scorecardresearch

अमेरिका के एक फैसले से भारत बन सकता है AI का नया हब! अंबानी-अडानी लगाएंगे अरबों डॉलर

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की ग्लोबल रेस में भारत के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की ओर से एडवांस AI चिप्स के एक्सपोर्ट पर बढ़ती सख्ती से एशिया के कई देशों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ऐसे में भारत को फायदा मिलने की उम्मीद है। अंबानी और अडानी के बड़े निवेश प्लान इस मौके को और अहम बना रहे हैं।

Advertisement
अमेरिका की AI चिप पाबंदियों के बीच भारत के लिए ग्लोबल डेटा सेंटर हब बनने का बड़ा मौका। (AI Generated Image)
अमेरिका की AI चिप पाबंदियों के बीच भारत के लिए ग्लोबल डेटा सेंटर हब बनने का बड़ा मौका। (AI Generated Image)

In Short

  • एडवांस AI चिप्स पर सख्ती के बीच भारत डेटा सेंटर निवेश का बड़ा विकल्प बन सकता है।
  • रिलायंस समूह 110 अरब डॉलर और अडानी समूह 100 अरब डॉलर तक निवेश की योजना बना रहे हैं।
  • भारत में फिलहाल 153 डेटा सेंटर हैं और Yotta करीब 1 लाख नए GPU जोड़ने की तैयारी में है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ग्लोबल रेस में भारत के लिए एक बड़ा मौका बनता दिखाई दे रहा है। अब तक AI इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में अमेरिका और एशिया के कई देशों से पीछे रहने वाला भारत तेजी से अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर रहा है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका की ओर से एडवांस चिप्स के एक्सपोर्ट पर सख्ती और अमेरिकी डेटा सेंटर प्रोजेक्ट्स के सामने बढ़ती राजनीतिक चुनौतियों का फायदा भारत को मिल सकता है। इससे भारत विदेशी कंपनियों के लिए AI डेटा सेंटर बनाने का एक बड़ा विकल्प बनकर उभर सकता है।

advertisement

अमेरिका की सख्ती से भारत को कैसे मिलेगा फायदा?

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका मलेशिया, थाईलैंड और सिंगापुर जैसे देशों को एडवांस AI चिप्स की सप्लाई पर नियम सख्त करने की दिशा में बढ़ रहा है। इन देशों में पिछले कुछ वर्षों में डेटा सेंटर के क्षेत्र में बड़ा निवेश हुआ है।

रिसर्च फर्म काउंटरपॉइंट के को-फाउंडर नील शाह का कहना है कि मलेशिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया जैसे बाजारों में डेटा सेंटर की क्षमता सीमित हो सकती है। ऐसे में भारत एक मजबूत विकल्प बनकर सामने आ सकता है।

भारत की डेटा सेंटर कंपनी Yotta Data Services के चेयरमैन दर्शन हीरानंदानी के मुताबिक, भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है और अमेरिका में बढ़ती मांग का फायदा उठा रहा है।

अंबानी-अडानी का बड़ा निवेश प्लान

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, Cloudscene के आंकड़ों में भारत 153 डेटा सेंटर के साथ दुनिया में 14वें स्थान पर है। हालांकि, आने वाले वर्षों में इसमें बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।

मुकेश अंबानी का समूह AI इंफ्रास्ट्रक्चर में 110 अरब डॉलर तक निवेश करने की योजना बना रहा है। वहीं, गौतम अडानी का समूह भी इस क्षेत्र में 100 अरब डॉलर निवेश करने की तैयारी में है।

इसके अलावा Blackstone समर्थित AirTrunk ने भारत में 11 अरब डॉलर के डेटा सेंटर प्लान को आगे बढ़ाया है।

डॉयचे बैंक की एक रिसर्च रिपोर्ट के मुताबिक, भारत के लिए सबसे बड़ा अवसर अमेरिका के विकल्प के तौर पर ग्लोबल डेटा सेंटर हब बनना है। हालांकि, इसमें समय लगेगा।

Yotta की तैयारी, बढ़ेगी AI चिप्स की संख्या

भारत की प्रमुख डेटा सेंटर कंपनियों में शामिल Yotta अपनी कंप्यूटिंग क्षमता तेजी से बढ़ा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी अगले एक साल में करीब 1 लाख ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट्स (GPU) जोड़ने की योजना बना रही है। इससे भारत की कुल AI कंप्यूटिंग क्षमता में करीब 10% की बढ़ोतरी हो सकती है।

फिलहाल Yotta के पास करीब 34,000 GPU हैं, जबकि 2024 में कंपनी को Nvidia से शुरुआती 4,000 GPU मिले थे।

advertisement

वहीं, भारतीय कंपनी AM Intelligence Labs ने Nvidia के नए Vera Rubin AI सिस्टम की 9,000 यूनिट्स का ऑर्डर दिया है। कंपनी का कहना है कि उसकी सप्लाई योजना तय समय के मुताबिक आगे बढ़ रही है।

भारत के सामने क्या हैं बड़ी चुनौतियां?

AI डेटा सेंटर के क्षेत्र में बड़े अवसर के बावजूद भारत के सामने कई चुनौतियां हैं।

ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, बिजली की भरोसेमंद सप्लाई, निवेश के लिए पर्याप्त पूंजी और सरकारी मंजूरी से जुड़ी प्रक्रियाएं बड़ी बाधाएं हैं।

नील शाह का कहना है कि दक्षिण-पूर्व एशिया के कई डेटा सेंटर को चीन की बड़ी टेक कंपनियों से आर्थिक मदद मिलती है। भारत को भी बड़े स्तर पर निवेश करने वाली कंपनियों और निवेशकों की जरूरत होगी।

ऐसे में भारत के पास AI इंफ्रास्ट्रक्चर का ग्लोबल हब बनने का अवसर जरूर है, लेकिन इसका फायदा उठाने के लिए बिजली, पूंजी और बुनियादी ढांचे से जुड़ी चुनौतियों को दूर करना जरूरी होगा।