
19 साल से लोगों की पहली पसंद बनी है Maruti की ये कार! 35 लाख यूनिट्स बिकने के बाद भी नहीं घटी दीवानगी
भारतीय कार बाजार में SUV की बढ़ती लोकप्रियता के बीच Maruti Suzuki Dzire ने अपनी अलग पहचान बरकरार रखी है। करीब 19 साल के सफर में इस सेडान ने 35 लाख यूनिट्स के प्रोडक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है। आखिर इस कार में ऐसा क्या है, जो इतने सालों बाद भी ग्राहकों की पसंद बनी हुई है? जानिए इसकी सफलता की पूरी कहानी।

In Short
- Maruti Dzire ने 35 लाख यूनिट्स के प्रोडक्शन का आंकड़ा पार किया।
- कार को Bharat NCAP में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है।
- ऑटोमैटिक S-CNG वेरिएंट का माइलेज 36.47 km/kg है।
देश की सबसे बड़ी कार कंपनी Maruti Suzuki की लोकप्रिय सेडान Dzire ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। कंपनी ने भारत में इस कार की 35 लाख यूनिट्स का प्रोडक्शन पूरा कर लिया है। खास बात यह है कि Dzire ने यह मुकाम करीब 19 साल में हासिल किया है। इस कार को पहली बार साल 2008 में लॉन्च किया गया था। अब यह Alto, Swift और WagonR के बाद Maruti Suzuki की चौथी ऐसी कार बन गई है, जिसका प्रोडक्शन 35 लाख के पार पहुंचा है।

कैसे पूरा हुआ 35 लाख कारों का सफर?
Maruti Suzuki Dzire ने अप्रैल 2015 में 10 लाख यूनिट्स के प्रोडक्शन का आंकड़ा पार किया था। इसके बाद जून 2019 में 20 लाख और दिसंबर 2024 में 30 लाख यूनिट्स का रिकॉर्ड बनाया।
पहली 10 लाख कारें बनाने में कंपनी को 7 साल 3 महीने लगे थे, जबकि हाल की 10 लाख यूनिट्स सिर्फ 4 साल 4 महीने में तैयार हुईं। फिलहाल Dzire का प्रोडक्शन कंपनी के मानेसर प्लांट में होता है।
सेफ्टी और माइलेज में भी आगे
Dzire देश की पहली ऐसी सेडान है, जिसे Bharat NCAP क्रैश टेस्ट में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिली है। नवंबर 2024 में लॉन्च हुई चौथी जनरेशन Dzire में नया डिजाइन, डुअल-टोन इंटीरियर और कई आधुनिक फीचर्स दिए गए हैं।
हाल ही में कंपनी ने इसका ऑटोमैटिक S-CNG वेरिएंट भी पेश किया है। कंपनी के मुताबिक, यह कार 36.47 किलोमीटर प्रति किलोग्राम का माइलेज देती है, जिससे यह भारत की सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली सेडान बन गई है।
19 साल से सेडान सेगमेंट में दबदबा
कंपनी के मुताबिक, Dzire लगातार 19 साल से भारत के सेडान सेगमेंट में अपनी बढ़त बनाए हुए है। यह घरेलू बाजार के साथ विदेशों में भी लोकप्रिय है। पिछले वित्त वर्ष में यह Maruti Suzuki की पांच सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट होने वाली कारों में शामिल रही।
Maruti Suzuki के MD और CEO हिसाशी ताकेउची ने कहा कि यह उपलब्धि ग्राहकों के भरोसे को दिखाती है। चार जनरेशन के दौरान Dzire ने बदलती जरूरतों के हिसाब से खुद को बेहतर बनाया है।

