scorecardresearch

होर्मुज के पास 9 जहाजों पर भारत की नजर! समुद्र में बढ़ते हमलों के बीच सरकार अलर्ट

समुद्र में व्यापारिक जहाजों पर बढ़ते हमलों के बीच भारत ने अपने नाविकों और जहाजों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने अधिकारियों को निगरानी मजबूत करने और खतरे की जानकारी समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। होर्मुज के आसपास भारतीय हितों से जुड़े जहाजों पर विशेष नजर रखी जा रही है। जानिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं।

Advertisement
होर्मुज के पास जहाजों की सुरक्षा को लेकर भारत अलर्ट, समुद्री निगरानी बढ़ाई गई। (AI Generated Image)
होर्मुज के पास जहाजों की सुरक्षा को लेकर भारत अलर्ट, समुद्री निगरानी बढ़ाई गई। (AI Generated Image)

In Short

  • होर्मुज के पश्चिम में भारतीय हितों से जुड़े 9 जहाज निगरानी में।
  • फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी में 1,000 से ज्यादा जहाज ट्रैक हो रहे हैं।
  • सोनोवाल ने DG Shipping को सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय तालमेल बढ़ाने के निर्देश दिए।

दुनिया के अलग-अलग समुद्री इलाकों में व्यापारिक जहाजों पर हो रहे हमलों के बीच भारत सरकार ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। खासतौर पर होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के आसपास जहाजों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है। फारस की खाड़ी में होर्मुज के पश्चिम में भारतीय ध्वज वाले या भारतीय हितों से जुड़े 9 जहाजों की निगरानी की जा रही है।

advertisement

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने समुद्री सुरक्षा की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं।

जहाजों पर हमलों के बीच सरकार ने बढ़ाई सतर्कता

सर्बानंद सोनोवाल ने डायरेक्टरेट जनरल ऑफ शिपिंग (DG Shipping) को जोखिम वाले समुद्री इलाकों की निगरानी मजबूत करने को कहा है।

उन्होंने कहा कि व्यापारिक जहाजों पर हमले नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं। इससे अंतरराष्ट्रीय व्यापार और वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित होती है।

मंत्री ने अधिकारियों को शिपिंग कंपनियों और जहाज संचालकों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखने और भारतीय नाविकों को संभावित खतरों की जानकारी समय पर देने के निर्देश दिए हैं।

होर्मुज के आसपास 1,000 से ज्यादा जहाजों की ट्रैकिंग

मंत्रालय के मुताबिक, e-Navik ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए होर्मुज के पश्चिम में फारस की खाड़ी में 800 से ज्यादा जहाजों पर नजर रखी जा रही है।

वहीं, होर्मुज के पूर्व में ओमान की खाड़ी में 200 से ज्यादा जहाज ट्रैक किए जा रहे हैं।

सरकार ने बताया कि भारतीय ध्वज वाले या भारत के लिए सामान लेकर आने वाले जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से अब तक कुल 86 बार गुजर चुके हैं।

विदेश मंत्रालय के साथ बेहतर तालमेल के निर्देश

सोनोवाल ने DG Shipping को विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावासों, समुद्री व्यापार से जुड़े संगठनों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ तालमेल बढ़ाने को कहा है।

इसका मकसद किसी भारतीय जहाज या नाविक से जुड़ी अप्रिय घटना होने पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराना है।

प्रभावित परिवारों को समय पर मिले सहायता

केंद्रीय मंत्री ने समुद्री घटनाओं से प्रभावित लोगों के मुआवजे की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने DG Shipping के महानिदेशक को इसकी प्रगति के बारे में व्यक्तिगत रूप से जानकारी देने का निर्देश दिया।

सरकार ने दोहराया कि भारतीय नाविकों की सुरक्षा और उनका कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। जोखिम वाले समुद्री इलाकों में हालात की निगरानी जारी रहेगी, ताकि भारतीय जहाजों और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।