Toyota Fortuner का नया अवतार! 1 दिसंबर को उठेगा पर्दा, पैनोरमिक सनरूफ और ADAS मिलने की उम्मीद
New Toyota Fortuner 2027: Toyota की लोकप्रिय 7-सीटर SUV Fortuner अब नए अवतार में आने की तैयारी कर रही है। कंपनी 1 दिसंबर 2026 को इसके नए जनरेशन मॉडल से पर्दा उठाने वाली है। नई SUV में बदला हुआ डिजाइन, दो बड़ी स्क्रीन और ADAS जैसे एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है। आखिर भारत में कब लॉन्च होगी और इंजन में क्या बदलाव होंगे?

In Short
- नई Toyota Fortuner का ग्लोबल डेब्यू 1 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है।
- SUV में नया इंटीरियर और Level 2 ADAS मिलने की उम्मीद है।
- भारत में 2027 में लॉन्च हो सकती है नई जनरेशन Fortuner।
टोयोटा की लोकप्रिय 7-सीटर SUV Fortuner के नए जनरेशन मॉडल का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। कंपनी 1 दिसंबर 2026 को नई Toyota Fortuner का ग्लोबल डेब्यू करने जा रही है। Toyota South Africa ने इसकी पुष्टि की है। नई SUV में पहले से ज्यादा दमदार लुक, नया इंटीरियर और कई एडवांस सेफ्टी फीचर्स मिलने की उम्मीद है। वहीं, भारतीय बाजार में इसे 2027 में लॉन्च किया जा सकता है। हालांकि, भारत की लॉन्च तारीख अभी आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं हुई है।

पहले से कितना बदलेगा नई Fortuner का लुक?

नई Toyota Fortuner की टेस्टिंग के दौरान सामने आई तस्वीरों से इसके डिजाइन में कई बदलाव होने के संकेत मिले हैं। SUV में पहले से ज्यादा चौड़ी ग्रिल, ऊंचा बोनट, शार्प LED हेडलाइट्स और नए डिजाइन का फ्रंट बंपर मिल सकता है।
पीछे की तरफ कनेक्टेड LED टेललाइट्स, नया टेलगेट और रूफ स्पॉइलर मिलने की उम्मीद है। इसका डिजाइन नई Toyota Hilux से प्रेरित हो सकता है।
नई Fortuner में मजबूत IMV लैडर-फ्रेम प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल जारी रहने की संभावना है।
केबिन में मिल सकते हैं दो बड़े डिस्प्ले
नई Fortuner का इंटीरियर मौजूदा मॉडल से काफी अलग हो सकता है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, टॉप वेरिएंट में दो 12.3 इंच की स्क्रीन मिल सकती हैं। इनमें एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और दूसरी इंफोटेनमेंट सिस्टम के लिए होगी।
इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, वायरलेस चार्जिंग, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पावर्ड टेलगेट और 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स भी मिलने की उम्मीद है।
SUV में सात लोगों के बैठने की सुविधा पहले की तरह जारी रह सकती है।
ADAS से बढ़ेगी सुरक्षा
नई Fortuner में Level 2 ADAS (Advanced Driver Assistance Systems) मिलने की संभावना है। इस तकनीक में एडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और लेन कीपिंग असिस्ट जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं।
इसके अलावा ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटरिंग, कई एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम मिलने की भी उम्मीद है।
इंजन और भारत में लॉन्चिंग की तैयारी
नई Fortuner में मौजूदा 2.8 लीटर टर्बो डीजल इंजन जारी रह सकता है। इसके साथ 48V माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम भी मिलने की संभावना है। यह डीजल इंजन मौजूदा कॉन्फिगरेशन में करीब 204 हॉर्सपावर और 500Nm तक टॉर्क देता है।
इसके अलावा 2.7 लीटर पेट्रोल इंजन, मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स तथा चुनिंदा वेरिएंट में 4x4 सिस्टम मिल सकता है।
नई Toyota Fortuner का ग्लोबल डेब्यू 1 दिसंबर 2026 को तय है, जबकि भारत में इसकी एंट्री 2027 में होने की उम्मीद है। हालांकि, भारतीय मॉडल के फीचर्स, कीमत और लॉन्च तारीख की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

