
नौकरी बदलने पर EPF से जुड़ी ये 5 गलतियां न करें, पेंशन और टैक्स बेनिफिट्स का हो सकता है नुकसान
नई नौकरी के साथ बेहतर सैलरी मिलने की खुशी में अक्सर कर्मचारी कुछ जरूरी कामों को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन पीएफ से जुड़ी छोटी सी लापरवाही भी भविष्य में आर्थिक नुकसान की वजह बन सकती है। जानिए नौकरी बदलते समय किन गलतियों से बचना आपके लिए बेहद जरूरी है।

In Short
- नौकरी बदलते समय पीएफ से जुड़ी गलतियां पड़ सकती हैं भारी
- रिटायरमेंट की बचत और पेंशन के फायदे पर पड़ सकता है असर
- पीएफ ट्रांसफर से लेकर UAN तक इन बातों का रखें खास ध्यान
नौकरी बदलने पर अक्सर लोगों को बेहतर सैलरी पैकेज और करियर में आगे बढ़ने का मौका मिलता है लेकिन इस दौरान प्रोविडेंट फंड (PF) से जुड़े जरूरी कामों को नजरअंदाज करना आर्थिक नुकसान की वजह बन सकता है। आपकी छोटी सी गलती रिटायरमेंट की बचत, पेंशन और टैक्स बेनिफिट्स पर असर डाल सकती है। जीरोधा वर्सिटी के एक एक्सप्लेनर के मुताबिक, कर्मचारियों को नौकरी बदलने पर पुराने पीएफ खाते का बैलेंस नए खाते में ट्रांसफर कर लेना चाहिए। आइए जानते हैं नौकरी बदलते समय किन पांच गलतियों से बचना चाहिए।
1. पुराने पीएफ का पैसा ट्रांसफर नहीं करना
कर्मचारी का यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) पूरे करियर के दौरान एक ही रहता है लेकिन हर नई कंपनी इसके तहत अलग पीएफ मेंबर आईडी बना सकती है। एक ही UAN होने का मतलब यह नहीं है कि पुराने खाते का पैसा अपने आप ट्रांसफर हो गया है। सभी खातों का पैसा एक जगह होने से रिटायरमेंट फंड को मैनेज करना आसान होता है। साथ ही आंशिक निकासी के लिए उपलब्ध रकम भी बढ़ सकती है। इससे पेंशन के लिए नौकरी की अवधि की निरंतरता भी बनी रहती है। कर्मचारी पेंशन योजना के तहत मासिक पेंशन पाने के लिए आमतौर पर कम से कम 10 साल की पात्र सेवा जरूरी होती है।
2. समय से पहले पीएफ का पैसा निकालना
कई कर्मचारी नौकरी बदलने के दौरान अपनी आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए पीएफ का पैसा निकाल लेते हैं। इससे रिटायरमेंट की बचत और कंपाउंडिंग का फायदा कम हो सकता है। इसके अलावा पांच साल की लगातार पात्र सेवा पूरी होने से पहले पीएफ निकालने पर लागू नियमों के तहत टैक्स भी लग सकता है। पीएफ ट्रांसफर कराने से पुरानी नौकरी की अवधि भी इसमें जुड़ जाती है।

3. एक से ज्यादा UAN बनवाना
नई कंपनी में नौकरी ज्वाइन करते समय कर्मचारियों को अपना पुराना UAN ही देना चाहिए। एक से ज्यादा UAN होने पर पीएफ ट्रांसफर, क्लेम सेटलमेंट और नौकरी के रिकॉर्ड को एक साथ जोड़ने में परेशानी हो सकती है। डुप्लीकेट UAN होने पर EPFO के जरिए इसे ठीक कराने की प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
4. नौकरी से जुड़े रिकॉर्ड में गलतियां नजरअंदाज करना
नाम, नौकरी ज्वाइन करने और छोड़ने की तारीख या आधार से जुड़ी जानकारी में गलती होने पर पीएफ ट्रांसफर में देरी हो सकती है। ज्यादातर ट्रांसफर मामलों में अब कंपनी की मंजूरी जरूरी नहीं है लेकिन कुछ गलतियों को ठीक कराने के लिए पुरानी कंपनी से वेरिफिकेशन या ज्वाइंट डिक्लेरेशन की जरूरत पड़ सकती है। कर्मचारियों को नियमित रूप से EPFO पोर्टल पर अपनी जानकारी चेक करनी चाहिए।
5. पीएफ ट्रांसफर का स्टेटस चेक नहीं करना
सिर्फ ट्रांसफर रिक्वेस्ट डालना काफी नहीं है। कर्मचारियों को अपनी पीएफ पासबुक में ट्रांसफर हुई रकम चेक करनी चाहिए। वर्सिटी के मुताबिक, EPFO ने पूरी जानकारी के साथ जमा किए गए ट्रांसफर क्लेम के निपटारे के लिए 20 दिन की समयसीमा तय की है। देरी होने पर कर्मचारी EPFO के शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।


