48 घंटे की गारंटी के साथ आया Mahindra Blazo i TRK, जानें फ्लीट मालिकों के लिए क्या है खास
AI खुद ड्राइविंग मोड चुनेगा, मालिक दूर से ट्रक पर नजर रख सकेगा और 48 घंटे में खराबी ठीक न हुई तो रोज 10,000 रुपये मिलेंगे। महिंद्रा के नए Blazo i-TRK में ऐसे कई फीचर्स दिए गए हैं। जानिए कंपनी इसे 'प्रॉफिट का रॉकेट' क्यों बता रही है।

In Short
- महिंद्रा Blazo i-TRK में 48 घंटे की अपटाइम गारंटी है, समय पर ट्रक ठीक न होने पर रोज 10,000 रुपये देने का दावा है।
- ट्रक में AI आधारित iFuelSmart टेक्नोलॉजी और 320 HP mPOWER इंजन दिया गया है, जिससे फ्यूल एफिशिएंसी बेहतर करने का दावा है।
- iMAXX 2.0 और Now24x7 ऐप से मालिक ट्रक की लोकेशन, स्थिति और संभावित खराबियों पर दूर से नजर रख सकेगा।
Mahindra Truck: ट्रांसपोर्ट कारोबार में ट्रक का ज्यादा समय सड़क पर रहना और कम फ्यूल खर्च करना सीधे कमाई से जुड़ा होता है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए महिंद्रा ट्रक एंड बस ने हैवी कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में नया Blazo i-TRK पेश किया है। कंपनी इसे सिर्फ एक ट्रक नहीं, बल्कि पूरा बिजनेस सॉल्यूशन बता रही है और इसे "प्रॉफिट का रॉकेट" नाम दिया है।
महिंद्रा का दावा है कि यह ट्रक पांच साल में करीब 15 लाख रुपये तक अतिरिक्त कमाई करा सकता है।
48 घंटे की अपटाइम गारंटी क्या है?
Blazo i-TRK की सबसे बड़ी खासियत इसकी 48 घंटे की अपटाइम गारंटी है। कंपनी का दावा है कि अगर ट्रक में कोई खराबी आती है और उसे 48 घंटे के भीतर ठीक नहीं किया जा पाता, तो मालिक को हर दिन 10,000 रुपये दिए जाएंगे।
ट्रांसपोर्ट कारोबार में ट्रक का खड़ा रहना सीधे कमाई का नुकसान होता है। ऐसे में यह गारंटी फ्लीट मालिकों के लिए काफी अहम हो सकती है।
AI खुद चुनेगा सही ड्राइविंग मोड
Blazo i-TRK में iFuelSmart टेक्नोलॉजी दी गई है। कंपनी के मुताबिक यह HCV सेगमेंट में AI से लैस ऑटोमैटिक ड्राइव मोड है।
यह सिस्टम सड़क की ढलान और ट्रक पर मौजूद वजन जैसी चीजों का लगातार आकलन करता है और उसी हिसाब से सही ड्राइविंग मोड चुनता है। इसका मकसद बेहतर माइलेज बनाए रखना और ड्राइवर की गलती की संभावना कम करना है।
कितना दमदार है इंजन?
महिंद्रा ने Blazo i-TRK की पूरी रेंज में 320 HP वाला नेक्स्ट जेनरेशन mPOWER इंजन दिया है। इसमें टर्बो मैक्स टर्बोचार्जर और ऑप्टिफ्यूल एयर कंप्रेसर का इस्तेमाल किया गया है।
कंपनी का कहना है कि इससे फ्यूल कम्बंशन बेहतर होता है और बेवजह होने वाला पावर लॉस कम होता है। इसके चलते फ्यूल एफिशिएंसी में करीब 10 फीसदी तक सुधार हो सकता है।
ड्राइवर के आराम का भी रखा गया ध्यान
लंबे सफर को आरामदायक बनाने के लिए ट्रक में प्रीमियम AC और कॉम्फीमैक्स सस्पेंडेड सीट दी गई है। कंपनी के मुताबिक यह सीट लंबी दूरी की यात्रा में ड्राइवर की थकान कम करने में मदद करेगी।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: महिंद्रा की नई Scorpio Lifestyler से उठा पर्दा, Toyota Hilux को देगी टक्कर, जानिए लॉन्च डेट
इसके अलावा EzyCruise फीचर हाईवे पर ड्राइविंग को ज्यादा आरामदायक बनाने के लिए दिया गया है।
मालिक दूर से रख सकेगा नजर
Blazo i-TRK में iMAXX 2.0 टेलीमैटिक्स प्लेटफॉर्म दिया गया है, जिसे Now24x7 ऐप से जोड़ा गया है। इसके जरिए मालिक ट्रक की रियल टाइम लोकेशन और स्थिति देख सकते हैं।
सिस्टम प्रेडिक्टिव डायग्नोस्टिक्स की मदद से संभावित खराबियों की जानकारी भी देगा, जिससे समय रहते मेंटेनेंस किया जा सके।
दूर से AC और स्टार्ट पर कंट्रोल
ट्रक में रिमोट AC मैनेजमेंट फीचर भी है, जिससे मालिक जरूरत पड़ने पर दूर से AC बंद कर सकता है। वहीं व्हीकल क्रैंक इन्हैबिट फीचर के जरिए ट्रक को दूर से स्टार्ट होने से रोका जा सकता है। इससे गलत इस्तेमाल या चोरी को रोकने में मदद मिल सकती है।

