बारिश से कार के शीशे पर जम जाती है फॉग, इन आसान तरीकों से मिनटों में करें साफ
बारिश या ठंड में शीशे पर जमी फॉग सड़क देखना मुश्किल बना सकती है और हादसे का खतरा बढ़ा सकती है। जानिए किन आसान तरीके जिनसे फॉग जल्दी हट सकती है।

In Short
- कार के अंदर और बाहर के तापमान में फर्क होने से विंडस्क्रीन पर फॉग जमती है।
- डी-फॉगर एसी और ब्लोअर चलाकर शीशे पर जमा फॉग जल्दी हटाई जा सकती है।
बारिश या ठंड के मौसम में कार की विंडस्क्रीन पर फॉग जमना आम बात है। इसकी वजह कार के अंदर और बाहर के तापमान में अंतर होना है। जब दोनों तरफ का तापमान अलग होता है तो शीशे पर नमी की एक परत बन जाती है। इससे आगे की सड़क साफ दिखाई नहीं देती और गाड़ी चलाते समय परेशानी बढ़ सकती है।
बारिश के दौरान पहले ही पानी की वजह से रास्ता ठीक से नजर नहीं आता। ऐसे में विंडस्क्रीन पर जमा फॉग विजिबिलिटी को और कम कर देती है। कई लोग इसे हटाने के लिए बार-बार शीशा पोंछते हैं लेकिन कुछ आसान तरीकों से इसे जल्दी साफ किया जा सकता है।
सबसे पहले डी-फॉगर का इस्तेमाल करें
अगर आपकी कार में डी-फॉगर का फीचर दिया गया है तो फॉग हटाने के लिए सबसे पहले उसे ऑन करें। डी-फॉगर विंडस्क्रीन पर जमा नमी को कम करने में मदद करता है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: E10 पेट्रोल पर सरकार ने साफ किया रुख, जानें क्यों नहीं होगी इसकी वापसी
इसे चालू करते ही शीशे पर जमी फॉग हटने लगती है। यह कार के अंदर और बाहर के तापमान के अंतर को कम करने में मदद करता है जिससे विंडस्क्रीन साफ हो जाती है।
एसी और ब्लोअर भी आएंगे काम
कार का एसी चलाकर भी केबिन के अंदर की नमी को कम किया जा सकता है। इससे शीशे पर जमा फॉग धीरे-धीरे हटने लगती है।
ब्लोअर का इस्तेमाल करते समय उसके एयरफ्लो को सीधे फ्रंट विंडस्क्रीन की तरफ रखें। गर्म या सूखी हवा शीशे पर पहुंचने से नमी की परत साफ होने लगती है और सामने का रास्ता बेहतर दिखाई देता है।
रिसर्कुलेशन मोड बंद रखें
बारिश के समय कार में रिसर्कुलेशन मोड बंद रखना बेहतर है। इसकी जगह फ्रेश एयर मोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे बाहर की हवा कार के अंदर आती है और केबिन में नमी ज्यादा जमा नहीं होती।
नमी कम रहने से विंडस्क्रीन पर बार-बार फॉग बनने की संभावना भी घट सकती है।
एंटी फॉग स्प्रे भी है एक विकल्प
फॉग से बचने के लिए बाजार में मिलने वाले एंटी फॉग स्प्रे का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसे विंडस्क्रीन पर लगाने से नमी की परत जल्दी जमने से रोकी जा सकती है।
इसके अलावा शीशे को साफ रखना भी जरूरी है क्योंकि गंदे शीशे पर फॉग और निशान जल्दी दिखाई देते हैं। विंडस्क्रीन साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है।
कार में गीले कपड़े रखने से बचें
बारिश में गीले कपड़े कार के अंदर रखने से केबिन में नमी बढ़ सकती है। यही नमी आगे चलकर विंडस्क्रीन पर फॉग बनने की वजह बनती है। इसलिए कोशिश करें कि कार के अंदर गीला सामान या कपड़े न रखें।

