scorecardresearch

'2X Faster Growth' और 'Easy to Digest' के दावे पर सवाल, Nestle और Complan को FSSAI का नोटिस

बच्चों की ग्रोथ और इम्युनिटी बढ़ाने के दावे करने वाली बड़ी कंपनियों पर FSSAI ने सख्ती दिखाई है। Nestle और Complan को जारी नोटिस में कई दावों के वैज्ञानिक सबूत मांगे गए हैं। आखिर Complan के 2X Faster Growth दावे और Nestle के बेबी फॉर्मूला पर नियामक ने क्यों उठाए सवाल? जानिए पूरी खबर।

Advertisement

In Short

  • FSSAI ने बच्चों की ग्रोथ और इम्युनिटी के दावों पर Nestle और Complan को नोटिस दिया।
  • Complan के '2X Faster Growth' दावे के वैज्ञानिक सबूत मांगे गए।
  • Nestle के बेबी फॉर्मूला में इम्युनिटी और पाचन से जुड़े दावों पर सवाल उठे।

भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने बच्चों की ग्रोथ, इम्युनिटी और पाचन से जुड़े दावों को लेकर Nestle India और Complan बनाने वाली कंपनी Zydus Wellness Products को नोटिस जारी किया है। खाद्य नियामक ने इन कंपनियों के कुछ उत्पादों के विज्ञापनों और पैकेजिंग पर किए गए दावों पर सवाल उठाए हैं। इनमें Complan का '2X Faster Growth' और Nestle के NAN EXCELLA PRO STAGE 1 का '5 HMOs helps support normal immune system' दावा शामिल है।

advertisement

FSSAI ने कंपनियों से कुछ दावों के समर्थन में वैज्ञानिक सबूत मांगे हैं। साथ ही, उनसे यह बताने को कहा है कि खाद्य सुरक्षा कानूनों के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए।

Nestle के बेबी फॉर्मूला पर भी उठे सवाल

FSSAI ने Nestle India के NAN EXCELLA PRO STAGE 1 शिशु आहार पर किए गए दावों की जांच की। नियामक ने '5 HMOs helps support normal immune system' दावे पर सवाल उठाया। उसके मुताबिक, यह दावा किसी खास शारीरिक स्थिति में इम्युनिटी को बेहतर बनाए रखने का संकेत देता है।

FSSAI ने कहा कि ऐसे दावे खाद्य सुरक्षा नियमों के प्रावधानों के अनुरूप होने चाहिए। नियमों के तहत बीमारियों या खास शारीरिक स्थितियों की रोकथाम, राहत, इलाज या उपचार से जुड़े दावे तभी किए जा सकते हैं, जब संबंधित नियमों के तहत उनकी अनुमति हो।

इसके अलावा, Nestle के उत्पादों की पैकेजिंग या विज्ञापन में किए गए इस दावे पर भी सवाल उठाया गया कि उनमें मौजूद व्हे प्रोटीन आसानी से पच जाता है। नियामक ने इस दावे के समर्थन में वैज्ञानिक प्रमाण मांगे हैं। कंपनी को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और उसके तहत बनाए गए नियमों के अनुसार कार्रवाई को लेकर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।

LACTOGEN PRO 1 को लेकर भी नोटिस

Nestle के LACTOGEN PRO 1 POWDER को लेकर भी FSSAI ने अलग से नोटिस जारी किया है। इस मामले में भी व्हे प्रोटीन के आसानी से पचने के दावे पर सवाल उठाया गया है। कंपनी से तय समय के भीतर इस दावे को साबित करने के लिए वैज्ञानिक सबूत देने को कहा गया है।

Complan के '2X Faster Growth' दावे की जांच

FSSAI ने Zydus Wellness Products Limited को भी Complan के विज्ञापनों और दावों को लेकर नोटिस भेजा है। नियामक के मुताबिक, उत्पाद के लेबल और ऑनलाइन लिस्टिंग में दो बच्चों की तस्वीरों के साथ '2X Faster Growth', 'Supports Concentration and Memory' और 'Pro Immunity+ 34 Vital Nutrients' जैसे दावे किए गए थे।

advertisement

प्राधिकरण ने इन दावों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विज्ञापन और दावे) विनियम, 2018 के प्रावधानों के खिलाफ पाया। इसके अलावा, 'GROW TALLER, FASTER. CLINICALLY PROVEN 2X GROWTH' और 'Pro Immunity+ 34 Vital Nutrients' जैसे दावों के लिए वैज्ञानिक आधार भी मांगा गया है।

'Growth Comes in 4 Flavors' नाम के विज्ञापन दावे पर भी नियामक ने आपत्ति जताई है। Zydus Wellness Products को तय समय के भीतर कारण बताओ नोटिस का जवाब देने को कहा गया है कि उसके खिलाफ खाद्य सुरक्षा कानून के तहत कार्रवाई क्यों नहीं की जानी चाहिए।