TVS परिवार में संपत्ति का विवाद! डेढ़ साल तक पिता से गुहार लगाती रहीं लक्ष्मी वेणु, आखिर क्यों पहुंचीं कोर्ट?
टीवीएस परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर कानूनी लड़ाई शुरू हो गई है। लक्ष्मी वेणु के वकील ने बिजनेस टुडे से बातचीत में कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि अदालत का दरवाजा खटखटाने से पहले लक्ष्मी ने विवाद सुलझाने के लिए क्या-क्या कोशिशें की थीं।

In Short
- संपत्ति के बंटवारे को लेकर मद्रास हाईकोर्ट पहुंचीं लक्ष्मी वेणु
- डेढ़ साल तक आपसी बातचीत से विवाद सुलझाने की कोशिश
- 5 और 95 फीसदी की कथित हिस्सेदारी को लेकर उठे सवाल
टीवीएस परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। उद्योगपति वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट का रुख किया है। इस बीच लक्ष्मी वेणु के वकील और वरिष्ठ अधिवक्ता सी आर्यमा सुंदरम ने खुलासा किया है कि लक्ष्मी पिछले करीब डेढ़ साल से इस विवाद को आपसी बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश कर रही थीं। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद कोई समाधान नहीं निकलने पर उन्होंने अदालत जाने का फैसला किया।
यह पूरा विवाद संपत्ति पर उत्तराधिकार के अधिकार और वेणु श्रीनिवासन के परिवार में संपत्ति के कथित असमान बंटवारे से जुड़ा है। लक्ष्मी ने उस संपत्ति के बंटवारे की मांग की है, जिसे वह संयुक्त पारिवारिक संपत्ति मानती हैं।
कोर्ट नहीं जाना चाहती थीं लक्ष्मी वेणु
बिजनेस टुडे को दिए इंटरव्यू में सुंदरम ने बताया कि लक्ष्मी ने अपने पिता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू करने से पहले विवाद सुलझाने के हर संभव रास्ते को अपनाया। उन्होंने दस्तावेज मांगे, सीधे बातचीत की और मध्यस्थता के जरिए भी समाधान निकालने की कोशिश की।
सुंदरम ने कहा कि लक्ष्मी वेणु कभी नहीं चाहती थीं कि उन्हें इस मामले को लेकर अदालत जाना पड़े। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को लक्ष्मी के लिए बेहद दुखद बताया।
5 और 95 फीसदी हिस्सेदारी को लेकर विवाद
सुंदरम के मुताबिक, करीब 18 महीने पहले सार्वजनिक तौर पर सामने आई जानकारियों के बाद लक्ष्मी की चिंता बढ़ गई थी। इन जानकारियों से संकेत मिल रहे थे कि संपत्ति के बंटवारे में लक्ष्मी को सिर्फ 5 फीसदी हिस्सेदारी मिलेगी, जबकि उनके भाई सुदर्शन वेणु को 95 फीसदी हिस्सा मिलेगा।
इसके बाद लक्ष्मी ने अपने पिता से पारिवारिक संपत्ति के बंटवारे से जुड़े दस्तावेज और जानकारियां मांगनी शुरू कीं।
मां ने भी की विवाद सुलझाने की कोशिश
सुंदरम ने बताया कि डेढ़ साल तक लक्ष्मी अपने पिता से यह जानने की गुहार लगाती रहीं कि पारिवारिक संपत्ति को लेकर क्या व्यवस्था की गई है।
लक्ष्मी की मां और ट्रैक्टर्स एंड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (TAFE) की चेयरमैन मल्लिका श्रीनिवासन ने भी इस विवाद को सुलझाने की पूरी कोशिश की। हालांकि, उनके प्रयासों के बावजूद बातचीत में कोई प्रगति नहीं हुई।
16 नवंबर को पिता को भेजा था नोटिस
बातचीत से कोई समाधान नहीं निकलने के बाद लक्ष्मी ने 16 नवंबर को अपने पिता को संपत्ति के बंटवारे से जुड़ा नोटिस भेजा था। इसमें उन्होंने पारिवारिक संपत्ति का निष्पक्ष और कानून के मुताबिक बंटवारा करने की मांग की थी।
इसके 10 दिन के भीतर ही उन्होंने अदालत में मुकदमा दायर कर दिया। लक्ष्मी का आरोप है कि नोटिस के जवाब में न तो उनकी मांगों का समाधान किया गया और न ही आपसी सहमति से विवाद खत्म करने का कोई रास्ता निकला।


