scorecardresearch

चीन घूमने का प्लान है तो पहले जान लें नए नियम! वीजा फीस से लेकर दस्तावेज जमा करने तक क्या कुछ बदला?

चीन जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया में अहम बदलाव किया गया है। अब दस्तावेज सीधे चीनी दूतावास या वाणिज्य दूतावास में जमा करने होंगे। नई व्यवस्था लागू होने के बाद वीजा आवेदन केंद्रों का सर्विस चार्ज भी नहीं लगेगा। आखिर वीजा पर कितना खर्च आएगा, किन दस्तावेजों की जरूरत होगी और आवेदन कैसे करना है? जानिए।

Advertisement
भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा की रियायती फीस 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी।
भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए वीजा की रियायती फीस 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी।

In Short

  • चीन ने भारतीय यात्रियों के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया में बदलाव किया।
  • नई व्यवस्था में वीजा सेंटर का सर्विस चार्ज नहीं देना होगा।
  • सिंगल एंट्री वीजा की फीस ₹2,900, सामान्य प्रोसेसिंग में 4 कार्यदिवस।

चीन जाने की योजना बना रहे भारतीय यात्रियों के लिए राहत की खबर है। चीन ने भारतीय नागरिकों के लिए वीजा आवेदन प्रक्रिया में अहम बदलाव किए हैं। अब वीजा आवेदन केंद्रों के बजाय सीधे चीनी दूतावास और वाणिज्य दूतावास में दस्तावेज जमा किए जाएंगे। अक्टूबर के आखिर में नई व्यवस्था लागू होने के बाद वीजा आवेदन केंद्रों की सर्विस फीस भी नहीं देनी होगी। इससे पर्यटकों, कारोबारियों और छात्रों का खर्च कम हो सकता है।

advertisement

वीजा आवेदन प्रक्रिया में क्या बदला?

नई व्यवस्था के तहत भारतीय आवेदकों को सबसे पहले ऑनलाइन वीजा फॉर्म भरना होगा। इसके साथ पासपोर्ट, फ्लाइट बुकिंग, होटल रिजर्वेशन और वित्तीय जानकारी से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने होंगे।

ऑनलाइन दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही आवेदक अपना पासपोर्ट और जरूरी कागजात संबंधित चीनी दूतावास या वाणिज्य दूतावास में जमा कर सकेंगे।

इसके लिए पोर्टल पर 'Passport to be submitted' का स्टेटस मिलना जरूरी है।

किस राज्य के लोगों को कहां करना होगा आवेदन?

चीन ने भारतीय आवेदकों के लिए क्षेत्र के आधार पर वीजा आवेदन की व्यवस्था तय की है।

  • मुंबई: महाराष्ट्र और कर्नाटक के निवासी यहां आवेदन करेंगे।

  • कोलकाता: पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के आवेदक यहां दस्तावेज जमा करेंगे।

  • नई दिल्ली: बाकी सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के आवेदकों के आवेदन यहां स्वीकार किए जाएंगे।

नई दिल्ली के आवेदकों को बैंक ड्राफ्ट सीधे चीनी दूतावास के नाम पर बनवाना होगा।

वीजा फीस और बायोमेट्रिक के नियम

भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए चीन की रियायती वीजा फीस 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहने की जानकारी दी गई है। नई व्यवस्था में वीजा आवेदन केंद्रों की सर्विस फीस हटने से कुल खर्च कम होगा।

इसके अलावा, 180 दिनों या उससे कम अवधि के लिए जाने वाले ज्यादातर पर्यटकों और बिजनेस यात्रियों को फिलहाल फिंगरप्रिंट देने से छूट है।

हालांकि, लंबे समय की पढ़ाई, नौकरी और परिवार से मिलने के लिए कुछ वीजा श्रेणियों में बायोमेट्रिक जरूरी रहेगा।

पीछे की तरफ नाम, कलेक्शन स्लिप नंबर और संपर्क नंबर लिखें। वीजा फीस पासपोर्ट लेते समय जमा करनी होगी।

कितने दिनों में मिलेगा चीन का वीजा?

दस्तावेज जमा होने के बाद सामान्य वीजा प्रोसेसिंग में करीब चार कार्यदिवस लगते हैं। हालांकि, ऑनलाइन दस्तावेजों की शुरुआती जांच में अतिरिक्त समय लग सकता है।

इसलिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा से कम से कम 4 से 6 सप्ताह पहले आवेदन शुरू करें।

advertisement

आवेदन के लिए फोटो का साइज 33mm × 48mm और बैकग्राउंड सफेद होना चाहिए। गलत साइज की फोटो से आवेदन अटक सकता है।

ध्यान रहे, डाक या फैक्स के जरिए वीजा आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। यात्रियों को आवेदन से पहले संबंधित चीनी दूतावास की आधिकारिक वेबसाइट पर ताजा नियम और फीस जरूर जांच लेनी चाहिए।