Delhi-NCR Weather: दिल्ली-एनसीआर में बारिश कब होगी? IMD ने बताई मौसम बदलने की तारीख
दिल्ली-एनसीआर, यूपी, हरियाणा और पंजाब में उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को जल्द राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बारिश लौटने की तारीख बता दी है। जानिए कब बदलेगा मौसम, किन राज्यों में होगी तेज बारिश और महाराष्ट्र के किन जिलों में जारी हुआ येलो अलर्ट।

In Short
- दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में 20-21 जुलाई को अच्छी बारिश का अनुमान है।
- महाराष्ट्र के मुंबई समेत कई जिलों में 16 जुलाई के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
उत्तर भारत के कई राज्यों में इन दिनों बारिश कमजोर पड़ गई है। दिल्ली-एनसीआर, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में दिन के समय तेज धूप निकल रही है, जबकि रात में उमस वाली गर्मी लोगों को परेशान कर रही है।
हालांकि, मौसम के इस रुख में जल्द बदलाव आने की उम्मीद है। 20 जुलाई के बाद उत्तर भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में मॉनसून दोबारा मजबूत हो सकता है।
अगले कुछ दिनों तक कम रहेगी बारिश
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत के मुताबिक, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में अगले कुछ दिनों तक ज्यादातर जगह मौसम सूखा रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर हो सकती है, लेकिन इससे गर्मी और उमस से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद कम है।
फिलहाल उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में अधिकतम तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। कई जगह हल्की बारिश हो रही है, लेकिन यह पर्याप्त नहीं है।
20 जुलाई के बाद बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, 20 जुलाई के बाद मॉनसून की ट्रफ दक्षिण की ओर मैदानी इलाकों के करीब खिसक सकती है। इसके बाद उत्तर-पश्चिम भारत के साथ मध्य भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
यूपी और दिल्ली में कब होगी बारिश?
IMD के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 19 से 21 जुलाई के दौरान पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 20 और 21 जुलाई को बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
ये खबर पढ़ना ना भूलें: El Nino Impact India: अल-नीनो का मॉनसून पर बड़ा असर, अगले 3 महीने इन राज्यों में कम बारिश का खतरा
21 जुलाई को इन इलाकों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं, उत्तराखंड और हिमालय क्षेत्र में 17 जुलाई से ही बारिश तेज होने की संभावना है। इस दौरान 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
पूर्वी भारत में जारी है बारिश
ओडिशा, छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के उत्तरी तटीय इलाकों में कम दबाव के कारण बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग और स्काईमेट दोनों ने 20 जुलाई के बाद उत्तर भारत में मॉनसून के मजबूत होने की उम्मीद जताई है।
महाराष्ट्र के कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने 16 जुलाई के लिए महाराष्ट्र के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें मुंबई, रत्नागिरी, पुणे, सातारा, अहिल्यानगर, धाराशिव, परभणी, जलना, हिंगोली, सिंधुदुर्ग, कोल्हापुर, सांगली, ठाणे, पालघर, रायगढ़, लातूर, नांदेड़, बीड और सोलापुर शामिल हैं।

