ईरान पर भड़के ट्रंप, बोले अब कोई डील नहीं करनी, मिडिल ईस्ट में बढ़ी हलचल
ईरान को लेकर डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने मिडिल ईस्ट में तनाव और बढ़ा दिया है। ट्रंप ने साफ कहा कि वह ईरान से कोई नई डील नहीं चाहते। पढ़ें पूरी खबर।

In Short
- ट्रंप ने कहा कि वह ईरान के साथ कोई नई डील नहीं करना चाहते और समझौते को खत्म मानते हैं।
- ट्रंप ने दावा किया कि ईरान ने जहाजों पर रॉकेट दागे, जिसके जवाब में अमेरिका ने हमला किया।
- US सेंट्रल कमांड ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, रडार साइट्स और IRGC नावों पर हमले की पुष्टि की।
Trump On Iran Deal: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर एक बार फिर बेहद तीखा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि वह ईरान के साथ किसी भी तरह की नई डील नहीं करना चाहते। ट्रंप के मुताबिक, ईरान के साथ समझौते का दौर अब खत्म हो चुका है।
मीडिया से बातचीत के दौरान ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि ईरानी “बीमार लोग” हैं और वह उनसे कोई लेन-देन नहीं करना चाहते। ट्रंप ने यह भी कहा कि उनके हिसाब से ईरान के साथ समझौता अब खत्म हो गया है।
क्या खत्म हो गया सीजफायर?
NATO प्रमुख मार्क रूट के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप से पूछा गया कि क्या ईरान के साथ सीजफायर खत्म हो गया है और 14-पॉइंट वाला MoU अब बेअसर हो गया है। इस सवाल पर ट्रंप ने कहा कि उनके हिसाब से यह खत्म हो चुका है। उन्होंने कहा कि वह ईरानियों से कोई डील नहीं करना चाहते।
ट्रंप ने ईरान की लीडरशिप पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि ईरान की अगुवाई ऐसे लोग कर रहे हैं, जिनकी सोच बीमार है। ट्रंप ने उन्हें क्रूर और हिंसक भी बताया।
अमेरिकी हमलों पर क्या बोले ट्रंप?
तेहरान के खिलाफ हाल में हुए अमेरिकी हमलों पर बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने ईरान के खतरनाक लोगों पर जोरदार हमला किया। उनके मुताबिक, अमेरिका ने पहले उन्हें अंतिम संस्कार की तैयारी करने को कहा था, लेकिन इसके बजाय ईरान ने जहाजों पर रॉकेट दागना शुरू कर दिया। ट्रंप ने कहा कि इसी वजह से अमेरिका ने उन पर कड़ी कार्रवाई की।
मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव
ट्रंप के बयान से साफ है कि मिडिल ईस्ट में तनाव कम होने के बजाय और बढ़ता दिख रहा है। उन्होंने दोहराया कि वह ईरान के साथ आगे कोई समझौता नहीं चाहते और अब इस मामले में आगे बढ़ने की जरूरत है।
नाटो और स्पेन पर भी निशाना
ईरान के अलावा ट्रंप ने NATO, ग्रीनलैंड और स्पेन को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि NATO में अमेरिका अपनी हिस्सेदारी से ज्यादा भुगतान कर रहा है और अमेरिका के साथ नाइंसाफी हो रही है। ग्रीनलैंड को उन्होंने अमेरिका के लिए बड़ा रणनीतिक सवाल बताया।
स्पेन को लेकर ट्रंप ने कहा कि वह स्पेन के साथ कोई कारोबार नहीं करना चाहते। उन्होंने स्पेन को NATO का बेहद खराब साझेदार भी बताया।
US-ईरान तनाव फिर बढ़ा
अमेरिका के सेंट्रल कमांड ने भी ईरान के खिलाफ नए हमलों की पुष्टि की है। बयान के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने ईरान के एयर डिफेंस सिस्टम, कमांड नेटवर्क, तटीय रडार साइटों, एंटी-शिप मिसाइल क्षमताओं और IRGC की 60 से ज्यादा छोटी नावों को निशाना बनाया।
अमेरिका का कहना है कि ये हमले उन घटनाओं के जवाब में किए गए, जिनमें ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से गुजर रहे कमर्शियल जहाजों को कथित तौर पर निशाना बनाया था।

