scorecardresearch

भारत में बड़े डेटा सेंटर के प्रोजेक्ट्स में 80% का उछाल, जानिए कौन सा शहर सबसे आगे

भारत में डेटा सेंटर का बाजार तेजी से बदल रहा है। कंपनियां अब छोटे प्रोजेक्ट्स के बजाय ज्यादा क्षमता वाले डेटा सेंटर बनाने पर जोर दे रही हैं। नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट में इस सेक्टर को लेकर दिलचस्प आंकड़े सामने आए हैं। जानिए किन शहरों में बढ़ रहे प्रोजेक्ट्स।

Advertisement

In Short

  • 100 मेगावाट से ज्यादा क्षमता वाले प्रस्तावित डेटा सेंटर की संख्या में 80% की बढ़ोतरी हुई।
  • देश के सात प्रमुख शहरों में प्रस्तावित डेटा सेंटर की संख्या बढ़कर 80 हो गई है।
  • कुल प्रस्तावित डेटा सेंटर में मुंबई और हैदराबाद की संयुक्त हिस्सेदारी 61.3% है।

भारत में डेटा सेंटर का बाजार तेजी से बदल रहा है। अब छोटे डेटा सेंटर के बजाय ज्यादा क्षमता वाले डेटा सेंटर बनाने पर जोर दिया जा रहा है। देश के कई बड़े शहरों में नए प्रोजेक्ट्स की तैयारी चल रही है। रियल एस्टेट कंसल्टेंसी कंपनी नाइट फ्रैंक इंडिया की रिपोर्ट में इस बदलाव को लेकर कई अहम आंकड़े सामने आए हैं।

advertisement

100 मेगावाट से ज्यादा क्षमता वाले प्रोजेक्ट्स में 80% की बढ़ोतरी

रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में 100 मेगावाट (MW) से ज्यादा क्षमता वाले प्रस्तावित डेटा सेंटर की संख्या 15 थी, जो 2026 की तीसरी तिमाही में 80% बढ़कर 27 हो गई है। कुल प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स में इनकी हिस्सेदारी 21.4% से बढ़कर 33.8% हो गई है। वहीं, देश के सात प्रमुख शहरों में प्रस्तावित डेटा सेंटर की कुल संख्या 14.3% बढ़कर 80 हो गई है।

बड़े डेटा सेंटर की हिस्सेदारी बढ़ी

50 से 100 मेगावाट क्षमता वाले डेटा सेंटर की संख्या 6.3% बढ़कर 16 से 17 हो गई है। वहीं, 50 मेगावाट से ज्यादा क्षमता वाले कुल प्रोजेक्ट्स की संख्या 41.9% बढ़कर 31 से 44 हो गई है। कुल प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स में इनकी हिस्सेदारी 44.3% से बढ़कर 55% हो गई है।

छोटे डेटा सेंटर की संख्या घटी

10 से 50 मेगावाट क्षमता वाले प्रस्तावित डेटा सेंटर की संख्या 3.8% घटकर 26 से 25 हो गई है। वहीं, 10 मेगावाट से कम क्षमता वाले प्रोजेक्ट्स की संख्या 15.4% घटकर 13 से 11 रह गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर

मुंबई सबसे आगे

मुंबई में प्रस्तावित डेटा सेंटर की संख्या 9.7% बढ़कर 31 से 34 हो गई है। देश के कुल प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स में मुंबई की हिस्सेदारी 42.5% है। यहां 100 मेगावाट से ज्यादा क्षमता वाले प्रोजेक्ट्स की संख्या 10 से बढ़कर 15 हो गई है।

हैदराबाद में तेजी से बढ़ रहे प्रोजेक्ट्स

हैदराबाद में प्रस्तावित डेटा सेंटर की संख्या 36.4% बढ़कर 11 से 15 हो गई है। यहां 100 मेगावाट से ज्यादा क्षमता वाले प्रोजेक्ट्स की संख्या चार से बढ़कर आठ हो गई है। शहर के 93.3% प्रस्तावित प्रोजेक्ट्स 50 मेगावाट से ज्यादा क्षमता वाले हैं। वहीं, मुंबई और हैदराबाद की कुल हिस्सेदारी 61.3% है।

बाकी शहरों में क्या है स्थिति?

चेन्नई और पुणे में नौ-नौ डेटा सेंटर प्रस्तावित हैं। चेन्नई में सात बड़े प्रोजेक्ट्स हैं, जबकि पुणे में सात प्रोजेक्ट्स 10 मेगावाट से कम क्षमता वाले हैं। बेंगलुरु और नई दिल्ली में प्रोजेक्ट्स की संख्या 25% बढ़कर चार से पांच हो गई है। वहीं, कोलकाता में यह संख्या 50% बढ़कर दो से तीन हो गई है।

advertisement

आगे किन चीजों पर रहेगा जोर?

नाइट फ्रैंक इंडिया के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर जोसेफ थिलक के मुताबिक, भारत में डेटा सेंटर की संख्या के साथ उनका आकार भी बढ़ रहा है। आने वाले समय में बिजली की उपलब्धता, बेहतर कनेक्टिविटी और जमीन की जरूरतों को पूरा करना इस सेक्टर की ग्रोथ के लिए अहम होगा।