scorecardresearch

GTA 6 आते ही Zepto पर मची होड़! एक हफ्ते में 1 लाख से ज्यादा लोगों ने सर्च किए गेम और PS5

GTA 6 की लॉन्चिंग के बाद भारत में गेमिंग प्रोडक्ट्स को लेकर जबरदस्त दिलचस्पी देखने को मिल रही है। क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto पर एक हफ्ते में 1 लाख से ज्यादा यूजर्स ने GTA 6, PS5 और कंट्रोलर सर्च किए। कंपनी के CEO आदित पालिचा ने तेजी से स्टॉक खत्म होने की बात भी कही है। आखिर गेमिंग का यह क्रेज कितना बड़ा है?

Advertisement
Zepto के ऑफिस में GTA 6 का क्रेज। (फोटो क्रेडिट: LinkedIn/आदित पालिचा, CEO, Zepto)
Zepto के ऑफिस में GTA 6 का क्रेज। (फोटो क्रेडिट: LinkedIn/आदित पालिचा, CEO, Zepto)

In Short

  • GTA 6 की लॉन्चिंग के बाद Zepto पर गेमिंग प्रोडक्ट्स की सर्च बढ़ी।
  • एक हफ्ते में 1 लाख से ज्यादा यूजर्स ने GTA 6, PS5 और कंट्रोलर खोजे।
  • Zepto के CEO आदित पालिचा ने तेजी से स्टॉक खत्म होने की जानकारी दी।

दुनियाभर में चर्चित वीडियो गेम Grand Theft Auto 6 यानी GTA 6 की लॉन्चिंग के बाद गेमिंग के शौकीनों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। भारत में इसका असर क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म Zepto पर भी नजर आया है। कंपनी के मुताबिक, महज एक हफ्ते में 1 लाख से ज्यादा यूजर्स ने Zepto पर GTA 6, PlayStation 5 (PS5) और गेमिंग कंट्रोलर सर्च किए हैं।

advertisement

19 नवंबर को दुनियाभर में रिलीज हुए GTA 6 को लेकर बढ़ती दिलचस्पी की जानकारी Zepto के को-फाउंडर और CEO आदित पालिचा ने सोशल मीडिया पर दी है।

Zepto पर GTA 6 को लेकर जबरदस्त क्रेज

आदित पालिचा ने LinkedIn पर Zepto के ऑफिस की एक तस्वीर शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'GTA 6 Mania at the Zepto office today :)'

उन्होंने बताया कि पिछले एक हफ्ते में 1 लाख से ज्यादा यूजर्स ने प्लेटफॉर्म पर GTA 6, PS5 और कंट्रोलर सर्च किए।

पालिचा के मुताबिक, गेमिंग प्रोडक्ट्स इतनी तेजी से बिक रहे हैं कि उन्होंने पहले कभी इतनी जल्दी स्टॉक खत्म होते नहीं देखा।

ऑफिस में भी दिखा GTA 6 का जलवा

पालिचा की शेयर की गई तस्वीर में Zepto के ऑफिस में एक बड़ा डिस्प्ले दिखाई देता है, जिस पर GTA 6 के Zepto पर उपलब्ध होने की जानकारी दी गई है।

डिस्प्ले में गेम की ब्रांडिंग और उससे जुड़ा आर्टवर्क भी नजर आता है। इससे पता चलता है कि कंपनी इस गेम की लोकप्रियता को अपने प्लेटफॉर्म पर भुनाने की कोशिश कर रही है।

क्या GTA 6 को ही 1 लाख लोगों ने किया सर्च?

यहां एक बात समझना जरूरी है। Zepto ने GTA 6, PS5 और गेमिंग कंट्रोलर को मिलाकर 1 लाख से ज्यादा यूजर्स के सर्च करने का आंकड़ा दिया है।

कंपनी ने यह नहीं बताया कि इनमें से कितने लोगों ने सिर्फ GTA 6 सर्च किया और कितने यूजर्स ने PS5 या कंट्रोलर तलाशे।

फिलहाल, ये आंकड़े दिखाते हैं कि गेमिंग प्रोडक्ट्स को लेकर ग्राहकों की दिलचस्पी क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक पहुंच रही है। हालांकि, सर्च करने वाले यूजर्स की संख्या को वास्तविक बिक्री का आंकड़ा नहीं माना जा सकता।