scorecardresearch

एशिया की सबसे मजबूत करेंसी बना रुपया, विदेशी निवेशकों ने नवंबर में बनाया रिकॉर्ड, कच्चे तेल से भी राहत

भारतीय रुपये ने बुधवार को शानदार वापसी करते हुए एशियाई करेंसी में सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी से रुपये को मजबूती मिली है।

Advertisement
AI Generated Image

भारतीय रुपये में बुधवार को शानदार मजबूती देखने को मिली। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की रिकॉर्ड खरीदारी के चलते रुपया बुधवार को एशिया की सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाली करेंसी बन गया। 

डॉलर के मुकाबले रुपया 0.4 फीसदी मजबूत होकर 92.57 के स्तर पर पहुंच गया. हालांकि, बैंकिंग सिस्टम में नकदी की कमी के चलते ब्याज दरों पर दबाव बना हुआ है।

advertisement

विदेशी निवेशकों ने बनाया नया रिकॉर्ड

नवंबर में अब तक विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 14 अरब डॉलर का निवेश किया है। किसी एक महीने में विदेशी निवेशकों की ओर से किया गया यह अब तक का सबसे बड़ा निवेश है। विदेशी पूंजी की इस जोरदार आवक से रुपये को मजबूती मिली है।

23 नवंबर को भी विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 5,670 करोड़ रुपये की नेट खरीदारी की थी। मंगलवार को छुट्टी के चलते भारतीय मुद्रा और बॉन्ड बाजार बंद रहे थे।

क्या जारी रहेगी रुपये में मजबूती?

कोटक महिंद्रा बैंक की एक रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये में हालिया मजबूती की सबसे बड़ी वजह विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (FPI) की भारी खरीदारी है। इसके अलावा भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के विदेशी मुद्रा बाजार से जुड़े उपायों से भी रुपये को कुछ समर्थन मिला है।

हालांकि, बैंक का मानना है कि ऐतिहासिक रूप से रुपये में इस तरह की तेजी लंबे समय तक नहीं टिकती है और पिछली गिरावट की केवल आंशिक भरपाई हो पाती है।

RBI की विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ाने की जरूरत, विदेशी पूंजी प्रवाह में उतार-चढ़ाव और निकट अवधि में अमेरिकी डॉलर की संभावित मजबूती के चलते रुपये पर फिर से दबाव देखने को मिल सकता है।

बॉन्ड बाजार में भी हलचल

भारत के 10 साल के सरकारी बॉन्ड की यील्ड 3 बेसिस प्वाइंट घटकर 7.18 फीसदी पर आ गई है। वहीं, बैंकिंग सिस्टम में नकदी की कमी के चलते वेटेड एवरेज कॉल रेट 5.75 फीसदी पर कारोबार कर रही है, जो RBI की रेपो रेट से अधिक है।

कैश की उपलब्धता बढ़ाने के लिए RBI बुधवार को 50,000 करोड़ रुपये का ओवरनाइट वैरिएबल रेट रेपो ऑक्शन आयोजित करेगा. इसके अलावा सरकार 23,000 करोड़ रुपये के ट्रेजरी बिल भी जारी करने वाली है।

RBI के डिप्टी गवर्नर रोहित जैन के मुताबिक, बैंकों, बीमा कंपनियों और पेंशन फंडों की ओर से लंबी अवधि के सरकारी बॉन्ड की मांग में मामूली गिरावट आई है।