कारोबार कर रहा था।
कंपनी के बारे में
श्रीजी ग्लोबल एफएमसीजी लिमिटेड (Shreeji Global FMCG Limited) गुजरात के राजकोट में स्थित एक एग्री प्रोसेसिंग और फास्ट मूविंग कंज्यूमर गुड्स (FMCG) कंपनी है। कंपनी मुख्य रूप से कृषि उत्पादों की खरीद, प्रोसेसिंग, मैन्युफैक्चरिंग और ट्रेडिंग का कारोबार करती है। इसके प्रमुख उत्पादों में साबुत और पिसे हुए मसाले, तिलहन, दालें, अनाज और गेहूं का आटा शामिल हैं। कंपनी किसानों और सप्लायर्स से कृषि उत्पाद खरीदकर उनकी प्रोसेसिंग करती है और फिर उन्हें बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध कराती है।

