यूपी के सरकारी कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने 2% बढ़ाया DA - मई से बढ़कर आएगी सैलरी
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बढ़े हुए महंगाई भत्ते का कैश भुगतान मई 2026 के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा। इससे राज्य के हजारों कर्मचारियों की सैलरी में सीधा इजाफा होगा।

DA Hike News: यूपी सरकार ने राज्य के कर्मचारियों के लिए महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है। सरकार के नए आदेश के मुताबिक कर्मचारियों को 1 जनवरी 2026 से 2 प्रतिशत अधिक की दर से महंगाई भत्ता मिलेगा। इस बढ़ोतरी के बाद महंगाई भत्ता 58% से बढ़कर 60% हो गया है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बढ़े हुए महंगाई भत्ते का कैश भुगतान मई 2026 के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा। इससे राज्य के हजारों कर्मचारियों की सैलरी में सीधा इजाफा होगा।
जनवरी से अप्रैल तक का एरियर अलग तरीके से मिलेगा
आदेश के अनुसार जनवरी 2026 से अप्रैल 2026 तक के बकाया महंगाई भत्ते को कैश में नहीं दिया जाएगा। इस राशि को कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते, पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) या नेशनल सेविंग्स सर्टिफिकेट (NSC) के रूप में जमा कराया जाएगा। सरकार ने कहा कि इस व्यवस्था का उद्देश्य कर्मचारियों को लंबी अवधि की बचत का लाभ देना है।
NPS कर्मचारियों के लिए अलग प्रावधान
राष्ट्रीय पेंशन योजना (NPS) से जुड़े कर्मचारियों के लिए भी खास व्यवस्था की गई है। सरकार के मुताबिक, बकाया राशि का एक हिस्सा कर्मचारियों के टियर-1 पेंशन खाते में जमा किया जाएगा। बाकी रकम PPF या NSC के रूप में दी जाएगी।
रिटायर कर्मचारियों को कैश भुगतान
सरकार ने यह भी साफ किया है कि जो कर्मचारी रिटायर हो चुके हैं या अगले छह महीने में रिटायर होने वाले हैं, उन्हें बकाया राशि का पूरा भुगतान कैश में किया जाएगा। इससे रिटायरमेंट के करीब पहुंच चुके कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

