एशिया में बढ़ा भारत का दबदबा! चीन से घटा ताकत का अंतर, अमेरिका नंबर 1, जानें भारत की रैंकिंग
एशिया में भारत का प्रभाव बढ़ रहा है। Lowy Institute की Asia Power Index 2026 रिपोर्ट में भारत ने तीसरा स्थान बरकरार रखा है। खास बात यह है कि चीन से भारत की ताकत का अंतर 2018 के बाद सबसे कम हो गया है। रक्षा सहयोग, व्यापारिक रिश्तों और कूटनीति में भारत का प्रदर्शन कैसा रहा? जानिए नई रिपोर्ट के अहम आंकड़े।

In Short
- Asia Power Index 2026 में भारत 40.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
- चीन से भारत की ताकत का अंतर 2018 के बाद सबसे कम हुआ।
- रक्षा नेटवर्क में भारत नौवें और आर्थिक संबंधों में सातवें स्थान पर पहुंचा।
एशिया में भारत की ताकत और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। Lowy Institute की Asia Power Index 2026 रिपोर्ट में भारत ने तीसरा स्थान बरकरार रखा है। खास बात यह है कि भारत और चीन की ताकत के बीच का अंतर 2018 के बाद सबसे कम हो गया है। हालांकि, चीन अब भी भारत से काफी आगे है।
रिपोर्ट के मुताबिक, भारत को कुल 40.5 अंक मिले हैं। अमेरिका 78.9 अंकों के साथ पहले और चीन 73.6 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है। रिपोर्ट में भारत की बढ़ती रक्षा साझेदारी, व्यापारिक रिश्तों में स्थिरता और भविष्य की आर्थिक संभावनाओं को अहम बताया गया है।
चीन से कितना कम हुआ भारत का फासला?
Asia Power Index की शुरुआत 2018 में हुई थी। इसके बाद पहली बार भारत और चीन के बीच ताकत का अंतर सबसे कम स्तर पर पहुंचा है।
हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक चीन की कुल ताकत अभी भी भारत के मुकाबले लगभग 80% ज्यादा है। भारत ने घरेलू चुनौतियों और क्षेत्रीय तनाव के बावजूद एशिया में अपना प्रभाव बढ़ाया है।
आर्थिक ताकत में तीसरा स्थान बरकरार
Economic Capability के मामले में भारत तीसरे स्थान पर बना हुआ है, लेकिन उसका स्कोर थोड़ा घटकर 26.4 अंक रह गया।
रिपोर्ट के मुताबिक, रुपये की कमजोरी, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की अर्थव्यवस्थाओं को मापने की पद्धति में बदलाव और विदेशों में भारतीय निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की गिरावट इसके प्रमुख कारण रहे।
दूसरी तरफ भविष्य की आर्थिक संभावनाओं को मापने वाला Future Resources स्कोर बढ़कर 56.2 अंक पहुंच गया।
व्यापार और निवेश में भारत को फायदा
Economic Relationships के मामले में भारत दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर पहुंच गया। इस कैटेगरी में भारत को 19.9 अंक मिले।
रिपोर्ट के मुताबिक, एशिया में व्यापार और निवेश संबंधों में अपेक्षाकृत स्थिरता बनाए रखने वाले पांच देशों में भारत शामिल रहा।
इससे क्षेत्रीय आर्थिक रिश्तों में भारत की स्थिति मजबूत हुई।
PM मोदी की क्षेत्रीय लीडरशिप को मिली बेहतर रैंकिंग
Diplomatic Influence भारत की सबसे मजबूत कैटेगरी रही। इसमें भारत को 70.3 अंक मिले। विशेषज्ञों के आकलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की क्षेत्रीय नेतृत्व क्षमता की रैंकिंग तीन स्थान सुधरी है।
इस पैमाने पर मोदी को चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया।
हालांकि, वैश्विक नेतृत्व और रणनीतिक महत्वाकांक्षा को लेकर उनकी रेटिंग में गिरावट दर्ज हुई। रिपोर्ट ने इसके पीछे खाड़ी क्षेत्र के संघर्ष के दौरान भारत की अपेक्षाकृत सीमित कूटनीतिक सक्रियता का उल्लेख किया।
रक्षा क्षेत्र में बढ़ी भारत की ताकत
Defence Networks में भारत का स्कोर बढ़कर 18.6 अंक पहुंच गया और रैंकिंग दो स्थान सुधरकर नौवीं हो गई।
रिपोर्ट में इसके लिए क्षेत्रीय रक्षा सहयोग बढ़ने और दक्षिण-पूर्व एशिया में ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री को अहम माना गया।
सांस्कृतिक प्रभाव भी बढ़ा
Cultural Influence में भारत का स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया।
सांस्कृतिक पहुंच, सूचनाओं के आदान-प्रदान और लोगों के बीच संपर्क बढ़ने से भारत को फायदा हुआ।
कुल मिलाकर रिपोर्ट बताती है कि भारत एशिया में अपनी उपलब्ध संसाधन क्षमता का बेहतर इस्तेमाल कर रहा है। इसी वजह से 2023 के बाद पहली बार भारत के संभावित और वास्तविक प्रभाव के बीच का अंतर कम हुआ है।


