scorecardresearch

फसल को कब और कितनी खाद दें? महेश गिरधर ने बताया अच्छी पैदावार के लिए क्यों जरूरी है 4R फॉर्मूला

क्या ज्यादा खाद डालने से फसल की पैदावार बढ़ती है या इसके पीछे कोई दूसरा विज्ञान है? किसान तक एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस में महेश गिरधर ने खेती में संतुलित पोषण का महत्व समझाया। उन्होंने बताया कि मिट्टी की सेहत और फसल की जरूरत समझकर किसान कैसे बेहतर नतीजे पा सकते हैं।

Advertisement

In Short

  • 4R फॉर्मूला: महेश गिरधर ने बताया कि सही समय, सही मात्रा और सही जगह पर पोषण देना क्यों जरूरी है।
  • मिट्टी की जांच: खाद डालने से पहले मिट्टी के पोषक तत्व, pH और ऑर्गेनिक कार्बन की जानकारी जरूरी।
  • संतुलित पोषण: फसल के अलग-अलग विकास चरणों में नाइट्रोजन, फॉस्फोरस, पोटाश और माइक्रोन्यूट्रिएंट्स की अलग जरूरत।

खेती में अच्छी पैदावार पाने के लिए सिर्फ खाद डालना ही काफी नहीं है, बल्कि यह समझना भी जरूरी है कि फसल को किस समय, कितनी मात्रा में और कौन से पोषक तत्व चाहिए। किसान तक भारत एग्रीकल्चर कॉन्फ्रेंस 2026 के 'फसल के दोस्त: सही वक्त, सही मात्रा, सही चुनाव' सत्र में MAL के प्रेसिडेंट, एग्रीकल्चर सॉल्यूशन, महेश गिरधर ने स्मार्ट खेती और संतुलित पोषण के बारे में विस्तार से बताया।

advertisement

इंसान की तरह फसलों को भी चाहिए संतुलित आहार

महेश गिरधर ने फसलों के पोषण को इंसान के खानपान से जोड़कर समझाया। उन्होंने कहा कि जिस तरह हमारे शरीर को स्वस्थ रहने और अलग-अलग काम करने के लिए संतुलित आहार चाहिए, उसी तरह फसलों को भी सही पोषण की जरूरत होती है।

उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि हमारी थाली में रोटी, चावल, दाल, सब्जी, सलाद और छाछ जैसी अलग-अलग चीजें होती हैं। हर चीज शरीर की अलग जरूरत पूरी करती है। अगर कोई व्यक्ति सिर्फ एक ही चीज ज्यादा खाए और बाकी पोषक तत्वों की अनदेखी करे, तो उसका असर शरीर पर पड़ सकता है। यही बात खेती पर भी लागू होती है।

धान की खेती से समझाया पोषण का गणित

महेश गिरधर ने धान की फसल का उदाहरण देते हुए बताया कि किसान चाहता है कि पौधे में ज्यादा और स्वस्थ कल्ले निकलें, हर कल्ले पर अच्छी बाली आए और दानों का वजन भी ज्यादा हो।

इसके लिए फसल की अलग-अलग अवस्थाओं में अलग पोषक तत्वों की जरूरत होती है। शुरुआती विकास के दौरान नाइट्रोजन और फॉस्फोरस की भूमिका होती है, जबकि आगे चलकर पोटाश की जरूरत पड़ती है।

उन्होंने बताया कि सूक्ष्म पोषक तत्व यानी माइक्रोन्यूट्रिएंट्स भी बेहद जरूरी हैं। इनकी जरूरत भले ही कम मात्रा में हो, लेकिन कमी होने पर दूसरे पोषक तत्वों का पूरा फायदा फसल को नहीं मिल पाता।

खाद डालने से पहले मिट्टी की जांच क्यों जरूरी?

महेश गिरधर के मुताबिक, स्मार्ट खेती की शुरुआत मिट्टी की सही जानकारी से होती है। किसान को पता होना चाहिए कि उसकी जमीन में कौन-कौन से पोषक तत्व मौजूद हैं और किनकी कमी है।

इसके लिए मिट्टी में ऑर्गेनिक कार्बन, pH और इलेक्ट्रिकल कंडक्टिविटी जैसी चीजों की जांच जरूरी है। साथ ही यह समझना भी जरूरी है कि फसल की किस अवस्था में कितने पोषण की जरूरत होगी।

क्या है स्मार्ट खेती का 4R फॉर्मूला?

महेश गिरधर ने बताया कि 4R सिद्धांत का मकसद सही पोषक तत्व का चुनाव, सही मात्रा, सही समय और सही जगह पर उसका इस्तेमाल करना है।

इसके लिए मिट्टी की जांच, फसल की जरूरत और वैज्ञानिक जानकारी के आधार पर पोषण का पूरा शेड्यूल तैयार करना चाहिए।

advertisement

उन्होंने जोर देकर कहा कि खेती में असली मकसद सिर्फ खाद या कोई प्रोडक्ट डालना नहीं, बल्कि फसल को उसकी जरूरत के हिसाब से सही पोषण देना होना चाहिए।