scorecardresearch

Flight Ticket Price Hike: अकासा एयर से उड़ान भरना हुआ महंगा, घरेलू और इंटरनेशनल फ्लाइट्स पर नया सरचार्ज लागू

अकासा एयर से हवाई सफर करना अब महंगा हो गया है। एयरलाइन ने घरेलू उड़ानों पर ₹375 से ₹1,150 तक फ्यूल सरचार्ज लगाया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ₹2,500 का सरचार्ज तय किया है। मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ती ATF कीमतों के चलते यह फैसला लिया गया है।

Advertisement

In Short

  • अकासा एयर ने घरेलू उड़ानों पर ₹375 से ₹1,150 तक नया फ्यूल सरचार्ज लगाया।
  • अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ₹2,500 का फ्यूल सरचार्ज, नई दरें 9 अक्टूबर 2026 से लागू।
  • मिडिल ईस्ट में तनाव के चलते ATF की कीमतें बढ़ीं, एयरलाइन की ऑपरेटिंग लागत पर दबाव।

Akasa Air Fuel Surcharge: हवाई सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। अकासा एयर (Akasa Air) ने घरेलू उड़ानों पर नया फ्यूल सरचार्ज लगाने और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर पहले से लागू फ्यूल सरचार्ज में बदलाव करने का फैसला किया है। मिडिल ईस्ट में लगातार जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में बढ़ोतरी हो रही है। इसी वजह से एयरलाइन ने यह कदम उठाया है। नई दरें 9 अक्टूबर 2026 को रात 12:01 बजे से की जाने वाली सभी नई बुकिंग पर लागू हो गई हैं।

advertisement

घरेलू उड़ानों पर कितना देना होगा फ्यूल सरचार्ज?

अकासा एयर ने घरेलू उड़ानों के लिए दूरी के हिसाब से फ्यूल सरचार्ज तय किया है। यानी यात्री जितनी लंबी दूरी की उड़ान बुक करेंगे, उन्हें उतना ज्यादा सरचार्ज देना होगा।

  • 0 से 500 किलोमीटर: ₹375
  • 501 से 1,000 किलोमीटर: ₹600
  • 1,001 से 1,500 किलोमीटर: ₹900
  • 1,501 किलोमीटर या उससे ज्यादा: ₹1,150

इस तरह घरेलू उड़ानों पर यात्रियों को टिकट के किराए के अलावा 375 रुपये से लेकर 1,150 रुपये तक फ्यूल सरचार्ज देना होगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ₹2,500 का सरचार्ज

अकासा एयर ने अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर भी फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया है। कंपनी के मुताबिक, भारत से कुवैत, कतर, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात (UAE), थाईलैंड और वियतनाम के बीच उड़ानों पर 2,500 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लागू होगा।

ये नई दरें भी 9 अक्टूबर 2026 से की जाने वाली नई बुकिंग पर लागू हैं।

Image Credit : Aaj Tak

एयरलाइन ने क्यों बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज?

कंपनी का कहना है कि विमान ईंधन यानी ATF एयरलाइंस के कुल ऑपरेटिंग खर्च का बड़ा हिस्सा होता है। मिडिल ईस्ट के मौजूदा हालात के कारण ईंधन की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे पूरी एविएशन इंडस्ट्री की लागत पर दबाव बढ़ा है।

अकासा एयर के मुताबिक, कंपनी ने बढ़ती लागत के असर को कुछ हद तक कम करने के लिए सोच-समझकर फ्यूल सरचार्ज में बदलाव किया है। एयरलाइन आगे भी ईंधन की कीमतों और बाजार के हालात पर नजर रखेगी और समय-समय पर सरचार्ज की समीक्षा करेगी।

अकासा एयर के पास कितने विमान हैं?

अकासा एयर ने अगस्त 2022 में अपनी सेवाएं शुरू की थीं। तब से अब तक एयरलाइन 3.1 करोड़ से ज्यादा यात्रियों को सफर करा चुकी है।

फिलहाल कंपनी 30 घरेलू और 7 अंतरराष्ट्रीय शहरों को जोड़ती है। एयरलाइन के बेड़े में 43 बोइंग 737 MAX विमान हैं। इसके अलावा कंपनी ने कुल 226 बोइंग 737 MAX विमानों का ऑर्डर दिया है।

कंपनी के मुताबिक, उसके विमान फ्यूल की खपत और कार्बन उत्सर्जन कम करने में मदद करते हैं। इनके केबिन में शोर भी 40 फीसदी कम होता है।

advertisement