scorecardresearch

UP International Trade Show 2026 का आगाज, 2400 से ज्यादा प्रदर्शक और 6 लाख विजिटर्स जुटेंगे

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में देश-विदेश के कारोबारियों और विजिटर्स का बड़ा जमावड़ा देखने को मिलेगा। ग्रेटर नोएडा में होने वाले इस आयोजन में यूपी के उत्पाद, नए ब्रांड और कई क्षेत्रों की तकनीक को वैश्विक मंच मिलेगा।

Advertisement

In Short

  • यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 2,400 से ज्यादा प्रदर्शक और 6 लाख से अधिक B2B-B2C विजिटर्स के आने की उम्मीद।
  • अमित शाह करेंगे ट्रेड शो का शुभारंभ, ग्रेटर नोएडा में यूपी के उत्पादों और विदेशी कारोबारियों के लिए बड़ा मंच तैयार।
  • - IT, इलेक्ट्रॉनिक्स, EV, कृषि, ODOP, स्टार्टअप, खाद्य प्रसंस्करण समेत कई क्षेत्रों के उत्पाद होंगे प्रदर्शित।


उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण की शुरुआत आज से ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होने जा रही है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज इस ट्रेड शो का शुभारंभ करेंगे। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

25 से 29 सितंबर तक चलेगा ट्रेड शो

उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक किया जाएगा। इस बड़े कारोबारी मंच में उत्तर प्रदेश के उत्पादों के साथ-साथ वैश्विक कारोबार की झलक देखने को मिलेगी। ट्रेड शो में 2,400 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। वहीं, 1.5 लाख से अधिक B2B और 4.5 लाख से अधिक B2C विजिटर्स के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है।

कई देशों की रहेगी भागीदारी

यह ट्रेड शो 1.10 लाख वर्ग मीटर क्षेत्रफल में आयोजित किया जा रहा है। इसमें जापान, रूस, सिंगापुर, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और बेलारूस समेत कई देशों की भागीदारी रहेगी। आयोजन के जरिए यूपी के उत्पादों और उभरते ब्रांड्स को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने की कोशिश की जाएगी।

advertisement
Image Credit : Aaj Tak


इन क्षेत्रों के प्रोडक्ट होंगे प्रदर्शित

ट्रेड शो में कई अलग-अलग क्षेत्रों के प्रोडक्ट दिखाए जाएंगे। इसमें IT-इलेक्ट्रॉनिक्स, EV, कृषि, ODOP, स्टार्टअप, शिक्षा, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य, आयुष, पर्यटन, कपड़ा और चमड़ा जैसे क्षेत्र शामिल हैं।

निवेश और नए आइडिया को मिलेगा बढ़ावा

इस ट्रेड शो का मकसद निवेश, व्यापार और नए आइडिया को बढ़ावा देना है। यहां होने वाले सत्रों में सहयोग, नवाचार और दुनिया के अनुभवों को साझा करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।  

इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए उत्तर प्रदेश की लोक परंपराओं और विरासत को भी दिखाया जाएगा। इससे यूपी की संस्कृति और उत्पादों को एक साथ पेश करने का मौका मिलेगा।

कारोबारियों और आम लोगों के लिए अलग-अलग समय

ट्रेड शो में कारोबार से जुड़े लोगों के लिए प्रवेश का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा। वहीं आम लोगों के लिए प्रवेश दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक रखा गया है। इस आयोजन में कारोबार, निवेश और उत्पादों के प्रदर्शन के लिए एक बड़ा मंच तैयार किया गया है।