scorecardresearch

Tata की कारों पर टूट पड़े ग्राहक! EV बिक्री में बनाया नया रिकॉर्ड, जानें पूरी जानकारी

टाटा मोटर्स के लिए वित्तवर्ष 2027 की दूसरी तिमाही शानदार रही। कंपनी ने 2 लाख से ज्यादा कारें बेचकर बिक्री में 40 फीसदी की बढ़त दर्ज की। खास बात यह है कि EV और CNG कारों ने कंपनी की बिक्री में बड़ी हिस्सेदारी बनाई। वहीं Tata Punch की डिमांड भी मजबूत बनी रही।

Advertisement

In Short

  • टाटा मोटर्स की तिमाही बिक्री में 40% का जोरदार उछाल आया।
  • इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री 90% बढ़कर 47,150 यूनिट्स पहुंची।
  • Tata Punch की बिक्री लगातार 20 हजार यूनिट्स के पार रही।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल के लिए वित्तवर्ष 2027 की दूसरी तिमाही शानदार रही है। जुलाई से सितंबर 2026 के बीच कंपनी ने घरेलू और ग्लोबल मार्केट को मिलाकर 2 लाख से ज्यादा कारें बेची हैं। इस दौरान कंपनी की कुल बिक्री 2,01,723 यूनिट्स रही।

पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 1,44,397 कारें बेची थीं। यानी इस बार बिक्री में सालाना आधार पर 40 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। खास बात यह है कि टाटा मोटर्स की बिक्री बढ़ने के साथ ग्राहकों की फ्यूल पसंद में भी बड़ा बदलाव देखने को मिला है।

advertisement

EV और CNG कारों की बढ़ी हिस्सेदारी

टाटा मोटर्स इलेक्ट्रिक, पेट्रोल, डीजल और CNG कारें बेचती है। दूसरी तिमाही में कंपनी की कुल बिक्री में इलेक्ट्रिक कारों की हिस्सेदारी 23 फीसदी रही। कंपनी ने इस दौरान 47,150 इलेक्ट्रिक कारें बेचीं।

पिछले साल इसी दौरान 24,855 इलेक्ट्रिक कारें बिकी थीं। इस तरह EV की बिक्री में 90 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

वहीं कंपनी की बिक्री में CNG कारों की हिस्सेदारी 28 फीसदी रही। EV और CNG को मिला दें तो टाटा मोटर्स की कुल बिक्री में इन दोनों की हिस्सेदारी 51 फीसदी हो गई है। दूसरी तरफ पेट्रोल और डीजल कारों की हिस्सेदारी 49 फीसदी रही।

घरेलू बाजार में बिकीं करीब 2 लाख कारें

जुलाई से सितंबर की तिमाही में टाटा मोटर्स ने घरेलू बाजार में 1,96,674 कारें बेचीं। वहीं एक्सपोर्ट का आंकड़ा 5,049 यूनिट्स रहा।

सितंबर में कंपनी ने कुल 70,210 कारें डिस्पैच कीं, जिनमें से 68,810 यूनिट्स घरेलू बाजार में बिकीं। यह पहला मौका है जब टाटा मोटर्स की मंथली सेल्स ने 70 हजार यूनिट्स का आंकड़ा पार किया है।

हर महीने बढ़ी घरेलू बिक्री

तिमाही के दौरान घरेलू बाजार में कंपनी की बिक्री लगातार बढ़ी। जुलाई में टाटा मोटर्स ने 62,611 कारें बेची थीं। अगस्त में यह आंकड़ा बढ़कर 65,253 यूनिट्स और सितंबर में 68,810 यूनिट्स पर पहुंच गया।

इलेक्ट्रिक कारों की बात करें तो जुलाई में कंपनी ने 15,217 EV बेचीं। अगस्त में EV बिक्री 16,549 यूनिट्स रही, जबकि सितंबर में 15,384 इलेक्ट्रिक कारें बिकीं।

Tata Punch की जबरदस्त डिमांड

टाटा मोटर्स के पोर्टफोलियो में Punch सबसे पॉपुलर नाम बना हुआ है। सितंबर की बिक्री का डेटा सामने नहीं आया है, लेकिन जुलाई में Punch की 21,313 यूनिट्स और अगस्त में 21,320 यूनिट्स बिकीं। यानी दोनों महीनों में इसकी बिक्री 20 हजार यूनिट्स के पार रही। वहीं Tata Nexon कंपनी का दूसरा सबसे ज्यादा बिकने वाला प्रोडक्ट है।