scorecardresearch

पुतिन भारत में, उधर जेलेंस्की का बड़ा बयान; बोले- मियामी G20 में मुलाकात को तैयार

रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच कूटनीतिक हल की उम्मीद फिर बढ़ी है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अगर व्लादिमीर पुतिन दिसंबर में मियामी G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होते हैं तो वह उनसे मिलने के लिए तैयार हैं। हालांकि रूस की ओर से पुतिन की मियामी यात्रा पर अभी अंतिम पुष्टि नहीं हुई है।

Advertisement
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की आमने-सामने मुलाकात अमेरिका में हो सकती है
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की आमने-सामने मुलाकात अमेरिका में हो सकती है

In Short

  • जेलेंस्की ने मियामी G20 में पुतिन से मिलने की इच्छा जताई है।
  • यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि बातचीत से ज्यादा ठोस नतीजे जरूरी हैं।
  • रूस ने अभी तक पुतिन की दिसंबर में मियामी यात्रा की पुष्टि नहीं की है।

रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म करने की कोशिशों के बीच एक बड़ा कूटनीतिक संकेत सामने आया है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि अगर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिसंबर में अमेरिका के मियामी में होने वाले G20 शिखर सम्मेलन में शामिल होते हैं, तो वह भी उनसे आमने-सामने मिलने के लिए तैयार हैं। जेलेंस्की ने साफ किया कि ऐसी बैठक का मकसद सिर्फ बातचीत करना नहीं, बल्कि ठोस फैसलों तक पहुंचना होना चाहिए।

advertisement

जेलेंस्की ने मुलाकात के लिए दिखाई तैयारी

जेलेंस्की ने एक इंटरव्यू में पुतिन से संभावित मुलाकात पर कहा कि दोनों नेताओं को मिलना चाहिए, बातचीत करनी चाहिए और फैसले लेने चाहिए। उनका जोर इस बात पर था कि केवल बयान या बातचीत की प्रक्रिया महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि उसका नतीजा सामने आना चाहिए। जेलेंस्की के इस बयान को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म कराने के लिए हाल के दिनों में कूटनीतिक कोशिशें फिर तेज हुई हैं।

दिसंबर में मियामी में होगा G20 सम्मेलन

साल 2026 का G20 नेताओं का शिखर सम्मेलन 14 और 15 दिसंबर को मियामी में आयोजित होना है। ऐसे में अगर पुतिन और जेलेंस्की दोनों वहां पहुंचते हैं तो युद्ध शुरू होने के बाद दोनों नेताओं के बीच आमने-सामने मुलाकात की संभावना बन सकती है। हालांकि अभी यह तय नहीं है कि पुतिन सम्मेलन में व्यक्तिगत रूप से हिस्सा लेंगे या नहीं।

पुतिन की मौजूदगी पर अब भी सवाल

रूस की ओर से अभी पुतिन की मियामी यात्रा को लेकर अंतिम पुष्टि नहीं की गई है। इससे पहले अमेरिका की ओर से संकेत दिया गया था कि रूस को G20 सम्मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा, लेकिन पुतिन की व्यक्तिगत भागीदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

युद्ध खत्म कराने की कोशिशें फिर तेज

रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध को समाप्त कराने के लिए अमेरिका और दूसरे देशों की ओर से लगातार बातचीत की कोशिशें की जा रही हैं। हाल में अमेरिकी दूतों ने दोनों पक्षों से संपर्क किया था और संभावित शांति वार्ता को लेकर कुछ प्रस्ताव भी सामने रखे गए थे। हालांकि अभी तक कोई निर्णायक सफलता नहीं मिली है।

अगर दिसंबर में पुतिन और जेलेंस्की की मुलाकात होती है तो यह मौजूदा युद्ध के बीच सबसे अहम कूटनीतिक घटनाओं में से एक हो सकती है। फिलहाल नजर इस बात पर रहेगी कि रूस पुतिन की G20 यात्रा को लेकर क्या फैसला करता है।