Parle ने लॉन्च की Melody Tiramisu, पीएम मोदी और जॉर्जिया मेलोनी के वायरल 'Melodi' मोमेंट से मिला आइडिया
Parle ने अपनी मशहूर Melody टॉफी को एक नए और खास फ्लेवर में लॉन्च किया है। इसका कनेक्शन भारत और इटली की दोस्ती से जुड़े वायरल ‘Melodi’ मोमेंट से है। लिमिटेड समय के लिए आई इस टॉफी की पैकेजिंग और फ्लेवर दोनों ही लोगों का ध्यान खींच रहे हैं।

In Short
- Parle ने वायरल ‘Melodi’ मोमेंट से inspired होकर लिमिटेड एडिशन Melody Tiramisu टॉफी लॉन्च की है।
- नई टॉफी में क्लासिक चॉकलेट-कैरेमल की जगह तिरामिसू inspired कॉफी फ्लेवर दिया गया है।
- 180 ग्राम का यह खास पैक फिलहाल केवल Blinkit पर सीमित समय के लिए उपलब्ध है।
पीएम नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी से जुड़ा वायरल ‘मेलोडी’ मोमेंट अब एक नई टॉफी के रूप में बाजार में पहुंच गया है। पारले प्रोडक्ट्स ने भारत और इटली की दोस्ती को सेलिब्रेट करते हुए मेलोडी तिरामिसू लॉन्च की है। इस लिमिटेड एडिशन टॉफी में मेलोडी की पुरानी पहचान के साथ इटली के मशहूर डेजर्ट का स्वाद जोड़ा गया है। आइए जानते हैं कि यह खास टॉफी कैसे बनी, इसका फ्लेवर क्या है और इसे कहां से खरीदा जा सकता है।
ब्लिंकिट पर मिल रही मेलोडी तिरामिसू
पारले प्रोडक्ट्स की मेलोडी तिरामिसू टॉफी फिलहाल केवल ब्लिंकिट पर उपलब्ध कराई गई है। इसके पैक पर “सेलिब्रेटिंग इंडिया-इटली फ्रेंडशिप” लिखा गया है। यह एक लिमिटेड एडिशन प्रोडक्ट है, इसलिए इसे सिर्फ कुछ महीनों तक ही खरीदा जा सकेगा। ब्लिंकिट पर इसके 180 ग्राम वाले पैक को कॉफी कैंडी की कैटेगरी में रखा गया है।
मोदी और मेलोनी के वायरल मोमेंट से आया आइडिया
इस खास टॉफी का कनेक्शन पीएम नरेंद्र मोदी और इटली की पीएम जॉर्जिया मेलोनी के वायरल मोमेंट से है। मई 2026 में रोम दौरे के दौरान पीएम मोदी ने मेलोनी को मेलोडी टॉफी का एक पैकेट गिफ्ट किया था। इसके बाद मेलोनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए मेलोडी को “वेरी वेरी गुड टॉफी” बताया था।
फिर चर्चा में आया ‘मेलोडी’ ट्रेंड
मोदी और मेलोनी के नाम को जोड़कर बना ‘मेलोडी’ शब्द सोशल मीडिया पर पहले से काफी पॉपुलर था। यह ट्रेंड पहली बार दुबई में हुए सीओपी28 क्लाइमेट समिट के दौरान ज्यादा चर्चा में आया था, जब जॉर्जिया मेलोनी ने खुद हैशटैग मेलोडी का इस्तेमाल किया था। मेलोडी टॉफी वाले वीडियो के बाद यह ट्रेंड एक बार फिर तेजी से वायरल हो गया।
क्लासिक चॉकलेट की जगह मिला तिरामिसू फ्लेवर
नई मेलोडी तिरामिसू में कंपनी ने क्लासिक चॉकलेट और कैरेमल फ्लेवर की जगह तिरामिसू से इंस्पायर्ड कॉफी फ्लेवर दिया है। तिरामिसू इटली का मशहूर डेजर्ट है। इसी वजह से यह नया फ्लेवर भारत और इटली की दोस्ती से जुड़ी पूरी थीम के साथ फिट बैठता है।
1983 से लोगों की पसंद बनी हुई है मेलोडी
मेलोडी को भारत में साल 1983 में लॉन्च किया गया था। इसके अंदर भरी चॉकलेट और बाहर की कैरेमल लेयर ने इसे बच्चों और बड़ों के बीच पहचान दिलाई। इसकी मशहूर टैगलाइन “मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?” भी लंबे समय से लोगों के बीच काफी पॉपुलर है। अब तिरामिसू फ्लेवर के जरिए इस पुरानी टॉफी को एक नया ट्विस्ट दिया गया है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने ऐसे किया रिएक्ट
नई मेलोडी तिरामिसू लॉन्च होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई। कई यूजर्स ने इसे पॉप कल्चर, डिप्लोमेसी और ब्रांड नॉस्टैल्जिया का स्मार्ट कॉम्बिनेशन बताया। एक यूजर ने लिखा कि जब मार्केटिंग, प्रोडक्ट डेवलपमेंट, सर्विस और लीडरशिप की टीमें एक साथ काम करती हैं, तब ऐसा प्रोडक्ट सामने आता है।
एक अन्य यूजर ने मजाक में लिखा कि वह अपने परिवार की पहली जेनरेशन है, जिसने किसी चॉकलेट की मार्केटिंग दो देशों के पीएम के जरिए होते देखी है। वहीं, एक और यूजर ने लिखा कि दोस्ती इतनी शानदार है कि मेलोडी वालों ने नया फ्लेवर ही बना दिया।

