भारत की पहली हाइड्रोजन ट्रेन: पीएम मोदी 17 जुलाई को दिखाएंगे हरी झंडी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के जींद रेलवे स्टेशन से भारत की पहली हाइड्रोजन से चलने वाली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। यह स्वदेशी 10-कोच ट्रेन जींद और सोनीपत के बीच चलेगी और भारतीय रेलवे की स्वच्छ एवं हरित परिवहन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। यह ट्रेन हाइड्रोजन फ्यूल सेल तकनीक से संचालित होगी, जो ट्रेन के भीतर ही बिजली पैदा करती है। इसके संचालन के दौरान केवल जलवाष्प (Water Vapour) निकलती है, जिससे शून्य कार्बन उत्सर्जन (Zero Carbon Emissions) होता है। ट्रेन में 3,200 हॉर्सपावर का शक्तिशाली प्रोपल्शन सिस्टम लगाया गया है, जो इसे दुनिया की सबसे ताकतवर हाइड्रोजन ट्रेनों में शामिल करता है। इस परियोजना के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की सूची में शामिल हो जाएगा, जहां हाइड्रोजन ट्रेनें संचालित होती हैं। साथ ही इससे भारतीय रेलवे की जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम होगी, प्रदूषण में कमी आएगी और ट्रेनों के संचालन के दौरान होने वाला शोर भी घटेगा
