Nvidia के लिए जेनसन हुआंग का जाना सबसे बड़ा संकट नहीं! Bloomberg ने बताया कहां से बढ़ सकती हैं मुश्किलें
Nvidia के CEO जेनसन हुआंग से जुड़े विवाद और उनकी संभावित विदाई की खबरों के बीच Bloomberg Intelligence की रिपोर्ट में बड़ा दावा किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी के लिए CEO का बदलना सबसे बड़ी परेशानी नहीं है। आखिर Nvidia के बिजनेस पर कौन से दो खतरे मंडरा रहे हैं और आने वाले वर्षों में कंपनी की कमाई पर कितना असर पड़ सकता है? जानिए।

In Short
- Nvidia के लिए CEO की विदाई से बड़ा खतरा नए सौदों की धीमी रफ्तार और चीन की सख्त जांच।
- Bloomberg के मुताबिक, Nvidia का बोर्ड नए CEO के संभावित उम्मीदवारों की तलाश में जुटा।
- जेनसन हुआंग के जाने से FY27 और FY28 की कमाई के अनुमानों पर असर नहीं पड़ने की उम्मीद।
दुनिया की दिग्गज चिप बनाने वाली कंपनी Nvidia इन दिनों अपने CEO जेनसन हुआंग (Jensen Huang) से जुड़े विवाद के कारण चर्चा में है। कंपनी में नेतृत्व बदलने की अटकलें तेज हैं। लेकिन Bloomberg Intelligence की रिपोर्ट के मुताबिक, Nvidia के लिए सबसे बड़ा खतरा CEO का जाना नहीं, बल्कि नए बिजनेस सौदों की रफ्तार धीमी पड़ना और चीन से जुड़ी जांच का सख्त होना है।
Nvidia के सामने सबसे बड़ा खतरा क्या है?
Bloomberg के मुताबिक, Bloomberg Intelligence के एनालिस्ट कुंजन सोभानी (Kunjan Sobhani) का मानना है कि Nvidia के लिए आने वाले समय में नए बिजनेस समझौतों की रफ्तार और चीन से जुड़े मामलों में बढ़ती जांच ज्यादा बड़ी चुनौती बन सकती है।
उनके मुताबिक, जेनसन हुआंग के पद छोड़ने की स्थिति में कंपनी के मैनेजमेंट और नए CEO को लेकर सवाल जरूर उठेंगे, लेकिन इससे कंपनी की कमाई पर तुरंत बड़ा असर पड़ने की आशंका कम है।
नए CEO की तलाश में Nvidia का बोर्ड?
Bloomberg ने मामले की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति के हवाले से बताया कि Nvidia का बोर्ड एक बाहरी फर्म के साथ मिलकर नए CEO के संभावित उम्मीदवारों की पहचान कर रहा है।
यह कदम जेनसन हुआंग के कथित अफेयर से जुड़ी रिपोर्ट्स के बाद उठाया गया है। इनमें एक ऐसी महिला के साथ रिश्ते का आरोप भी शामिल है, जिस पर चीन के लिए जासूसी करने का शक जताया गया है। हालांकि, ये आरोप अभी साबित नहीं हुए हैं।
कंपनी की कमाई पर कितना असर पड़ेगा?
Bloomberg Intelligence के मुताबिक, जेनसन हुआंग के कंपनी छोड़ने से वित्त वर्ष 2027 और 2028 के लिए Nvidia की कमाई के अनुमान बदलने की जरूरत नहीं होगी।
इसकी वजह यह है कि कंपनी के पास पहले से चिप सप्लाई, ग्राहकों और नए प्रोडक्ट्स से जुड़े कई बड़े समझौते मौजूद हैं। ये समझौते कंपनी की 70% ग्रोथ के अनुमान को सहारा देते हैं।
अमेरिका और चीन के रिश्तों पर भी नजर
रिपोर्ट के मुताबिक, अगले हफ्ते अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात होने वाली है। लेकिन जासूसी से जुड़े आरोपों ने दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ने की आशंका पैदा कर दी है।
ऐसे में Nvidia के लिए असली चुनौती सिर्फ नए CEO का चुनाव नहीं, बल्कि चीन से जुड़े जोखिमों को संभालना और नए बिजनेस समझौतों की रफ्तार बनाए रखना भी है।

