scorecardresearch

सस्ते हेल्थ इंश्योरेंस के चक्कर में न करें ये गलती, अस्पताल में भर्ती होने पर बढ़ सकता है लाखों का खर्च

हेल्थ इंश्योरेंस होने के बावजूद अस्पताल में इलाज के दौरान आपको अपनी जेब से बड़ी रकम खर्च करनी पड़ सकती है। कम प्रीमियम वाली पॉलिसी खरीदते समय अक्सर लोग एक अहम शर्त को नजरअंदाज कर देते हैं। जानिए आखिर यह शर्त क्या है और कैसे आपकी आर्थिक मुश्किलें बढ़ा सकती है।

Advertisement

In Short

  • कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस होने पर भी बढ़ सकता है जेब से खर्च
  • को-पेमेंट की शर्त सीनियर सिटीजंस पर डाल सकती है आर्थिक बोझ
  • कम प्रीमियम वाली पॉलिसी खरीदने से पहले समझें जरूरी नियम

बढ़ते इलाज के खर्च के बीच हेल्थ इंश्योरेंस लेना वित्तीय प्लानिंग का अहम हिस्सा बन गया है। हालांकि, पर्याप्त हेल्थ इंश्योरेंस होने का मतलब यह नहीं है कि अस्पताल का पूरा बिल बीमा कंपनी चुकाएगी। अगर आपकी पॉलिसी में को-पेमेंट (Co-payment) की शर्त है तो कैशलेस इलाज कराने पर भी आपको अपनी जेब से बड़ी रकम खर्च करनी पड़ सकती है।

advertisement

को-पेमेंट वाली पॉलिसी का प्रीमियम भले ही कम हो, लेकिन महंगे इलाज के दौरान यह आपकी जेब पर भारी पड़ सकती है।

क्या है को-पेमेंट का नियम?

को-पेमेंट हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसी की एक ऐसी शर्त है, जिसके तहत बीमा धारक को क्लेम के लिए मान्य इलाज के खर्च का एक तय हिस्सा खुद चुकाना होता है। बाकी रकम बीमा कंपनी पॉलिसी की शर्तों के मुताबिक देती है।

उदाहरण के लिए, अगर आपकी पॉलिसी में 20 फीसदी को-पेमेंट की शर्त है और अस्पताल का पूरा 3 लाख रुपये का बिल क्लेम के लिए मान्य है तो बीमा कंपनी 2.4 लाख रुपये देगी। बाकी 60 हजार रुपये आपको अपनी जेब से देने होंगे।

20 फीसदी को-पेमेंट में कितना देना होगा पैसा?

यह कैलकुलेशन पूरे बिल के क्लेम के लिए मान्य होने, पर्याप्त बीमा कवर और अन्य कटौती नहीं होने के आधार पर किया गया है।

सीनियर सिटीजंस को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत

सीनियर सिटीजंस की कई हेल्थ इंश्योरेंस पॉलिसियों में को-पेमेंट की शर्त होती है। बार-बार अस्पताल में भर्ती होने या महंगा इलाज कराने पर उनका खर्च बढ़ सकता है। पेंशन, ब्याज से होने वाली कमाई या जमा पूंजी पर निर्भर लोगों का बजट इससे बिगड़ सकता है।

इसके अलावा कमरे के किराये की सीमा, डिडक्टिबल और कुछ मेडिकल खर्चों का क्लेम में शामिल नहीं होना भी आर्थिक बोझ बढ़ा सकता है।

कम प्रीमियम के चक्कर में न करें गलती

मान लीजिए को-पेमेंट वाली पॉलिसी लेने से आपको सालाना प्रीमियम में 5 हजार रुपये की बचत होती है। लेकिन 5 लाख रुपये का मान्य मेडिकल बिल आने पर 20 फीसदी को-पेमेंट के तहत आपको एक लाख रुपये चुकाने पड़ सकते हैं।

पॉलिसी खरीदने से पहले क्या देखें?

हेल्थ इंश्योरेंस खरीदने या रिन्यू कराने से पहले को-पेमेंट का प्रतिशत, उम्र से जुड़ी शर्तें, वेटिंग पीरियड और डिडक्टिबल जरूर देखें। यह भी पता करें कि ज्यादा प्रीमियम देकर को-पेमेंट की शर्त हटवाई या कम करवाई जा सकती है या नहीं।

साथ ही मेडिकल इमरजेंसी के लिए अलग से फंड रखें। पॉलिसी चुनते समय सिर्फ कम प्रीमियम और बीमा कवर की रकम नहीं, बल्कि मुश्किल समय में मिलने वाली आर्थिक सुरक्षा पर भी ध्यान दें।

advertisement

Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के लिए है और इसे किसी भी तरह से इंवेस्टमेंट सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। BT Bazaar अपने पाठकों और दर्शकों को पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लेने का सुझाव देता है।