बाइक की चेन पर दिख रहा है जंग? जानें घबराने की जरूरत है या नहीं और कैसे करें सही तरीके से सफाई
नई बाइक की चेन में हल्का रस्ट आना काफी हद तक नॉर्मल है, बशर्ते समय पर उसकी सही देखभाल कर ली जाए। आज हम आपको इस आर्टिकल में बताएंगे की बाइक की चेन पर जंग कैसे लग जाती है और आपका क्या करना चाहिए?

नई बाइक खरीदने के कुछ ही हफ्तों या महीनों बाद अगर चेन पर जंग (Rust) दिखने लगे, तो ज्यादातर लोग घबरा जाते हैं। लेकिन सच्चाई यह है कि नई बाइक की चेन में हल्का रस्ट आना काफी हद तक नॉर्मल है, बशर्ते समय पर उसकी सही देखभाल कर ली जाए। आज हम आपको इस आर्टिकल में बताएंगे की बाइक की चेन पर जंग कैसे लग जाती है और आपका क्या करना चाहिए?
नई बाइक की चेन में क्यों लगती है जंग?
1. फैक्ट्री लुब्रिकेशन सीमित होता है: नई बाइक की चेन पर फैक्ट्री से हल्का ग्रीस या ऑयल लगाया जाता है, जो ज्यादा दिनों तक टिकता नहीं है। 1-2 महीने में यह खत्म हो सकता है।
2. नमी और ओस का असर: सर्दियों में सुबह की ओस, बारिश या ज्यादा नमी चेन पर जंग का सबसे बड़ा कारण होती है, खासकर जब बाइक खुले में खड़ी रहती है।
3. वॉश के बाद चेन सूखी नहीं: कई बार बाइक धोने के बाद चेन को ठीक से सुखाया या लुब्रिकेट नहीं किया जाता, जिससे पानी रह जाता है और रस्ट बन जाता है।
4. लंबे समय तक लुब्रिकेशन न करना: अगर 500 से 700 किलोमीटर तक चेन लुब्रिकेशन नहीं किया गया है, तो नई चेन भी जल्दी रस्ट पकड़ सकती है।
क्या यह घबराने वाली बात है?
नहीं, अगर जंग सिर्फ ऊपर-ऊपर यानी सरफेस रस्ट तक सीमित है, चेन स्मूद तरीके से घूम रही है और चलाते समय कोई आवाज या जाम होने की समस्या नहीं आ रही है, तो चिंता करने की जरूरत नहीं है। यह एक सामान्य स्थिति हो सकती है, खासकर नमी या बारिश के संपर्क में आने के बाद चेन में जंग लग सकता है। सही तरीके से सफाई और लुब्रिकेशन करने पर यह पूरी तरह ठीक हो जाती है।
कब करें चिंता?
चिंता तब करनी चाहिए जब चेन के लिंक जाम होने लगें, बाइक चलाते समय असामान्य आवाज आने लगे या फिर चेन पर रस्ट बहुत गहरा और मोटा दिखाई दे। ऐसी स्थिति में चेन की परफॉर्मेंस और सेफ्टी दोनों प्रभावित हो सकती हैं, इसलिए इसे नजरअंदाज करना ठीक नहीं होता। समय रहते सही मेंटेनेंस या जरूरत पड़ने पर रिप्लेसमेंट कराना जरूरी हो जाता है।
ऐसे करें चेन की सफाई
चेन को साफ करने के लिए हमेशा एक अच्छा चेन क्लीनर (Chain Cleaner) स्प्रे का इस्तेमाल करें और उसे लगभग 5 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें, ताकि जमी हुई गंदगी और हल्की जंग ढीली हो जाए। इसके बाद सॉफ्ट ब्रश या टूथब्रश से हल्के हाथ से चेन को साफ करें। ध्यान रखें कि वायर ब्रश का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे चेन के O-ring और मेटल को नुकसान पहुंच सकता है।
धोने के बाद बाइक की चेन को अच्छी तरह सुखाना जरूरी है। इसके लिए सूखे माइक्रोफाइबर कपड़े से चेन को अच्छी तरह पोंछें और फिर 10-15 मिनट तक हवा में सूखने दें, ताकि नमी पूरी तरह निकल जाए।
इसके बाद सही लुब्रिकेशन करें। अच्छी क्वालिटी का Chain Lube इस्तेमाल करें और बाइक को सेंटर स्टैंड पर रखें। चेन के अंदरूनी हिस्से पर समान रूप से स्प्रे करें, क्योंकि वही हिस्सा सबसे ज्यादा मूवमेंट में रहता है। लुब्रिकेशन के बाद 20-30 मिनट तक बाइक न चलाएं, ताकि ल्यूब अच्छे से सेट हो जाए।
भविष्य में जंग से कैसे बचाएं?
चेन को जंग से बचाने के लिए हर 500-700 किलोमीटर पर नियमित रूप से लुब्रिकेशन करें। बारिश में बाइक चलाने के बाद उसी दिन चेन को साफ कर लुब्रिकेट करना बेहतर रहता है।
बाइक धोने के बाद भी चेन पर ऑयल या ल्यूब जरूर लगाएं, क्योंकि पानी से जंग जल्दी लगती है। अगर बाइक ज्यादा समय तक बाहर पार्क करनी पड़ती है, तो बाइक कवर का इस्तेमाल करें, इससे नमी और धूल से चेन सुरक्षित रहेगी।
बिल्कुल न करें ये गलतियां
चेन की सफाई और मेंटेनेंस के दौरान कुछ गलतियां बिल्कुल नहीं करनी चाहिए जैसे सफाई के लिए इंजन ऑयल डालना, डीजल या पेट्रोल से चेन साफ करना, हाई-प्रेशर वॉशर को बहुत पास से चलाना और चेन में जरूरत से ज्यादा ग्रीस भर देना- ये सभी आदतें चेन के O-ring को नुकसान पहुंचाती हैं और उसमें गंदगी जमा होने का खतरा बढ़ाती हैं।

