scorecardresearch

PM मोदी ने नेपाल के लिए खोला खजाना! करोड़ों के पैकेज के साथ किए कई बड़े ऐलान

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह की पहली भारत यात्रा में कई बड़े ऐलान हुए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी मुलाकात में विकास, रेलवे और ऊर्जा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा हुई. दोनों देशों के रिश्तों को नई दिशा देने वाली इस बैठक में क्या खास रहा और कौन से बड़े फैसले लिए गए? जानिए पूरी खबर.

Advertisement

In Short

  • नेपाल के लिए बड़ा ऐलान: पीएम मोदी ने 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की.
  • नई ट्रेन सेवा की शुरुआत: अयोध्या से जनकपुर के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस को हरी झंडी, 28 नवंबर से नियमित सेवा.
  • भारत-नेपाल के रिश्तों पर फोकस: ऊर्जा, जलविद्युत परियोजनाओं, रेलवे और इंफ्रास्ट्रक्चर पर दोनों प्रधानमंत्रियों के बीच अहम बातचीत.

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह अपनी पहली राजकीय यात्रा पर भारत पहुंचे हैं. इस दौरे को भारत और नेपाल के रिश्तों के लिए काफी अहम माना जा रहा है. दोनों देशों के बीच लंबे समय से धार्मिक, सांस्कृतिक और व्यापारिक संबंध रहे हैं. अब इन रिश्तों को और मजबूत करने की कोशिश की जा रही है. आइए जानते हैं कि बालेन शाह के इस दौरे में क्या-क्या खास रहा और दोनों देशों के बीच किन मुद्दों पर बात हुई.

advertisement

PM मोदी ने किया ₹24,000 करोड़ के पैकेज का ऐलान

सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक हुई. इस दौरान पीएम मोदी ने नेपाल के लिए 24,000 करोड़ नेपाली रुपये के विकास पैकेज की घोषणा की. उन्होंने नेपाल में आई बाढ़ में जान गंवाने वाले लोगों को श्रद्धांजलि भी दी.

राष्ट्रपति भवन में हुआ भव्य स्वागत

भारत पहुंचे बालेन शाह का राष्ट्रपति भवन में भव्य स्वागत किया गया. प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है. इससे पहले रविवार शाम विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी बालेन शाह से मुलाकात की थी.

ऊर्जा और रेलवे समेत इन मुद्दों पर हुई बात

दोनों प्रधानमंत्रियों की बैठक में ऊर्जा, जलविद्युत परियोजनाओं, रेलवे, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर खास फोकस रहा. बातचीत का मकसद दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाना और विकास से जुड़ी योजनाओं को आगे ले जाना था.

अयोध्या से जनकपुर के लिए नई ट्रेन

पीएम मोदी और बालेन शाह ने अयोध्या-जनकपुर के बीच चलने वाली 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' को वर्चुअली हरी झंडी दिखाई. यह ट्रेन 28 नवंबर से नियमित रूप से चलेगी. अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर का सफर करीब 19 घंटे में पूरा होगा. यह साप्ताहिक ट्रेन सेवा होगी.

राजघाट पहुंचे बालेन शाह, गांधीजी को दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात से पहले बालेन शाह राजघाट पहुंचे. यहां उन्होंने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की. उन्होंने कहा कि गांधीजी के जीवन ने साबित किया है कि सत्य की ताकत दुनिया की किसी भी ताकत से बड़ी होती है.

बालेन शाह

'मैं गौतम बुद्ध की जन्मभूमि से आया हूं'

बालेन शाह ने कहा कि वह गौतम बुद्ध की जन्मभूमि से आए हैं. उन्होंने महात्मा गांधी की विरासत को शांति का संदेश देने वाली बताया. उनके मुताबिक, करुणा सबसे बड़ी ताकत है और सच्चे नेतृत्व का मतलब समाज के सबसे कमजोर लोगों की बिना किसी स्वार्थ के सेवा करना है.

भारत-नेपाल के रिश्तों के लिए क्यों अहम है दौरा?

बालेन शाह की दो दिवसीय यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब दोनों देश आर्थिक विकास, बेहतर बुनियादी सुविधाओं और नई टेक्नोलॉजी पर जोर दे रहे हैं. इसके अलावा प्राकृतिक आपदाओं और क्लाइमेट चेंज जैसी चुनौतियों से निपटना भी दोनों देशों की प्राथमिकताओं में शामिल है. इस मुलाकात से भारत और नेपाल के रिश्तों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है.

advertisement