Rupee vs Dollar: रुपये ने पकड़ी रफ्तार! अप्रैल के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा
डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये ने जबरदस्त वापसी की है। अप्रैल के बाद रुपया अपने सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच गया है। विदेशी निवेशकों की भारी खरीदारी और कच्चे तेल की गिरती कीमतों ने बाजार का रुख बदल दिया है। लेकिन क्या रुपये की यह तेजी लंबे समय तक टिकेगी या फिर डॉलर दोबारा हावी होगा? जानिए एक्सपर्ट्स का अनुमान।

In Short
- डॉलर के मुकाबले रुपया 0.3% मजबूत होकर 93.6487 पर पहुंचा, अप्रैल के बाद सबसे ऊंचा स्तर।
- विदेशी निवेशकों ने नवंबर में अब तक भारतीय शेयर बाजार में 9 अरब डॉलर की शुद्ध खरीदारी की।
- कच्चे तेल में गिरावट से रुपये को मजबूती मिली।
भारतीय रुपये में डॉलर के मुकाबले शानदार तेजी देखने को मिली है। विदेशी निवेशकों की भारतीय शेयर बाजार में बढ़ती दिलचस्पी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से रुपये को मजबूती मिली है। रुपया अप्रैल के बाद अपने सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच गया है। वहीं, भारतीय बॉन्ड बाजार में भी तेजी देखने को मिली है।
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 0.3 फीसदी मजबूत होकर 93.6487 के स्तर पर पहुंच गया। इस तिमाही में अब तक रुपये में 2.3 फीसदी की तेजी आई है। यह एशियाई करेंसी में सबसे अच्छा प्रदर्शन है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से राहत
रुपये में मजबूती की एक बड़ी वजह कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की सप्लाई मांग से ज्यादा होने के संकेत मिल रहे हैं। इसके अलावा अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने संकेत दिया है कि अमेरिका ईरान में लंबे समय तक युद्ध नहीं चाहता।
इन घटनाओं के बीच ब्रेंट क्रूड की कीमत 92 डॉलर प्रति बैरल से नीचे आ गई है। सोमवार को भी कच्चे तेल में 3 फीसदी से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई थी।
विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में लगाए 9 अरब डॉलर
भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की खरीदारी भी रुपये को सहारा दे रही है। इस महीने अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में शुद्ध 9 अरब डॉलर का निवेश किया है।
दरअसल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI से जुड़े ट्रेड में बढ़ती अनिश्चितता के बीच निवेशक भारतीय बाजार को एक विकल्प के तौर पर देख रहे हैं।
16 नवंबर को ही विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयरों में 4,860 करोड़ रुपये की शुद्ध खरीदारी की थी।
रुपये को लेकर Barclays ने क्या कहा?
Barclays के एनालिस्ट मितुल कोटेचा के मुताबिक, कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट और विदेशी निवेश बढ़ने के संकेतों से रुपये को फिलहाल समर्थन मिलता रह सकता है।
हालांकि, उन्होंने साफ किया कि रुपये की मौजूदा तेजी को लंबे समय तक मजबूती बने रहने की शुरुआत नहीं मानना चाहिए।
उनके मुताबिक, आगे डॉलर के मुकाबले रुपया फिर दबाव में आ सकता है। USD/INR के 97 के करीब पहुंचने पर डॉलर की सप्लाई बढ़ने या RBI के दखल की संभावना है।
बॉन्ड बाजार में भी तेजी, ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद
भारतीय बॉन्ड बाजार में भी तेजी रही। 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड 6 बेसिस पॉइंट गिरकर 7.26 फीसदी पर आ गई।
इस बीच RBI ने दो दिन की रिवर्स रेपो नीलामी के जरिए बाजार से 7,627 करोड़ रुपये की नकदी निकाली।
PGIM India Mutual Fund के फिक्स्ड इनकम हेड पुनीत पाल के मुताबिक, महंगाई का दबाव बने रहने से RBI अगले महीने ब्याज दरें बढ़ा सकता है।
बाजार फिलहाल 25 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहा है, लेकिन 50 बेसिस पॉइंट की बढ़ोतरी से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

