
आज लॉन्च होगी नई Glanza Facelift , बदले हुए लुक और नए इंजन के साथ मिलेंगे कई शानदार फीचर्स
टोयोटा आज भारत में अपनी नई Glanza Facelift लॉन्च करने जा रही है। इस बार कार के लुक से लेकर इंजन और फीचर्स तक कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। क्या नई ग्लैंजा पहले से ज्यादा माइलेज देगी और इसकी कीमत कितनी होगी? लॉन्च से पहले जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- टोयोटा की नई Glanza Facelift आज 14 अक्टूबर को भारत में लॉन्च होगी।
- नई ग्लैंजा में बदला हुआ डिजाइन और कई नए फीचर्स मिलने की उम्मीद है।
- कार में ज्यादा माइलेज देने वाला नया पेट्रोल इंजन मिल सकता है।
टोयोटा किर्लोस्कर मोटर आज यानी 14 अक्टूबर 2026 को भारत में अपनी पॉपुलर प्रीमियम हैचबैक कार ग्लैंजा का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने जा रही है। नई ग्लैंजा में पहले से बेहतर डिजाइन, नए फीचर्स और ज्यादा माइलेज देने वाला पेट्रोल इंजन मिलने की उम्मीद है। कंपनी ने लॉन्च से पहले कार का टीजर भी जारी किया है, जिसमें इसके नए लुक की झलक दिखाई गई है।
नए लुक में आएगी Toyota Glanza
नई टोयोटा ग्लैंजा के डिजाइन में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कार के फ्रंट में बड़ी हनीकॉम्ब ग्रिल दी जा सकती है, जिसमें क्रोम फिनिश होगी। टोयोटा का लोगो अब ग्रिल के ऊपर बॉडी कलर वाली पट्टी पर दिखाई देगा।
इसके अलावा फ्रंट फॉग लैंप की डिजाइन भी बदली गई है। हालांकि, हेडलाइट्स और LED डेटाइम रनिंग लाइट्स पहले जैसी रह सकती हैं। कार में नए डिजाइन के 16 इंच अलॉय व्हील्स भी मिलने की उम्मीद है।
मिल सकते हैं ये शानदार फीचर्स
नई ग्लैंजा में पहले जैसा डैशबोर्ड मिल सकता है, लेकिन सुविधाओं के मामले में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
कार में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, कूलिंग सुविधा वाला वायरलेस फोन चार्जर और अपग्रेडेड Clarion ऑडियो सिस्टम मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा कंपनी इसमें एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम यानी ADAS भी दे सकती है। हालांकि, इन फीचर्स को लेकर कंपनी ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

नए इंजन से मिलेगा ज्यादा माइलेज?
नई Toyota Glanza में सबसे बड़ा बदलाव इंजन को लेकर हो सकता है। मौजूदा मॉडल में मिलने वाले 1.2 लीटर K12N चार सिलेंडर पेट्रोल इंजन की जगह नया 1.2 लीटर Z12E तीन सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है।
मारुति सुजुकी बलेनो में यह इंजन 83bhp की पावर और 112Nm का टॉर्क देता है। वहीं, मौजूदा ग्लैंजा का इंजन 90bhp की पावर और 113Nm का टॉर्क देता है।
नए इंजन का मुख्य फायदा बेहतर माइलेज हो सकता है। कार में पांच स्पीड मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेट्रोल वेरिएंट में AMT का विकल्प भी मिल सकता है। CNG वेरिएंट जारी रहने की उम्मीद है।
कितनी हो सकती है कीमत?
फिलहाल Toyota Glanza की एक्स-शोरूम कीमत 6.73 लाख रुपये से 9.99 लाख रुपये के बीच है। नए फीचर्स और इंजन के चलते फेसलिफ्ट मॉडल की कीमत में बदलाव हो सकता है।
कंपनी आज लॉन्च के दौरान अलग-अलग वेरिएंट की कीमतों और फीचर्स का खुलासा करेगी।
इन कारों से होगा मुकाबला
भारतीय बाजार में नई टोयोटा ग्लैंजा का सीधा मुकाबला मारुति सुजुकी बलेनो, हुंडई i20 और टाटा अल्ट्रोज से होगा। नई ग्लैंजा में बेहतर माइलेज, नया डिजाइन और अतिरिक्त सेफ्टी फीचर्स ग्राहकों के लिए आकर्षण बन सकते हैं।

