Maruti की इस SUV ने बिक्री में बनाया रिकॉर्ड, अब आया खास Aurum Edition! जानें कीमत और क्या कुछ बदला
Maruti Suzuki ने अपनी Victoris SUV की पहली सालगिरह पर ग्राहकों के लिए खास Aurum Edition एक्सेसरी किट लॉन्च की है। कंपनी ने इसमें कई नए डिजाइन एलिमेंट्स और केबिन एक्सेसरीज शामिल की हैं। खास बात यह है कि SUV के इंजन और माइलेज में कोई बदलाव नहीं हुआ है। आखिर ₹22,990 की इस किट में ग्राहकों को क्या-क्या मिलेगा? जानिए पूरी डिटेल।

In Short
- Maruti Victoris के लिए ₹22,990 की Aurum Edition किट लॉन्च।
- नए कॉपर एक्सेंट, क्रोम एक्सेसरीज और 3D केबिन मैट मिलेंगे।
- स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड SUV का दावा किया गया माइलेज 28.65 kmpl।
देश की प्रमुख कार निर्माता कंपनी Maruti Suzuki ने अपनी लोकप्रिय SUV Victoris का नया Aurum Edition पेश किया है। कंपनी ने SUV की पहली सालगिरह के मौके पर यह स्पेशल एडिशन लॉन्च किया है। खास बात यह है कि यह कोई अलग मॉडल नहीं, बल्कि एक एक्सेसरी पैकेज है, जिसकी कीमत 22,990 रुपये रखी गई है। इसे Victoris के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट के लिए पेश किया गया है।
Aurum Edition में क्या मिलेगा खास?

Maruti Suzuki Victoris Aurum Edition में कई कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं, जिससे SUV को पहले से अलग और प्रीमियम लुक मिलता है। इसमें फ्रंट और रियर स्किड प्लेट, साइड स्किड प्लेट डिजाइन और व्हील आर्च पर कॉपर कलर के एक्सेंट दिए गए हैं।

इसके अलावा, फ्रंट ग्रिल, फेंडर, बंपर, बॉडी साइड मोल्डिंग और डोर वाइजर पर क्रोम एक्सेसरीज मिलती हैं। केबिन में ऑल-वेदर 3D मैट, 3D बूट मैट और रियर ट्रंक सिल गार्ड जैसे फीचर्स शामिल किए गए हैं।

कितनी है Victoris Aurum Edition की कीमत?
कंपनी ने Aurum Edition एक्सेसरी किट की कीमत 22,990 रुपये रखी है। यह कीमत SUV की कीमत से अलग है। Victoris के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वेरिएंट की एक्स-शोरूम कीमत 16.43 लाख रुपये से 19.99 लाख रुपये के बीच है।
यानी ग्राहक अपनी स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड Victoris में अतिरिक्त पैसे खर्च करके Aurum Edition की एक्सेसरीज लगवा सकते हैं।
इंजन और माइलेज में कोई बदलाव नहीं
Aurum Edition में इंजन या पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। Victoris स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड में 1.5 लीटर का तीन सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलता है, जिसे इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी पैक के साथ जोड़ा गया है।
यह सिस्टम कुल 116 bhp की पावर देता है। इसमें e-CVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। कंपनी के मुताबिक, SUV का ARAI-सर्टिफाइड माइलेज 28.65 किलोमीटर प्रति लीटर है।
इसमें EV मोड भी मिलता है, जिसकी मदद से अनुकूल परिस्थितियों में कार केवल इलेक्ट्रिक पावर पर चल सकती है।
बिक्री में भी Victoris ने बनाया रिकॉर्ड
Maruti Suzuki का दावा है कि Victoris ने लॉन्च के पहले साल में भारतीय पैसेंजर व्हीकल सेगमेंट के किसी नए मॉडल की सबसे ज्यादा बिक्री दर्ज की है। कंपनी के मुताबिक, Victoris लॉन्च के बाद सबसे तेजी से 1 लाख और 1.5 लाख यूनिट की बिक्री का आंकड़ा पार करने वाली पैसेंजर कार भी बनी है।
नया Aurum Edition खासतौर पर उन ग्राहकों के लिए पेश किया गया है, जो अपनी SUV को बिना इंजन या परफॉर्मेंस बदले ज्यादा प्रीमियम और अलग लुक देना चाहते हैं।

