Emirates की फ्लाइट बुकिंग हुई और आसान, Crypto.com Pay से ऐसे मिलेगा ई-टिकट
Emirates ने UAE के यात्रियों के लिए फ्लाइट टिकट का पेमेंट करने का नया तरीका शुरू किया है। अब Crypto.com Pay से वेबसाइट और ऐप पर बुकिंग हो सकेगी। यह सुविधा कैसे काम करेगी, किन ग्राहकों को मिलेगी और एयरलाइन ने इसे क्यों शुरू किया, जानिए पूरी खबर विस्तार से।

In Short
- Emirates ने UAE में फ्लाइट बुकिंग के लिए Crypto.com Pay का नया विकल्प शुरू किया।
- ग्राहक Emirates वेबसाइट और ऐप पर AED में टिकट बुक करते समय इस सुविधा का इस्तेमाल कर सकेंगे।
- ऐप पर पेमेंट Crypto.com वॉलेट से और वेबसाइट पर QR कोड स्कैन करके पूरा होगा।
Emirates Crypto Payment: दुबई की बड़ी एयरलाइन Emirates ने UAE में रहने वाले यात्रियों के लिए नया पेमेंट ऑप्शन शुरू किया है। अब ग्राहक Emirates की वेबसाइट और मोबाइल ऐप से फ्लाइट टिकट बुक करते समय Crypto.com Pay के जरिए भुगतान कर सकेंगे।
यह सुविधा उन्हीं लोगों के लिए है, जिनका Crypto.com पर अकाउंट है। साथ ही टिकट का किराया UAE की करेंसी दिरहम यानी AED में होना चाहिए और पेमेंट भी AED में ही किया जाएगा।
जुलाई 2025 में हुआ था समझौता
Emirates और Crypto.com के बीच जुलाई 2025 में एक समझौता हुआ था। दोनों कंपनियां Crypto.com Pay को Emirates के ऑनलाइन पेमेंट सिस्टम से जोड़ने पर काम कर रही थीं।
अब इस सुविधा को Emirates की वेबसाइट और ऐप पर शुरू कर दिया गया है। एयरलाइन का कहना है कि इससे यात्रियों को टिकट बुक करते समय पेमेंट के लिए एक और विकल्प मिलेगा। पेमेंट UAE के नियमों के मुताबिक और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जाएगा।
मोबाइल ऐप से ऐसे करें पेमेंट
Emirates ऐप से फ्लाइट बुक करते समय ग्राहक को पेमेंट पेज पर Crypto.com Pay का ऑप्शन चुनना होगा। इसके बाद ग्राहक सीधे Crypto.com ऐप पर पहुंच जाएगा।
Crypto.com ऐप में ग्राहक अपने वॉलेट से पेमेंट को मंजूरी देगा। पेमेंट पूरा होने के बाद वह दोबारा Emirates ऐप पर आ जाएगा। इसके बाद ग्राहक को टिकट बुक होने की जानकारी और ई-टिकट मिल जाएगा।
वेबसाइट पर QR कोड से होगा भुगतान
कंप्यूटर या लैपटॉप से Emirates की वेबसाइट पर टिकट बुक करने वाले ग्राहक भी Crypto.com Pay का इस्तेमाल कर सकेंगे।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: टिकट कैंसिलेशन से रेलवे कितनी कमाई करता है? संसद में रेल मंत्री ने दिया जवाब
पेमेंट के समय स्क्रीन पर एक QR कोड दिखाई देगा। ग्राहक को Crypto.com ऐप खोलकर उस QR कोड को स्कैन करना होगा। ऐप में पेमेंट मंजूर करने के बाद टिकट बुक हो जाएगा और ग्राहक को बुकिंग की जानकारी मिल जाएगी।
यात्रियों को मिलेगा ज्यादा विकल्प
Emirates के डिप्टी प्रेसिडेंट और चीफ कमर्शियल ऑफिसर अदनान काजिम ने कहा कि इस नई सुविधा का मकसद ग्राहकों को पेमेंट के ज्यादा विकल्प देना है।
उनके मुताबिक, युवा और मोबाइल का ज्यादा इस्तेमाल करने वाले यात्री अब पेमेंट और यात्रा से जुड़े काम फोन से ही करना पसंद करते हैं। यह सुविधा दुबई की कैशलेस योजना को भी आगे बढ़ाएगी।
दुबई का लक्ष्य 2026 के आखिर तक सरकारी और निजी क्षेत्र के 90 प्रतिशत पैसों के लेनदेन को डिजिटल बनाना है। Emirates भारत में कुछ बैंकों के साथ EMI से टिकट भुगतान का विकल्प भी देती है। एयरलाइन टिकट बुक करते समय ट्रैवल इंश्योरेंस लेने की सुविधा भी देती है।

