
यूपी में चुनाव से पहले ही सीटों पर घमासान! सहयोगी दलों की बढ़ती मांग से BJP की बढ़ी टेंशन
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए के सहयोगी दलों के बीच सीटों को लेकर सियासी खींचतान शुरू हो गई है। ओम प्रकाश राजभर और संजय निषाद के बीच बढ़ते विवाद ने बीजेपी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ऐसे में जानिए सहयोगी दलों की मांग और बीजेपी के सामने क्या चुनौती है।

In Short
- ओम प्रकाश राजभर ने विधानसभा चुनाव से पहले तीन सीटों पर ठोका दावा।
- संजय निषाद ने किसी भी कीमत पर अतरौलिया सीट छोड़ने से किया इनकार।
- सहयोगी दलों की ज्यादा सीटों की मांग ने बढ़ाई बीजेपी की मुश्किलें।
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए में सबकुछ ठीक नहीं दिख रहा है। चुनाव की तैयारियों के बीच सहयोगी दल अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने में जुट गए हैं। ऐसे में बीजेपी के सामने सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने की चुनौती बढ़ती नजर आ रही है। इसकी सबसे बड़ी वजह सीटों के बंटवारे को लेकर सहयोगी दलों के बीच बढ़ती खींचतान है।
राजभर ने तीन सीटों पर ठोका दावा
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (SBSP) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने अब तक तीन विधानसभा सीटों पर दावा किया है। उन्होंने आजमगढ़ की अतरौलिया सीट से अपने बेटे अरुण राजभर को उम्मीदवार घोषित किया है। इसके अलावा वह खुद अंबेडकर नगर की अकबरपुर सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं। साल 2022 में इस सीट पर बीजेपी के धर्मराज निषाद को राम अचल राजभर ने हराया था। राजभर ने जहूराबाद सीट से भी अपनी पार्टी के चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, जहां से वह फिलहाल विधायक हैं।
अतरौलिया सीट पर क्यों बढ़ा विवाद?
साल 2022 के विधानसभा चुनाव में अतरौलिया सीट निषाद पार्टी के खाते में थी। यहां से पार्टी के उम्मीदवार इंजीनियर प्रशांत को समाजवादी पार्टी के संग्राम सिंह ने करीब 17 हजार वोटों से हराया था। इस बार सीटों का बंटवारा होने से पहले ही अरुण राजभर ने यहां चुनाव प्रचार शुरू कर दिया है।
संजय निषाद बोले- नहीं छोड़ेंगे अतरौलिया सीट
यूपी के मत्स्य पालन मंत्री और निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने साफ कहा है कि वह किसी भी कीमत पर अतरौलिया सीट नहीं छोड़ेंगे। उनका कहना है कि सहयोगी दल अपनी मर्जी से दूसरे दलों की सीटों पर दावा नहीं कर सकते। सीटों के बंटवारे का अंतिम फैसला बीजेपी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ही करेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि ऐसे दावे जारी रहे तो उन्हें भी कोई फैसला लेना पड़ेगा।

बीजेपी के सामने बढ़ी चुनौती
संजय निषाद ने अमित शाह से मुलाकात की है। वहीं, ओम प्रकाश राजभर ने बीजेपी नेतृत्व से मुलाकात का समय मांगा और अपने दोनों बेटों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी मिले। अपना दल (एस) की अनुप्रिया पटेल और राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के जयंत चौधरी भी ज्यादा सीटें चाहते हैं। ऐसे में बीजेपी अपने मौजूदा विधायकों को नाराज किए बिना सहयोगी दलों के उम्मीदवारों को अपने चुनाव चिह्न पर उतार सकती है।
2022 में कैसा रहा था प्रदर्शन?
साल 2022 में बीजेपी ने 376, अपना दल (एस) ने 17 और निषाद पार्टी ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ा था। उस समय सपा के साथ रहे आरएलडी ने 33 और एसबीएसपी ने 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था।
अपना दल (एस) ने 12 सीटें जीतकर सबसे ज्यादा 70.59 फीसदी स्ट्राइक रेट हासिल किया था। बीजेपी ने 255 सीटें जीती थीं और उसका स्ट्राइक रेट 67.82 फीसदी था। वहीं, निषाद पार्टी का स्ट्राइक रेट 60 फीसदी, एसबीएसपी का 31.58 फीसदी और आरएलडी का 24.24 फीसदी रहा था।


