Kia Sorento जल्द होगी भारत में लॉन्च, जानिए कीमत फीचर्स और इंजन से जुड़ी पूरी जानकारी
Kia Motors भारतीय बाजार में अपनी नई प्रीमियम SUV Kia Sorento लॉन्च करने जा रही है। 4 सितंबर को आने वाली यह SUV ऑल व्हील ड्राइव फीचर के साथ आएगी और किआ इंडिया की पहली AWD कार होगी। हाइब्रिड इंजन, AI फीचर और 7 सीटर कॉन्फिग्रेशन इसकी खासियत होंगी।

In Short
- Kia Sorento 4 सितंबर को भारत में लॉन्च होगी और यह किआ इंडिया की पहली कार होगी जिसमें ऑल व्हील ड्राइव फीचर मिलेगा।
- SUV हाइब्रिड और डीजल इंजन विकल्पों के साथ आ सकती है, ग्लोबल मॉडल में 1.6 लीटर हाइब्रिड और 2.2 लीटर डीजल इंजन मिलता है।
- Kia Sorento 7 सीटर कॉन्फिग्रेशन और AI पावर्ड वॉयस असिस्टेंट के साथ आएगी, इसकी अनुमानित कीमत 30 से 35 लाख रुपये हो सकती है।
Kia Sorento SUV: किआ मोटर भारतीय बाजार में अपनी नई प्रीमियम SUV लाने की तैयारी कर रही है। कंपनी सितंबर की शुरुआत में Kia Sorento को लॉन्च करने वाली है। यह एक बड़ी साइज की SUV होगी, जो Toyota Fortuner जैसे सेगमेंट में अपनी जगह बनाने की कोशिश करेगी। किआ सोरेंटो 4 सितंबर को भारत में लॉन्च होगी।
कंपनी ने पुष्टि की है कि Kia Sorento ऑल व्हील ड्राइव (AWD) फीचर के साथ आएगी। यह किआ इंडिया की पहली कार होगी, जिसमें ऑल व्हील ड्राइव सिस्टम दिया जाएगा। इसके अलावा SUV में हाइब्रिड इंजन का विकल्प भी मिलने की उम्मीद है।
हाइब्रिड और डीजल इंजन के साथ आ सकती है SUV
ग्लोबल मार्केट में Kia Sorento हाइब्रिड और डीजल दोनों इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है। भारत में भी कंपनी इसे दोनों इंजन विकल्पों के साथ लॉन्च कर सकती है। हालांकि, भारत में आने वाले मॉडल के इंजन स्पेसिफिकेशन को लेकर कंपनी ने अभी पूरी जानकारी साझा नहीं की है।
इंटरनेशनल मार्केट में Kia Sorento में 1.6 लीटर टर्बो पेट्रोल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम मिलता है। यह इंजन 6 स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमेटिक गियरबॉक्स के साथ आता है। यह सेटअप 238 हॉर्सपावर की ताकत और 380 Nm का टॉर्क जनरेट करता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: E20 पेट्रोल पर सरकार की सफाई, माइलेज कम होने की चिंता को लेकर दिया ये जवाब
वहीं, SUV में 2.2 लीटर टर्बो डीजल इंजन का विकल्प भी मिलता है। यह इंजन Kia Carnival में भी दिया जाता है और 202 हॉर्सपावर की पावर और 440 Nm का टॉर्क पैदा करता है।
पहली बार मिलेगा Kia का ऑल व्हील ड्राइव सिस्टम
ग्लोबल मार्केट में Kia Sorento के दोनों इंजन वेरिएंट ऑल व्हील ड्राइव फीचर के साथ आते हैं। हालांकि, भारत में कंपनी किस तरह का सेटअप पेश करेगी, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
ऑल व्हील ड्राइव फीचर के साथ यह SUV खराब रास्तों और अलग-अलग ड्राइविंग कंडीशन में बेहतर प्रदर्शन देने के लिए तैयार की जा रही है।
AI फीचर से लैस होगी Kia Sorento
Kia Sorento में लाइव जेन AI फीचर भी दिया जाएगा। यह एक AI पावर्ड इन-कार वॉयस असिस्टेंट होगा, जिसे नेचुरल बातचीत के लिए डिजाइन किया गया है।
इस AI एजेंट की मदद से यूजर्स कार के कई फीचर्स को वॉयस कमांड के जरिए कंट्रोल कर सकेंगे।
7 सीटर SUV की कीमत और मुकाबला
Kia Sorento को 7 सीटर कॉन्फिग्रेशन में लाया जा सकता है। कंपनी इस SUV को भारत में लोकलाइज करेगी, जिससे इसकी कीमत को नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।
इसकी अनुमानित कीमत 30 से 35 लाख रुपये एक्स शोरूम के बीच हो सकती है। Kia Sorento के ऑल व्हील ड्राइव वर्जन का मुकाबला Volkswagen Tayron और Skoda Kodiaq जैसी SUVs से होगा।

