scorecardresearch

राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर पहली बार बोले पंकज चौधरी, दोषियों को लेकर कह दी बड़ी बात

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती को लेकर उठे विवाद पर यूपी बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच कराई जा रही है और यदि किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement
AI Generated Image

अयोध्या के राम मंदिर में हाल ही में चढ़ावे की गिनती को लेकर उठे विवाद के बीच यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने पहली बार खुलकर अपनी बात रखी है। आजतक से एक्सक्लूसिव बातचीत में पंकज चौधरी ने कहा कि सरकार चढ़ावे की गिनती की जांच करवा रही है। गिनती में किसी तरह की गड़बड़ी हुई है तो दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

advertisement

पंकज चौधरी ने साफ कहा कि यह मामला सीधे सरकार का नहीं, बल्कि मंदिर ट्रस्ट का है। हालांकि जांच पूरी गंभीरता से कराई जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसे बख्शेंगे नहीं, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर-बुंदेलखंड के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे चौधरी ने आजतक से बातचीत में राम मंदिर विवाद, 2027 विधानसभा चुनाव, सपा-कांग्रेस गठबंधन, PDA राजनीति और भाजपा संगठन से जुड़े कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।

राम मंदिर चढ़ावे विवाद पर क्या बोले पंकज चौधरी?

हाल के दिनों में राम मंदिर में आने वाले चढ़ावे की गिनती को लेकर सवाल उठे थे। इस पर चौधरी ने कहा कि चढ़ावे की गिनती रिजर्व बैंक की निगरानी में होती है और पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में कराई जाती है। अगर कोई दोषी पाया गया तो बख्शा नहीं जाएगा।

2027 में बीजेपी किसके चेहरे पर लड़ेगी चुनाव?

यूपी की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 का विधानसभा चुनाव बीजेपी योगी आदित्यनाथ के चेहरे पर लड़ेगी या संगठन के दम पर। इस सवाल पर चौधरी ने कहा कि बीजेपी की परंपरा हमेशा सामूहिक लीडरशिप की रही है। पार्टी किसी एक व्यक्ति के भरोसे नहीं, बल्कि पूरे संगठन की ताकत पर चुनाव लड़ती है। 2027 का चुनाव भी सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: 'इंजीनियर' या सिर्फ 12वीं पास? निशांत कुमार की पढ़ाई को लेकर नया विवाद, RJD ने उठाए बड़े सवाल

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर साधा निशाना

पंकज चौधरी ने विपक्षी गठबंधन पर हमला बोलते हुए कहा कि 2024 के चुनाव में विपक्ष ने लोगों को गुमराह करने की कोशिश की थी, लेकिन अब जनता सब समझ चुकी है।

उन्होंने दावा किया कि उसके बाद हुए कई चुनावों में बीजेपी को जीत मिली है और जिन इलाकों को विपक्ष का मजबूत गढ़ माना जाता था, वहां भी पार्टी ने अच्छा प्रदर्शन किया है। उनके मुताबिक यूपी की जनता बीजेपी के विकास मॉडल के साथ खड़ी है।

जब उनसे पार्टी के भीतर मतभेद और अंतर्कलह को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसे बड़े संगठन का स्वाभाविक हिस्सा बताया। उन्होंने कहा कि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी पॉलिटिकल पार्टी है। इतने बड़े संगठन में छोटी-मोटी बातें होना सामान्य है। हमारा मुख्य काम कार्यकर्ताओं की बात सुनना और समस्याओं का समाधान निकालना है।

advertisement

PDA राजनीति पर विपक्ष कर रहा गुमराह

समाजवादी पार्टी लगातार PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक राजनीति को लेकर बीजेपी पर सवाल उठाती रही है। इस पर चौधरी ने कहा कि पिछड़े वर्ग को सबसे ज्यादा सम्मान बीजेपी ने दिया है।

ये खबर पढ़ना ना भूलें: जोजिला टनल में ऐतिहासिक सफलता! 14 किमी लंबे सुरंग का पूरा हुआ ब्रेकथ्रू- अब साल भर खुला रहेगा लद्दाख का रास्ता

उन्होंने कहा कि वह खुद पिछड़े समाज से आते हैं और बीजेपी में हर स्तर पर पिछड़े वर्ग को सम्मान व जिम्मेदारी देती है। चाहे पीएम नरेंद्र मोदी की कैबिनेट हो या राज्यों की सरकारें, पिछड़े वर्ग की भागीदारी पहले से कहीं ज्यादा बढ़ी है। उनका कहना है कि सिर्फ नारे लगाने से सामाजिक न्याय नहीं होता, उसे जमीन पर लागू भी करना पड़ता है और यह काम सिर्फ बीजेपी ही कर रही है।